CLICK HERE FOR BLOGGER TEMPLATES AND MYSPACE LAYOUTS »

Tuesday, November 30, 2010

नीतीश : पैरों में..रेड कार्पेट.. और सिर पर कांटों का ताज



बिहार विधानसभा के चुनाव परिणाम इससे ज्यादा चामत्कारिक नहीं हो सकते थे। अगर होते तो पूरी तरह से अविश्वसनीय हो जाते। जिस तरह का अकल्पनीय बहुमत जद (यू)-भाजपा गठबंधन को वहां प्राप्त हुआ है वह यह बताने के लिए पर्याप्त है कि राजनीति के फैसले अब जनता के बीच से होने वाले हैं। नीतीश के कदमों तले लाल गलीचे बिछ गये हैं।
बिहार ने राजनीति के विकेंद्रीकरण के लिए ऐसी भय और आतंकमुक्त जमीन तैयार कर दी है जो आने वाले वर्षों में अन्य राज्यों और नयी दिल्ली में भी सत्ता के समीकरणों और स्थापित मान्यताओं को बदल कर रख देगी। बिहार के चुनाव परिणाम केवल सड़कों, समाज कल्याण की सरकारी योजनाओं या ग्यारह प्रतिशत की विकास दर के नाम ही नहीं लिखे जा सकते। परिणामों का श्रेय तो वास्तव में जातिवाद के षड्यंत्र से प्रदेश को मुक्ति दिलाने की उस कोशिश को दिया जाना चाहिए जिसकी शुरुआत लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में नीतीश और सुशील मोदी ने वर्ष 1974 में कंधे से कंधा मिलाकर बिहार आंदोलन के जरिए की थी और जो पिछले पांच वर्षों से परवान चढ़ती रही है।

लालू प्रसाद यादव को जोरदार मात मिली है। हालांकि जानकार इस बात पर बंटे हुए हैं कि लालू को सियासत से आउट माना जाए या नहीं? लेकिन लालू जैसी शख्सियत में भारतीय राजनीति की दिलचस्पी अभी बनी रहेगी। लालू के तिलस्म का गारंटी पीरियड अभी खत्म नहीं हुआ है। इस बिसात में घोड़े या हाथी के तौर पर न सही, एक प्यादे के तौर पर वह कुछ बड़ी चालें तो चल ही सकते हैं। भारतीय सियासत, राजकाज, डेमोक्रेसी या सोसायटी में दिलचस्पी रखने वाले किसी भी शख्स के लिए लालू को नजरंदाज करना मुश्किल रहा है।
सोचिए, जेपी के जलजले से एक युवा छात्र नेता उभरता है और अपने गंवई अंदाज से जनता का दिल जीत लेता है। वह सोशल जस्टिस का सबसे दमदार मोहरा बनता है और उसे सियासत के कारगर नुस्खे में बदलता हुआ देश के एक बड़े सूबे की सत्ता को उलट-पलट देता है। वह..राजा.. बन जाता है। उसकी इच्छा..प्रजा.. की इच्छा बन जाती है। वह पिछड़े और अल्पसंख्यकों का एक शानदार गठजोड़ तैयार करता है और सामंत वर्ग को ठिकाने लगाता हुआ एक नया सामंत खड़ा करता है। क्लास और कास्ट के इंडियन फॉमूलों के जरिए डेमोक्रेटिक पॉपुलैरिटी का नया मॉडल रचा जाता है और अचानक वह एक नेशनल हीरो के तौर पर पहचाना जाने लगता है।
बहुत कम लीडर होंगे, जो दो वक्त की दो धाराओं में बराबर तैर सकते हों। लिहाजा लालू से नीतीश की ओर सियासत का सफर होना था और हुआ। यह हुआ भी अपने वक्त पर ही, क्योंकि देश के एक सबसे पिछड़े राज्य में तरक्की की तड़प देर से ही पैदा होनी थी। बाजार को भी उसकी जरूरत सबसे बाद में पडऩी थी।
इस हिसाब से हम देखें तो यह कहानी लालू की नहीं है, नीतीश की भी नहीं है। इस कहानी का नायक बिहार है, अपनी किस्मत की तलाश में निकली भारत के बड़े राज्य की पिछड़ी आबादी, जिसने अपनी वक्ती जरूरत के हिसाब से अपने शासक चुने- पहले लालू और फिर नीतीश।
इसलिये नीतीश की वास्तविक चुनौतियां अब शुरू होंगी। बिहार में शिक्षा के स्तर में सुधार आया है, लेकिन नौकरियों की अब भी किल्लत है। सुरक्षा व्यवस्था सशक्त हुई है, लेकिन निवेशकों ने अभी राज्य में रुचि लेना शुरू नहीं किया। अपराधों पर नियंत्रण हुआ है, लेकिन भ्रष्टाचार में इजाफा भी हुआ है। सड़कें बनी हैं, लेकिन बिजली संकट अब भी मुंह बाये खड़ा है। बिहार की बहुसंख्य आबादी को अब भी गरीबी से बाहर निकलने का रास्ता नहीं सूझ रहा। पंजाब दिल्ली, गुजरात और यहां तक कि खाड़ी के देशों में श्रमिकों का पलायन जारी है। स्वयं नीतीश की छवि चाहे जितनी ही..लार्जर देन लाइफ.. क्यों न हो गयी हो, लेकिन उनकी पार्टी जनता दल (यू) उतनी ताकतवर नहीं हुई है। इसके चलते नीतीश कुमार को अपनी नीतियां लागू करने के लिए नौकरशाहों की कोर टीम पर निर्भर होना पड़ेगा। नीतीश का राज जरूर है, लेकिन पाटलिपुत्र का ताज कांटोंभरा है।

