
आज बिहार के चुनाव का अंतिम दौर है और अबतक जो मतदान के आंकड़े रहे हैं वे लगभग 50 प्रतिशत थे। आशा है कि आज भी उतना ही होगा। यहां मतदान के आंकड़ों पर बहस नहीं की जा रही है बल्कि मकसद है उसके नतीजों से। भारतीय चुनावों की बेहद प्रतिस्पर्धात्मक दुनिया में लोग जिस.. हवा.. की बुनियाद पर विश्लेषण करते हैं, वह कभी भी अपनी दिशा बदल सकती है। लेकिन तमाम वैधानिक चेतावनियों के बावजूद यहां जोखिम उठाया जा रहा है और एक पूर्वानुमान है कि नीतीश कुमार बिहार में भारी बहुमत के साथ लौट रहे हैं।
जिन्होंने बिहार को हाल में नहीं देखा या बिहारीपन को शिद्दत से महसूस नहीं किया है वे नहीं समझ सकते हैं। बिहार में फिलहाल कोई ..हवा.. या ..मंद बयार.. नहीं बह रही है, वहां तकरीबन एक ..आंधी.. का मंजर है, जो लगता है कि इस राज्य के राजनीतिक समाजशास्त्र को नए सिरे से लिख डालेगा। नीतीश की आंधी ने न केवल लालू, बल्कि राहुल गांधी की कांग्रेस को भी किनारे कर दिया है। अगर पिछले साल उत्तरप्रदेश ने हिंदी पट्टी में कांग्रेस के भाग्योदय का संकेत दिया था तो अब बिहार इसकी पुष्टि कर सकता है कि पैराशूट पॉलिटिक्स की अपनी सीमाएं हैं। राहुल गांधी की मुट्ठी भर रैलियां किसी जमीनी सियासी संगठन की भरपाई नहीं कर सकतीं। नीतीश कुमार ने राजनीति का नया.. एसएसएस.. रचा है : ..सड़क, शिक्षा, सुरक्षा..। जगमगाते हाईवे और पक्की गंवई सड़कें अब बिहार का नया गौरव हैं।
नौवीं क्लास में पढऩे वाली लड़कियों के लिए साइकिलें महिला सशक्तीकरण का प्रतीक बन गयी हैं। लेकिन बीते पांच सालों के नीतीश राज की सबसे बड़ी उपलब्धि है कानून-व्यवस्था। बॉलीवुड बिहार को चोरों और अपहर्ताओं की धरती बताकर उसका मखौल उड़ाता रहा, लेकिन नीतीश ने उसे गलत साबित कर दिया है। राज्य में फैले गिरोहों में से कई धर लिए गये हैं और कई गुमशुदा हैं। अब किसी गैंगस्टर को गिरफ्तार करने से पहले पुलिस अफसरों को मुख्यमंत्री के घर फोन नहीं लगाना पड़ता।
अबसे बारह-तेरह साल पहले जानेमाने लेखक और पत्रकार अरविंद एन दास ने लिखा था, ..बिहार विल राइज फ्राम इट्स ऐशेज.. यानी बिहार अपनी राख में से उठ खड़ा होगा।
एक बिहारी की नजर से उसे पढ़ें तो वो एक भविष्यवाणी नहीं एक प्रार्थना थी। लगभग पिछले एक वर्ष में जिन्हें बिहार जाने का मौका मिला हो वे यकीन के साथ कह सकते हैं बिहार में सब कुछ बदल चुका है और बिहार भी ..शाइनिंग इंडिया.. की चमक से दमक रहा है। परेशानियां अभी भी हैं, लोगों की शिकायतें भी हैं लेकिन कुछ नया भी है। अर्थव्यवस्था तरक्की के संकेत दे रही है। हर दूसरा व्यक्ति कानून व्यवस्था को खरी- खोटी सुनाता हुआ या अपहरण उद्योग की बात करता नहीं दिखायी पड़ रहा है।
दोपहर को स्कूल की छुट्टी के बाद साइकिल पर सवार होकर घर लौटती छात्राएं मानो भविष्य के लिए उम्मीद पैदा कर रही हैं। डॉक्टर मरीजों को देखने घर से बाहर निकल रहे हैं। उन्हें ये डर नहीं है कि निकलते ही कोई उन्हें अगवा न कर ले। किसान खेती में पैसा लगाने से झिझक नहीं रहा है क्योंकि बेहतर सड़क और बेहतर कानून व्यवस्था अच्छे बाजारों तक उसकी पहुंच बढ़ा रही है। कम शब्दों में कहूं तो लगा मानो बिहार में उम्मीद को इजाजत मिलती नजर आ रही है। इस चुनाव में नीतीश कुमार समेत सभी राजनीतिक खिलाडिय़ों के लिए बहुत कुछ दांव पर है। लालू-राबड़ी दंपत्ति का पूरा राजनीतिक भविष्य इस चुनाव से तय हो सकता है।
लेकिन बिहारियों के लिए दांव पर है उम्मीद। उम्मीद कि शायद अब बिहार का राजनीतिक व्याकरण उनकी जात नहीं विकास के मुद्दे तय करेंगे, उम्मीद कि बिहारी होने का मतलब सिर्फ भाड़े का मजदूर बनना नहीं रहेगा, उम्मीद कि भारत ही नहीं दुनिया के किसी कोने में बिहारी कहलाना मान की बात होगी। और नीतीश कुमार का अर्थ है एक उम्मीद, वह उम्मीद जिसकी इजाजत बिहारियों को पिछले पांच वर्षों में मिली है। 
Sunday, November 21, 2010
बिहार का चुनाव खत्म और एक कयास
Posted by pandeyhariram at 1:35 AM 0 comments
Labels: bihar election
पी एम चुप हैं, पी एम ओ मुखर

सुप्रीम कोर्ट ने प्रधानमंत्री पर टिप्पणी की है वह भी घोटाले से जुड़े ऐसे मामले पर जिस पर देश भर की निगाहें हैं। आजाद भारत के इतिहास में ऐसा शायद ही हुआ है और उससे भी विचित्र है कि प्रधानमंत्री जी चुप हैं। उनकी ओर से ना कोई सफाई दी जा रही है और ना ही कोई बचाव किया जा रहा है।
2जी स्पेक्ट्रम घोटाले को लेकर सुब्रह्मण्यम स्वामी की याचिका पर विचार करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर बिल्कुल सीधी और प्रतिकूल टिप्पणी की है। स्वामी ने सितंबर 2008 में कई मजबूत सबूतों, दलीलों और नजीरों के साथ 2 जी घोटाले को लेकर तत्कालीन दूरसंचार मंत्री ए. राजा के खिलाफ मुकदमा चलाने की इजाजत प्रधानमंत्री से मांगी थी। प्रधानमंत्री कार्यालय से उनके पास जवाब लगभग दो साल बाद अक्टूबर 2010 में आया, जिसमें कहा गया है कि सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है, लिहाजा मंत्री पर मुकदमा चलाने की अनुमति मांगना अपरिपक्व (प्रीमैच्योर) है। अदालत ने इस जवाब और इसके आने में हुई देरी, दोनों का ही संज्ञान लेते हुए सरकार को याद दिलाया है कि किसी मंत्री के खिलाफ इजाजत देने या इससे मना करने की अवधि अधिकतम तीन महीना तय की गई है।
करीब डेढ़ दशक पहले हवाला मामले पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने तीन महीने की अवधि इस बात को ध्यान में रखते हुए निर्धारित की थी कि मुकदमे की इजाजत को इससे ज्यादा लटकाना सुशासन की दृष्टि से उचित नहीं होगा। अदालत ने कहा है कि ठोस सबूतों की रोशनी में प्रधानमंत्री तय अवधि में मुकदमा चलाने की इजाजत दे सकते थे, या इन्हें निराधार बताते हुए इजाजत देने से साफ मना कर सकते थे। सत्ता पक्ष को समझना चाहिए कि अभी तक इस मामले को वह जितनी गंभीरता से ले रहा था, देश के जनमानस में उससे कहीं ज्यादा गंभीर शक्ल यह ले चुका है। 2 जी प्रकरण में इतने सारे पेच हैं कि सरकार और प्रधानमंत्री इस पर जितनी खामोशी बरतेंगे, अफवाहों का बवंडर उतना ही तेज होता जाएगा। सवाल यहां प्रधानमंत्री की व्यक्तिगत ईमानदारी या उनकी मंशा पर नहीं है। सरकार चलाने से जुड़ी उनकी राजनीतिक मजबूरियों से भी सभी वाकिफ हैं।
यहां सवाल है कि क्या रिपोर्ट को संसद में रख देने मात्र से सरकार के कर्तव्य की इतिश्री हो जाती है? विपक्ष की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की मांग को खारिज करते हुए सरकार कह रही है कि रिपोर्ट सीएजी की अन्य रिपोर्टो की तरह लोकलेखा समिति (पीएसी) के पास जाएगी, जिसमें सभी दलों का प्रतिनिधित्व है। इसका मतलब है कि सरकार इसे एक रूटीन मामला मान रही है जबकि यह रिपोर्ट एक संवैधानिक संस्था के द्वारा स्वतंत्र भारत के एक सबसे बड़े घोटाले का दस्तावेजी खुलासा है। उधर, जेपीसी के माध्यम से जांच की विपक्षी मांग में राजनीति ज्यादा दिखाई देती है, व्यवस्था को भ्रष्टाचार से मुक्त करने की व्यग्रता कम। आखिर बोफोर्स और प्रतिभूति घोटालों में जेपीसी जांच का अनुभव क्या हमारे सामने नहीं है?