Friday, November 26, 2010

भुखमरी दस्तक दे रही है


क्या बंगाल-दुर्भिक्ष अमर्त्य सेन जैसे अर्थशास्त्रियों की अध्ययन स्थापनाओं का पैमाना? भले रबी की बंपर फसल (विशेषकर गेहूं) की संभावनाओं के बीच यह विषयांतर लगे, लेकिन दहशतनाक सच्चाई यही है कि अगर हम अब भी न चेते तो हमारे यहां ही नहीं दुनिया के हर हिस्से में बंगाल जैसे दुर्भिक्षों की वापसी हो सकती है जिसमें लाखों ने भूख से तड़प-तड़प कर दम तोड़ा था।
जी हां! भले ही जेनेटिक मोडीफाइड बीजों (फसलों) की बदौलत हम इस भुलावे में रहने की कोशिश करें कि दुनिया की खाद्यान्न समस्याओं का हल हमारे हाथ में है, लेकिन हकीकत यह है कि पिछले कुछ सालों से दुनिया के सभी कोनों में खाद्यान्न की समस्या गहरा रही है और चिह्न ऐसे हैं, जो इस समस्या के भयावह होने की तरफ इशारा कर रहे हैं। भुखमरी चुपके से दुनिया की दहलीज पर आ धमकी है और अब दस्तक दे रही है।
42 साल पहले 1968 में अमरीकी वैज्ञानिक डॉ विलियम गॉड ने उत्पादन में सुधार करके दुनिया को..ग्रीन रिवोल्युशन.. जैसी सौगात भेंट की थी। लेकिन हरित क्रांति के फायदों में वशीभूत दुनिया को एक बार भी यह ख्याल नहीं आया कि प्रकृति से कोई छेड़छाड़ सिर्फ हमारे फायदे के लिए ही नहीं हो सकती। कहने का मतलब यह नहीं सोचा गया कि ..ग्रीन रिवोल्युशन.. की चाहत खेती का इकोलॉजी सिस्टम भी बिगाड़ सकती है। वही हुआ पैदावार बढ़ाने के तात्कालिक फायदों को ध्यान में रखते हुए मिट्टी का अधिकाधिक दोहन करने वाली फसलों की बाढ़ आ गयी और इसे..'सघन कृषि.. का नाम दिया गया। कुछ यूं जाहिर किया गया जैसे ज्यादा उत्पादन हासिल करने के लिए बहुत सूझबूझ और परिश्रम का सहारा लिया जा रहा है जबकि हकीकत यह थी कि..सघन कृषि.. के नाम पर दुनिया धरती की उर्वरता का अंधाधुंध दोहन कर रही थी। लगातार की गयी सघन खेती और कीटनाशी, फफूंदनाशी व खरपतवारनाशी दवाओं के हस्तक्षेप से जमीन की उर्वरता क्षरित होने लगी और मिट्टी क्षारीय व लवणीय होने लगी। पिछले चार दशकों में जब दुनिया इस खुशफहमी में जी रही थी कि हरित क्रांति की बदौलत अन्न समस्या का अंत हो गया। मिट्टी में बढ़ती लवणीयता और क्षारीयता के कारण खेती योग्य भूमि के क्षेत्रफल में कमी आने लगी। सिर्फ हिन्दुस्तान में ही नहीं पूरी दुनिया में यह भयावह समस्या देखने को मिली है।