अब वक्त आ गया है जब अपनी असंदिग्ध ईमानदारी के लिए प्रतिष्ठित प्रधानमंत्री को निर्णायक कदम उठाना चाहिए और देश को बताना चाहिए कि सरकार नुकसान की भरपाई व दोषियों को कठघरे में खड़ा करने के लिए क्या कर रही है? अन्यथा अभी केवल सर्वोच्च न्यायालय राजा के खिलाफ जांच की अनुमति देने के मामले में उनके कार्यालय की खामोशी पर सवाल उठा रहा है, आने वाले दिनों में सारा देश इतने बड़े घोटाले के दौरान व उसके बाद उनकी निष्क्रियता और चुप्पी पर सवाल उठाएगा। 
Posted by pandeyhariram at 1:25 AM 0 comments
कहीं तो लगाम लगे?

देश में बाजारवाद और मुक्त व्यापार के कारण बहुतों के पास ढेर सारा पैसा आ गया है। पैसे के साथ विलास की प्रकृति ने जोर पकड़ लिया है। इसके कारण एक बड़ा वर्ग बड़ी - बड़ी गाडिय़ों का उपयोग करने लगा है। इन गाडिय़ों में ईंधन की खपत बेतहाशा है ओर पर्यावरण को भी ये गाडिय़ां हानि पहुंचाती हैं। यह एक तरह से आपराधिक भोगवाद है। आज बाजारवादी अर्थव्यवस्था अपने तमाम अंतरविरोधों के साथ तेज रफ्तार से बढ़ रही है। पूंजी संचय से निर्देशित बाजार विकास के अपने मानक और नेतृत्व के नए प्रतीक गढ़ रहा है। वैश्वीकरण के इस दौर में हमारे सार्वजनिक जीवन के लोकप्रिय नाम और व्यक्तित्व बाजारी उत्पादों के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं। लेकिन विडम्बना यह है कि इन ब्रांड अम्बेसडरों का आम लोगों की जरूरतों और उनके सामाजिक सरोकारों से दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं है। ब्रांड अम्बेसडर चाहे वे सिलवर स्क्रीन के महानायक हों या खेल के मैदान के हीरो, दिनभर किसी न किसी कंपनी का साबुन, टूथ पेस्ट, शैम्पू, अंतर्वस्त्र, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल, कार, चॉकलेट, बिस्किट, सौंदर्य प्रसाधन सामग्री आदि तरह-तरह की चीजें बेचते हुए दिख जाएंगे। अपने उत्पादों को बाजार में स्थापित करने के लिए समाज के लोकप्रिय और आकर्षक नामों का इस्तेमाल कॉरपोरेट विकास की विवशता है। भोगवाद को बढ़ाने में अपना भरपूर योगदान करने वाले इन ब्रांड एम्बेसडरों के प्रकटीकरण की यह परिघटना हालांकि पूरी तरह अर्थशास्त्रीय है, इसके बावजूद इसका एक पहलू राजनीतिक भी है।
अर्थशास्त्रीय कारणों के अलावा राजनीतिक नेतृत्व की विफलता भी ग्लैमर की दुनिया के इन बड़े नामों के बड़े ब्रांड अम्बेसडर या लोकप्रिय बनने में सहायक होती है। दरअसल हमारी मौजूदा राजनीति ऐसे आदर्श गढऩे में नाकाम रही है जो समाज के नये नायक या महानायक बना सकें। भ्रष्टाचार और घपलों-घोटालों के रंग में रंगी भारतीय राजनीति की इसी नाकामी का फायदा उठाकर निगमीकृत विकास की ताकतें फिल्मों और खेलों के नायकों की लोकप्रियता का दोहन कर रही हैं। भोगवाद कितनी तेज रफ्तार से बढ़ रहा है, इसे सिर्फ एक ही उदाहरण से समझा जा सकता है।
1991 के पहले देश में सालाना डेढ़ लाख मोटर कारें बिकती थीं, जबकि आज उनकी मासिक औसतन बिक्री एक लाख है। 1991 तक देश में फिएट और अम्बेसडर के अलावा सिर्फ मारुति कार बनती थी, जबकि आज दुनिया की लगभग हर बड़ी कंपनी भारत में गाडिय़ां बना रही हैं।
दुनिया के तमाम छोटे-छोटे देशों की जितनी कुल जनसंख्या है उससे कहीं ज्यादा तो हमारे देश में हर वर्ष मोबाइल फोन कनेक्शन बढ़ जाते हैं। इन आंकड़ों के सहारे तो हम कह सकते हैं कि इंडिया..शाइनिंग.. कर रहा है। लेकिन तस्वीर का दूसरा पहलू कुछ और ही कहानी कहता है। योजना आयोग द्वारा गठित सुरेश तेंदुलकर कमेटी ने देश में गरीबी का जो नया अनुमान पेश किया है उसके मुताबिक 37 फीसदी से ज्यादा भारतीय गरीबी की रेखा के नीचे जी रहे हैं। इससे पहले असंगठित क्षेत्र के उद्यमों से संबंधित राष्ट्रीय आयोग इस नतीजे पर पहुंचा था कि 78 फीसदी लोग 20 रुपए या उससे कम में रोजाना गुजारा करते हैं। यह सारी विषमता भोगवाद का ही परिणाम है।