अकेले पिछले 5 सालों में ही पूरी दुनिया में खेती के रकबे में 8 प्रतिशत की कमी आयी है। धूलभरी आंधियां बढ़ रही हैं, जिसमें एक ओर जहां रेगिस्तान का विस्तार हो रहा है वहीं दूसरी तरफ नदियों में भारी पैमाने पर प्रदूषण बढ़ रहा है। हाल के कुछ दशकों में धरती के औसत तापमान में 2 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। इससे फसलों का चक्र तो बुरी तरह से गड़बड़ाया ही है, गेहूं और चावल की उत्पादकता में भी 8 से 10 प्रतिशत तक की कमी आयी है। जिस कारण खेती जहां एक ओर घाटे का सौदा बनी है, वहीं दूसरी ओर गांवों से शहरों की तरफ पलायन में बेहद तेजी आयी है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अब भी नहीं चेते तो हरित क्रांति के गढ़ अगले एक-डेढ़ दशक में रेगिस्तान में तबदील हो जायेंगे। गौरतलब है कि जलस्तर को पुनर्जीवित करना सबसे मुश्किल और लगभग असंभव काम होता है।
इस जलवायु परिवर्तन के चलते भारत सहित दुनिया के तमाम देशों में खाद्यान्न का संकट साफ-साफ नजर आने लगा है। वर्ष 2008 और 09 में चीनी के उत्पादन में 4.7 से 5.8 प्रतिशत तक की कमी आयी है दूसरी तरफ मांग और आपूर्ति का फासला भयानक रूप से बढ़ा है। हालांकि 2009-10 की रबी फसल के कारण फिलहाल हमारे गेहूं के बफर स्टॉक में कमी नहीं आयेगी, लेकिन दुनिया के संदर्भ में देखें तो खाद्यान्न का बफर स्टॉक खतरे में पड़ते जा रहे हैं।
भारत में खाद्यान्न के दामों में 20 से 38 प्रतिशत तक की स्थायी वृद्धि हो चुकी है जिस कारण 18 से 25 प्रतिशत तक निम्न और मध्य वर्ग के लोगों की क्रयक्षमता पर बेहद नकारात्मक असर पड़ा है। इसके बावजूद बाजार में मांग और आपूर्ति के मामले में 15 से 20 प्रतिशत का फासला बढ़ा है। विशेषकर दालें और खाद्य तेल बाजार में स्थायी रूप से कम पड़ गए लगते हैं।
कुल मिलाकर कहीं हमने अपनी होशियारी से तो कहीं नादानी से इस तरह की स्थितियां पैदा कर ली हैं और करते जा रहे हैं कि भुखमरी की अतीत गाथाएं इतिहास के भूतलों से निकलकर हमारी दहलीज तक आ पहुंची हैं और दरवाजों पर दस्तक दे रही हैं। अगर अब भी हम बहरे बने रहे तो आने वाले सालों में करोड़ों लोग भयावह बीमारियों से नहीं भूख से मर जायेंगे।

बिहार में नीतीश की आंधी


उड़ गये लालू-गांधी
बिहार विधान सभा चुनाव के नतीजे आ गये और जैसा कि अनुमान था नीतीश कुमार प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में लौट आये और जैसी कि उम्मीद नहीं थी बाकी दल खास कर अपने को बिहार के राजा समझने वाले लालू यादव और कभी के गिनीज बुक अलंकृत रामविलास पासवान बुरी तरह हारे। नीतीश शुक्रवार (२६ नवंबर) को शपथ लेंगे। उन्होंने बिहार के विकास के लिये तीन सूत्री अजेंडा तय किया है, जिस बिहार में नीतीश समर्थक..3 स.. के नाम से पुकारते हैं वे हैं - सड़क, शिक्षा और सुरक्षा। इस बार भी वे इसी के लिये काम करेंगे, ऐसा आश्वासन दिया है।
नीतीश कुमार ने साफ कर दिया कि उन्हें बिहार के लिये काम करने का जनादेश मिला है और वे इसका सम्मान करते हुए केवल बिहार के लिये ही काम करेंगे। इस चुनाव परिणाम से सबसे ज्यादा आघात कांग्रेस को लगा है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी के धुआंधार प्रचार के बावजूद कांग्रेस दहाई का आंकड़ा भी नहीं हासिल कर सकी। हालांकि उनके नेता अब खिसियानी बिल्ली की भांति खंभा नोचने की शैली में कह रहे हैं कि वे अपनी पराजय के कारणों का विश्लेषण करेंगे और अगले चुनाव में चुनौती बनकर उभरेंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार सत्तारूढ़ दलों ने विकास को मुद्दा बनाया, जबकि विपक्षी पार्टियों ने सरकार की कथित नाकामी को जनता के बीच उछालने की कोशिश की। सभी पार्टियों ने पूरी ताकत झोंक दी थी। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और राहुल गांधी प्रचार करते रहे तो भाजपा की ओर से लालकृष्ण आडवाणी के अलावा सुषमा स्वराज, मुरली मनोहर जोशी, अरुण जेटली, उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी जैसे नेता मैदान संभाले रहे। जनता दल (यू) की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं प्रचार की कमान संभाले हुए थे और उनका साथ पार्टी अध्यक्ष शरद यादव दे रहे थे। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी अपना दावा ठोंक रहे थे तो लोजपा के प्रचार का जिम्मा पार्टी अध्यक्ष राम विलास पासवान ने संभाला हुआ था। हालांकि नीतीश ने भाजपा के विवादास्पद नेताओं (नरेंद्र मोदी और वरुण गांधी) को प्रचार अभियान से दूर रखा था। बिहार के इस चुनाव में सबसे प्रमुख मुद्दा विकास का ही रहा है। हालांकि सभी दलों ने जोड़-तोड़, जुगाड़ और जातिवाद का मंत्र अभी भी नहीं छोड़ा था। इसका कारण उनके विश्वास में कमी ही अधिक है। सभी दल ये अच्छी तरह जानते हैं कि भले ही विकास सबसे जरूरी मुद्दा है लेकिन चुनावी वैतरणी केवल इस एक मुद्दे के सहारे नहीं पार की जा सकती।
जबकि बिहारी मतदाता पहले से कहीं ज्यादा जागरूक हो चुका है। नयी पीढ़ी जो अब इंटरनेट, मोबाइल से वाकिफ हो चुकी है खासकर बिहार के ऐसे लोग जिनके परिवार का कोई सदस्य बाहर निकल कर जीविकोपार्जन कर रहा वह विकास के मसले को ही प्राथमिकता दे रहे हैं। बिहार में इस बार पहले जितना आसान समीकरण नहीं रह गया था इसको सभी दलों को भली-भांति समझ लेना होगा और अपनी वर्षों चली आ रही परंपरागत राजनीति की हठधर्मिता छोड़ कर विकास के मानदंड को अपनाना होगा। यही बिहार के भविष्य के साथ स्वयं उनके अपने भविष्य के लिए भी सही रास्ता है।