दरअसल हमारे ऋषियों, संतों, भक्त कवियों, दार्शनिकों और यहां तक कि हमारे राष्ट्रीय आंदोलन के गांधी जैसे नायकों ने भी अपनी ऐतिहासिक सीमाओं में कोशिशें कीं कि भारत के लोगों में विवेक और आत्म पहचान पैदा हो। लेकिन ये कोशिशें नहीं फलीं, क्योंकि लोगों की भावनाओं, निष्ठाओं और सामूहिकता का समाज के शासक वर्ग ने अंधविश्वास और भोगवाद के पक्ष में इस्तेमाल किया। उन्हें झुण्ड से ऊपर कभी उठने ही नहीं दिया। देश की जनता आज भी एक भावुक प्रजा है। उसे कोई भी स्वार्थी शासक या बहुराष्ट्रीय कंपनी अपने चमत्कारी आकर्षण के तिलस्म से जकड़ सकती है। यह मानना उचित नहीं होगा कि देश का शासक वर्ग खासतौर से दुष्ट है। वह लगभग उतना ही अच्छा या बुरा है जितने देश के अन्य लोग। उसमें उससे ज्यादा भोग की इच्छा है जितना भोग लोकतांत्रिक रूप से उचित है। यह इच्छा भारत की नौकरशाही को भी भ्रष्ट बनाती है और चुनाव प्रणाली को भी। देश के आम उत्पादन स्तर और शासक वर्ग के भोग स्तर में कोई संतुलन नहीं है। इस असंतुलन के रहते न तो किसी प्रकार की राजनीति सफल हो सकती है और न कोई भी समाज पूर्ण रूप से सुखी हो सकता है। 
Posted by pandeyhariram at 1:14 AM 1 comments
Labels: बाजारवाद, मुक्त व्यापार, वैश्वीकरण
अब क्या?
दूरसंचार मंत्री ए राजा ने 2 जी स्पेक्ट्रम घोटाले पर इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे के बाद वे यह बताना चाहते थे कि उन्होंने संसद में शोर मचाने और काम काज रोकने का अवसर विपक्षी दलों के हाथों से छीन लिया। वैसे विपक्ष भी कम नहीं है। भाजपा अड़ी है कि इस्तीफे से काम नहीं चलेगा। कामनवेल्थ गेम्स घोटाला, टेलीकॉम घोटाला और आदर्श सोसायटी के मसलों की जांच के लिये जब तक संयुक्त संसदीय समिति (जे पी सी) का गठन नहीं होगा तब तक वह चैन से नहीं बैठेगी और शांति से संसद को चलने नहीं देगी। हालांकि खुद संसदीय समिति की उपयोगिता पर सवाल उठता आया है। इसमें कोई शक नहीं कि इतने बड़े घोटाले में सिर्फ एक मंत्री के इस्तीफे से बात नहीं बनने वाली। लोगों को पता चलना चाहिए कि किन लोगों की सांठगांठ से बहुमूल्य 2 जी स्पेक्ट्रम को इतना सस्ता बेच दिया गया। इसका फायदा किन लोगों को मिला, और इस सिलसिले में उनसे कुछ रिकवरी की जा सकती है या नहीं।
इन सारे सवालों की पड़ताल के लिए जेपीसी एक कारगर हथियार हो सकती है, लेकिन अभी तत्काल इसको गठित कर दिया जाना इतना जरूरी नहीं है कि इसे मुद्दा बनाकर संसद न चलने दी जाए। लोकसभा में सत्तापक्ष के नेता प्रणव मुखर्जी का यह कहना भी वाजिब है कि बीजेपी नेता मुरली मनोहर जोशी की अध्यक्षता वाली लोक लेखा समिति (पीएसी) इस संबंध में अभी तक ज्ञात सारे तथ्यों की छानबीन कर सकती है।
सरकार 2 जी स्पेक्ट्रम से संबंधित सीएजी की रिपोर्ट को पीएसी के पास भेजेगी और विपक्ष को आर-पार की लड़ाई में जाने से पहले उसकी राय आने का इंतजार करना चाहिए। यह रिपोर्ट अभी सार्वजनिक नहीं हुई है, लिहाजा कोई भी दावे के साथ नहीं कह सकता कि इसमें स्पेक्ट्रम घोटाले से सरकारी खजाने को कुल कितना नुकसान हुआ बताया गया है।
इसके बावजूद कहने वाले इसी रिपोर्ट को आधार बनाकर 1 लाख 76 हजार करोड़ रुपये का घोटाला कर लिए जाने की बात इस तरह कह रहे हैं, जैसे यह कोई प्रामाणिक तथ्य हो। दरअसल, भड़काऊ बयानों और आकाशीय आंकड़ों से सिर्फ कुछ गिने-चुने राजनेताओं की गोटी लाल होती है। आम आदमी के लिए इनका महत्व व्यवस्था के प्रति अविश्वास बढ़ाने के सिवाय और कुछ नहीं होता।