संसद को चलाना सरकार की जिम्मेदारी है


पिछले दिनों संसद में बड़ी तेजी से कामकाज ठप्प होता रहा फिर भी नाम के लिये ही सही कामकाज हुआ, पर मंगलवार (२२ नवंबर) को तो ऐसा लगा कि बैठक शुरू हुई और स्थगित हो गयी। विपक्ष ने संसद को चलने ही नहीं दिया। संसद को चलने देने की प्रणव मुखर्जी के साथ हुई बैठक भी बेकार चली गयी। प्रधानमंत्री ने विपक्ष को मनाने के लिये 2 जी घोटाले की कई स्तरीय जांच का हुक्म दे दिया यहां तक कि लोक लेखा समिति की जांच भी बैठा दी लेकिन विपक्षी दल संयुक्त संसदीय दल से कम में मानने को तैयार नहीं था और उन्होंने सरकार की हर कोशिश पर पानी फेर दिया। विपक्ष की हरकतों से यह साफ जाहिर हो रहा है कि उसे संसद की कार्यवाही को चलने देने या 2 जी घोटाले में जांच से कोई खास मतलब नहीं है बल्कि वह सरकार की फजीहत करके अधिक से अधिक राजनीतिक लाभ लेना चाहता है।
भारत एक ऐसा देश है जो बिना कामकाज के संसद को चलने देने का खर्च नहीं उठा सकता है। इसके लिये कोई एक सांसद दोषी नहीं है। संसद में बवाल करने का लगता है रिवाज चल पड़ा है। एक तरफ कुछ सांसद हैं कि किसी को नहीं बोलने देने पर आमादा हैं और दूसरी तरफ कुछ सदस्य हैं, चाहे वे थोड़े से ही हों , जो बड़ी अच्छी - अच्छी कामकाजी बातें करते हैं। अब अगर दोनों को..क्रिटिकली अनालाइज.. करें तो ऐसा नहीं लगता कि संसद की कार्यवाही फिर से शुरू ना की जा सके बशर्ते दोनों पक्षों के नेता ऐसा चाहें।
इस मामले में एक सुझाव हो सकता है कि दोनों पक्षों के चुनिंदा लोग बैठ कर लोक लेखा समिति और संसदीय जांच समिति की जांच क्षमताओं और निष्कर्षीय उपयोगिता पर बातें कर लें और जो ज्यादा उपयोगी हो उसे जिम्मा सौंप कर काम शुरू करें। कम से कम संसद पर गरीब करदाताओं के होने वाले खर्च का तो उपयोग हो। इसके अलावा इस विषय पर एक दिन दोनों सदनों में पूर्ण बहस हो उससे प्राप्त निष्कर्ष पर कदम आगे बढ़ाया जाय। हालांकि यह ऐसा मसला नहीं है कि आनन-फानन में सुलझ जाये पर संसद को काम करने तो दिया ही जा सकता है। अगर संसद में सरकार को लेकर विपक्ष मुखर है तो यह सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि वह कुछ ऐसा वातावरण तैयार करे जिससे कार्यवाही फिर चल सके वरना यह तो इतिहास में दर्ज होती घटना है और इतिहासकार इसे नकारात्मक नजरिये से भी पेश कर सकते हैं तथा लोकतंत्र पर सवाल उठा सकते हैं।