संसद को अगर मामले की जड़ तक पहुंचना है तो उसे सीएजी की रिपोर्ट और सीबीआई की जांच-पड़ताल के अलावा ए. राजा की इस सफाई पर भी गौर करना चाहिए कि उन्होंने स्पेक्ट्रम की बिक्री के दौरान पहले से चली आ रही नीतियों का पालन करने के अलावा और कुछ नहीं किया है।
दाल में कुछ काला है, इसे साबित करने के लिए आकाश-पाताल एक करना जरूरी नहीं है। सस्ते में खरीदा गया स्पेक्ट्रम कुछ कंपनियों ने जिस तरह महंगे दामों पर बेचा, या नीरा राडिया जैसे दलालों की टेपित बातचीत में सौदों के जो ब्यौरे सुनने को मिले, उसके बाद राजा के लिए खुद को पाक-साफ बताने की कोई गुंजाइश नहीं थी।
यह सब प्रमाण है कि भ्रष्टाचार को लेकर हमारी राजनीति किस कदर संवेदनहीन हो चुकी है। मुश्किल से ही कोई पार्टी बची है जिसका इस संवेदनहीनता में साझा न हो। 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में सीएजी ने सरकारी खजाने को 1.76 लाख करोड़ रुपए के नुकसान का आकलन किया है।
चह्वाण और कलमाडी के बाद हफ्तेभर में यह तीसरा इस्तीफा है। कांग्रेस इन्हें इस तरह प्रस्तुत कर रही है कि ये राजनीति की शुचिता में उसके विश्वास की अभिव्यक्ति हैं। इस आत्मवंचना के बजाय पार्टी और उसके नेतृत्व वाले गठबंधन को देखना चाहिए कि यह नौबत क्यों आ रही है कि भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे उनके नेताओं को एक के बाद एक इस्तीफे देने पड़ रहे हैं। 
Posted by pandeyhariram at 1:09 AM 0 comments
Thursday, November 11, 2010
चलो पहला कदम तो उठा

कारण चाहे जो हो सरकार ने भ्रष्टाचार और घोटालों के दो बड़े आरोपियों को बाहर का रास्ता दिखा कर लगता है दांडिक नीति को लागू करने की दिशा में कदम उठाया है। पार्टी ने विवादों में घिरे अपने मुख्यमंत्री अशोक चह्वाण का इस्तीफा दिलवाने के साथ-साथ राष्ट्रमंडल खेलों में भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण का पर्याय बन चुके सुरेश कलमाड़ी को भी संसदीय दल के सचिव पद से हटा दिया है। जाहिरा तौर पर आदर्श को-ऑपरेटिव घोटाले में न तो चह्वाण अकेले पापी हैं, न राष्ट्रमंडल खेलों के घोटाले में कलमाड़ी। 
उम्मीद करनी चाहिए कि विवादों में आए बाकी नामों के बारे में भी जल्दी फैसला आएगा। अदालती फैसला आने में तो समय लगेगा तथा उसमें कैद और दंड वसूली जैसे कदम भी उठाए जाते हैं, पर राजनीतिक और सार्वजनिक फैसला तो पार्टी और सत्ता के शीर्ष पर बैठे लोगों के कारण होता है। देश के प्रधानमंत्री बहुत सज्जन व्यक्ति भले हों, पर आज देश में अपने गठजोड़ के कलंकित सदस्यों के प्रति उनकी उदासीनता को उनकी दार्शनिक गहराई का प्रमाण मानकर संतुष्ट होने वाले बहुत लोग नहीं मिलेंगे। हमारी तरक्की की फोर्ब्स सूची से लेकर जिनेवा तक अमीरों की दुनिया में भले ही कितने चर्चे क्यों न हो रहे हों, नेतृत्व में भ्रष्टाचारनिरोध की इच्छा या क्षमता को लेकर आज एक घोर निराशा पूरे देश में व्याप्त है। जनता को लग रहा है कि फिलहाल स्वयं उसके लिए परिस्थिति को खुद बदलने के सब रास्ते बंद हैं। मजबूत विकल्प के अभाव में कांग्रेस को ठुकराकर देश मध्यावधि चुनाव से नई पार्टी को नहीं चुन सकता और कांग्रेस स्पष्टत: मझधार में अपने गठजोड़ के घोड़े बदलने की इच्छुक नहीं दीखती, अश्वमेध तो दूर की बात है। 
लोकतांत्रिक राजनीति के दायरे के बाहर हर समय लुआठी लिए अरुंधती राय या गिलानी सरीखे लोगों के घर फूंक विकल्प भी कोई समझदार लोकतंत्र स्वीकार नहीं कर सकता, क्योंकि सारे रास्ते बंद हैं और अगला आम चुनाव अभी दूर है। घूम-फिरकर इस उम्मीद पर भारत की जनता कायम है कि मनमोहन सिंह की सरकार ही कुछ कठोर फैसले लेगी। अशोक चह्वाण और कलमाड़ी को बाहर का रास्ता दिखा कर लगता है सरकार ओर पार्टी ने इस दिशा में कदम उठाया है।
गेम्स घोटाला और आदर्श सोसायटी प्रकरण वर्तमान शासन की दो बड़ी खामियों के प्रतीक हैं। जनता के बीच गेम्स घोटाले की जांच की अविश्सनीयता साबित करती है कि जांच बिठाने वाले नेतृत्व का निजी तौर से ईमानदार होना ही काफी नहीं है। उसे अपने जांच तंत्र में भी पारदर्शी नैतिकता कायम रखने के लिए प्रामाणिक तौर से दृढ़ दिखना होगा। आज लगभग पूरा तंत्र भ्रष्टाचारी नेताओं, बाबुओं तथा ठेकेदारों के गिरोहों के कब्जे में है और भ्रष्टाचार हटाने के लिए कोई भी दूरगामी सुसंगत योजना बनाना और फिर उसे ईमानदारी से लागू करना नामुमकिन हो गया है। दोनों खामियां अलग - थलग भी नहीं हैं। 
Posted by pandeyhariram at 11:13 PM 0 comments
ओबामा की यात्रा का कोई लाभ नहीं मिला

अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा तीन दिन भारत में रहे और इस दौरान पूरे देश की निगाहें उन पर रहीं और देशवासी उम्मीद करते रहे कि वे पाकिस्तान के बारे में कुछ ऐसा कहेंगे जो भारत को सकारात्मक लगेगा। पर उन्होंने ऐसा कहना तो दूर कुछ ऐसे संकेत भी नहीं दिये। आतंकवाद दोनों का कॉमन मुद्दा था, लेकिन दोनों की स्थितियों में अंतर है। ओबामा जब मुंबई के ताज होटल पहुंचे, तो उन्होंने 26/11 की घटना पर अफसोस जताया, लेकिन पाकिस्तान का नाम लेने से वे साफ बच गये। उन्होंने तालिबान, अल कायदा और अफगानिस्तान-पाकिस्तान सीमाओं पर आतंक के खात्मे पर खास बल दिया, लेकिन भारत में होने वाली सीमापार आतंकी गतिविधियों की चर्चा से बच गये। उनकी असल चिंता अफगानिस्तान-पाकिस्तान सीमा पर चल रही गतिविधियों की है, न कि भारत-पाक सीमा पर चल रही गतिविधियों को लेकर। वह पाकिस्तान को अब भी अपने प्रमुख सहयोगी के रूप में स्वीकार करते हैं। ऐसे में समझ नहीं आता कि आखिर अमरीका, भारत का रणनीतिक साझेदार कैसे हो गया? हालांकि, इस यात्रा का अंत धमाकेदार रहा, क्योंकि ओबामा ने भारतीय सांसदों को संबोधित करते हुए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता के भारत के दावे का समर्थन किया। बहरहाल, अमरीका पाकिस्तान और चीन को भी साझेदार के रूप में देखता है। वास्तव में, इन दोनों मुल्कों के साथ उसकी सालाना रणनीतिक बैठक होती है, जिसमें से चीन के साथ होने वाली बैठक को काफी बड़ा आयोजन माना जाता है। इसलिए किसी को यह नहीं सोचना चाहिए कि ओबामा ने चीन और पाकिस्तान के खिलाफ जाकर भारत का समर्थन करने का फैसला किया है। बजाय इसके, वह चाहते हैं कि मौजूदा विवादों और तल्खी के पार जाकर सभी चारों देशों के लिए आगे की राह बेहतर बनायी जाय। उनका यह रवैया भारतीयों को रास नहीं आएगा, जो चाहते हैं कि पाकिस्तान को आतंकवादी देश करार दिया जाए। 
ओबामा ने पाकिस्तान में बैठे कुछ तत्वों की आलोचना तो की है, लेकिन वह पाकिस्तान को पूरी अहमियत देते हैं क्योंकि इस्लामी आतंकवाद के खिलाफ अमरीकी जंग में वह अहम सहयोगी देश है। वह इस्लामी आतंक के हर पहलू के खिलाफ खूब बोलते हैं, लेकिन भारत के लिए खतरा बनने वालों की तुलना में उन पर उनका ज्यादा ध्यान रहता है, जिनसे अमरीका को खतरा है। यह सही है कि वह पाकिस्तान और चीन के माथे पर बल डालने वाले कदम के तहत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सीट का समर्थन कर रहे हैं, लेकिन वह अफगान- तालिबान के साथ समझौता भी कर सकते हैं, जिससे भारत को परेशानी होगी।
इससे यही सबक मिलता है कि भारत और अमरीका साझेदार हैं, दोस्त नहीं। उनके हितों के कुछ तत्व एक-दूसरे से मिलते-जुलते हैं, लेकिन उनके हित पूरी तरह एक नहीं हैं। ओबामा ने खुद संसद में भी इसे स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि ईरान और म्यांमार में लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों के दमन के मुद्दे पर भारत काफी नरम रुख दिखाता रहा है। दोनों देशों के बीच मतभेदों का एक नाटकीय उदाहरण साल 2003 में सामने आया था, जब भारतीय संसद ने इराक पर अमरीकी हमले के खिलाफ एक सर्वदलीय प्रस्ताव पारित किया। अमरीका के साथ पाकिस्तान की दोहरी नीति से सभी वाकिफ हैं। पाकिस्तान, भारत के खिलाफ आतंकवाद का इस्तेमाल करता है और अफगानिस्तान में तालिबान को दोबारा मजबूत करना चाहता है। इसके बावजूद अमरीकी हथियारों, सामग्री और सैनिकों के अफगानिस्तान पहुंचने का इकलौता जरिया भी पाकिस्तान मुहैया कराता है, लिहाजा अमरीका के लिए उसका सामरिक महत्व भी है। इसके अलावा वह अब खुद भी इस्लामी आतंकवाद का शिकार बन गया है। हालांकि, इसके बावजूद आतंकवादी समूहों के लिए उसकी ओर से मदद अब भी जारी है।
यही बात भारत की सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता के संदर्भ में कही जा सकती है। उनके मुताबिक, अमरीका चाहता है कि भारत को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य होना चाहिए। जबकि इससे पहले वाशिंगटन में वह कह चुके थे कि संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी सदस्यता का मुद्दा पेचीदा है। दरअसल भारत का सुरक्षा परिषद में पहुंचना अकेले अमरीका के ही बस की बात नहीं है। केवल अमरीका के कहने से न तो सुरक्षा परिषद का विस्तार हो पाएगा और न ही भारत को स्थायी सीट प्राप्त हो पाएगी। हां, अलग से कुछ शर्तें ओबामा ने अवश्य ही जोड़ दी हैं, जिन्हें पूरा कर पाना भारत के बस की बात नहीं है। इसके बावजूद यदि भारत ऐसा करता है, तो उसके इन देशों के साथ द्विपक्षीय संबंध बिगड़ जाएंगे। उल्लेखनीय है कि ओबामा ने जो शर्तें जोड़ी हैं, उनमें से एक म्यांमार में मानवाधिकार उल्लंघन से जुड़ी है और दूसरी ईरान से। मतलब यह कि भारत यदि इन शर्तों का पालन नहीं करता, तो अमरीका अपने प्रयासों को विराम दे सकता है। यानी भारत आकर बराक ओबामा ने हमारे हित में कोई बड़ा कदम नहीं उठाया। 
Posted by pandeyhariram at 11:07 PM 0 comments
Tuesday, November 9, 2010
क्यों मिर्ची लगी चीन व पाक को

अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के भारत को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता के मुद्दे पर दिए समर्थन पर दुनिया भर में जबर्दस्त कूटनीतिक प्रतिक्रिया है। पाकिस्तान का रुख तो वैसे ही भारत विरोधी है, इस घटना के बाद तो उसने कहा कि इससे समस्याएं कम होने के बजाए और बढ़ेंगी।
चीन के प्रमुख अखबार द चाईना डेली के अनुसार यह पश्चिमी देशों की मजबूरी है कि अपनी खराब आर्थिक स्थिति के चलते भारत और चीन जैसे देशों का साथ लें, जिनकी अर्थ व्यवस्था तेजी से बढ़ रही है। ओबामा का भारत को संयुक्त राष्ट्र के मुद्दे पर समर्थन देना साबित करता है कि भारत अब बड़ी आर्थिक शक्ति बन गया है। लेकिन इससे निश्चित ही चीन और पाकिस्तान में नाराजगी बढ़ेगी।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बड़ी तीखी प्रतिक्रिया जाहिर करते कहा है कि उम्मीद है कि अमरीका एशिया की क्षेत्रीय राजनीति से प्रभावित होकर कोई निर्णय नहीं लेगा। पाकिस्तान ने कहा कि अमरीका के इस समर्थन के बाद सुरक्षा परिषद के फिर गठित होने की प्रक्रिया में बाधा पैदा होगी। पाकिस्तान के अनुसार अमरीका को नैतिकता के आधार पर निर्णय लेना चाहिए, क्योंकि भारत को स्थायी सदस्यता संयुक्त राष्ट्र के मूल सिद्धांतों के ही खिलाफ है। भारत हमेशा से कश्मीर के मामले में संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों की अनदेखी करता रहा है।
विदेश मंत्रालय का कहना है कि 1948 में संयुक्त राष्ट्र ने एक प्रस्ताव में कहा था कि कश्मीर समस्या का हल, स्थानीय नागरिकों की इच्छा के अनुसार होना चाहिए। लेकिन भारत ने इस पर कभी ध्यान नहीं दिया।
चीन ने तो साफ कह दिया है कि इस अमरीकी प्रस्ताव का परिषद के स्थायी सदस्यों में से कुछ कड़ा विरोध करेंगे। अभी सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों में ब्रिटेन, चीन, फ्रांस, रूस और अमरीका शामिल हैं। चीन का मानना है कि यह अमरीका की भारत की बड़ी लेकिन अविकसित अर्थ व्यवस्था में घुसपैठ का प्रयास है, जिससे चीन के विकास को रोका जा सके। पश्चिमी देश अपनी बिगड़ती आर्थिक हालातों को देखते हुए भारत और चीन जैसे देशों पर निर्भर हो रहे हैं। चीन ने बड़ी कटुता से कहा कि भारत का स्थायी सदस्यता के सपने को साकार होने में अभी भी कई साल लगेंगे।
वैसे भी ओबामा ने भारत की स्थायी परिषद के लिए समर्थन तो दिया है लेकिन इसके लिए कोई समय सीमा तय नहीं की है। चीन सहित कुछ दूसरे स्थायी सदस्य भारत की सदस्यता का विरोध करेंगे। भारत ने कई बार संयुक्त राष्ट्र के सिद्धांतों के खिलाफ काम किया है। ओबामा के प्रस्ताव का अमरीका में भी विरोध होने की आशंका है क्योंकि भारत ने संयुक्त राष्ट्र में अमरीका का कई बार कड़ा विरोध किया है।
अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने पहले दो दिनों में यह स्पष्ट कर दिया कि अमरीका क्या चाहता है, पर इस बात पर चुप्पी साधे रहे कि इस शिखर सम्मेलन से भारत को क्या मिलेगा। खासकर पाकिस्तान के मसले पर। 
राष्ट्रपति ओबामा ने मुंबई में एक भारतीय छात्रा के सवाल के जवाब में कहा कि भारत को पाकिस्तान का राग अलापना बंद कर देना चाहिए, क्योंकि भारत प्रगति के पथ पर बहुत आगे निकल चुका है। भारत की पीठ थपथपाते हुए उन्होंने यह भी कहा कि अमरीका, भारत और पाकिस्तान की आपसी बातचीत के बीच नहीं आएगा।
भारत के भी कई चिंतक इस बात के हामी हैं कि पाकिस्तान के मसले पर हमें अमरीका से कोई उम्मीद नहीं करनी चाहिए। इस विचारधारा में दम है, पर किसी को यह नहीं भूलना चाहिए कि अमरीका, पाकिस्तान का पालक-पोषक है। पाकिस्तान की सेना को आर्थिक और सैन्य मदद करने वाला वह सबसे बड़ा देश है। इस नाते भारत की यह अपेक्षा गलत नहीं है कि वह पाकिस्तानी सत्ता तंत्र पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल करे। इस उम्मीद को यूं सरसरी तरीके से नकारना जायज नहीं। पाकिस्तान को सबक सिखाने में भारत सक्षम है पर किसी बच्चे को सजा देने से पहले उसके अभिभावक को चेतावनी देना कर्तव्य का हिस्सा है। 
ये दलील अब पिट चुकी है कि पाकिस्तान स्वयं आतंक से पीडि़त है। पाकिस्तान में होने वाले रोजाना के खून-खराबे उसी की नीतियों का परिणाम हैं और भारत के लिए यह पाकिस्तान का आंतरिक मामला है। भारत को आतंक के निर्यात पर आपत्ति है। सोमवार (८-११-२०१०) को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने राष्ट्रपति ओबामा को यह जता दिया कि पाकिस्तान के साथ भारत मधुर संबंध चाहता है, पर यह तब तक संभव नहीं, जब तक पाकिस्तान आतंक का इस्तेमाल बंद नहीं करता।
ओबामा और मनमोहन सिंह इस बात पर सहमत थे कि पाकिस्तान में लोकतंत्र और स्थायित्व दोनों देशों के हित में है, पर इस स्थायित्व की जिम्मेदारी ज्यादा अमरीका की है जिसकी नीतियों से पाकिस्तान का हौसला बढ़ता है।
दरअसल अमरीका अफगानिस्तान में बुरी तरह फंस चुका है और पाकिस्तानी सेना से मदद लेने को मजबूर है। पाकिस्तानी सेना इस स्थिति का दोहन कर रही है। भारत की आपत्ति इस बात पर है कि अमरीकी पैसे और हथियारों का इस्तेमाल भारत के खिलाफ होता है। ओबामा के इस दौरे से दुनिया की दो महाशक्तियों के बीच रिश्ते और गहरे हुए हैं, पर देर सबेर अमरीका को पाकिस्तान के सवाल से जूझना ही पड़ेगा। 
Posted by pandeyhariram at 3:25 AM 0 comments