Tuesday, November 23, 2010

संसद को चलाना सरकार की जिम्मेदारी है


पिछले दिनों संसद में बड़ी तेजी से कामकाज ठप्प होता रहा फिर भी नाम के लिये ही सही कामकाज हुआ, पर मंगलवार को तो ऐसा लगा कि बैठक शुरू हुई और स्थगित हो गयी। विपक्ष ने संसद को चलने ही नहीं दिया। संसद को चलने देने की प्रणव मुखर्जी के साथ हुई बैठक भी बेकार चली गयी। प्रधानमंत्री ने विपक्ष को मनाने के लिये 2 जी घोटाले की कई स्तरीय जांच का हुक्म दे दिया यहां तक कि लोक लेखा समिति की जांच भी बैठा दी। लेकिन विपक्षी दल संयुक्त संसदीय दल से कम में मानने को तैयार नहीं हैं और वे सरकार की हर कोशिश पर पानी फेर दिया। विपक्ष की हरकतों से यह साफ जाहिर हो रहा है कि उसे संसद की कार्यवाही को चलने देने या 2 जी घोटाले में जांच से कोई खास मतलब नहीं हे बल्कि वह सरकार को फजीहत करके अधिक से अधिक राजनीतिक लाभ लेना चाहता है। भारत एक ऐसा देश है जो बिना कामकाज के संसद को चलने देने का खर्च नहीं उठा सकता है। इसके लिये कोई एक सांसद दोषी नहीं है। संसद में बवाल करने का लगता है रिवाज चल पड़ा हे। एक तरफ कुछ सांसद हैं कि किसी को नहीं बोलने देने पर आमादा हैं और दूसरी तरफ कुछ सदस्य हैं, चाहे वे थोड़े से ही हों, जो बड़ी अच्छी - अच्छी कामकाजी बातें करते हैं। अब अगर दोनों को.. क्रिटीकली अनालाइज... करें तो ऐसा नहीं लगता कि संसद की कार्यवाही फिर से शुरू ना की जा सके। बशर्ते दोनों पक्षों के नेता ऐसा चाहें।
इस मामले में एक सुझाव हो सकता है कि दोनों पक्षों के चुनिंदा लोग बैठ कर लोक लेखा समिति ओर संसदीय जांच समिति की जांच क्षमताओं और निष्कर्षीय उपयोगिता पर बातें कर लें और जो ज्यादा उपयोगी हो उसे जिम्मा सौंप कर काम शुरू करें। कम से कम संसद पर गरीब करदाताओं का होने वाले खर्च का तो उपयोग हो। इसके अलावा इस विषय पर एक दिन दोनों सदनों में पूर्ण बहस हो उससे प्राप्त निष्कर्ष पर कदम आगे बढ़ाया जाय। हालांकि यह ऐसा मसला नहीं है कि आनन-फानन में सुलझ जाये पर संसद को काम करने तो दिया ही जा सकता है। अगर संसद में सरकार को लेकर विपक्ष मुखर है तो यह सरकार की जिम्मेदारी बनी है कि वह कुछ ऐसा वातावरण तैयार करे जिससे कार्यवाही फिर चल सके। वरना यह तो इतिहास में दर्ज होती घटना है और इतिहासकार इसे नकारात्मक नजरिये से भी पेश कर सकते हैं तथा लोकतंत्र पर सवाल उठा सकते हैं।

Monday, November 22, 2010

क्या मनमोहन सिंह दोषियों को दंड दे सकते हैं?


प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शनिवार (बीस नवंबर) को कहा कि घोटालों के दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा। लेकिन उन्होंने अभी तक यह नहीं बताया कि किसके खिलाफ कौन सी कार्रवाई की जा रही है?
मंगलवार को नियंत्रक व महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट संसद के पटल पर सार्वजनिक होने के बाद साफ है कि मामला उससे कहीं ज्यादा गंभीर व चिंताजनक है, जितना समझा जा रहा था। इस घोटाले के कथित नायक पूर्व टेलीकॉम मंत्री ए राजा ने हालांकि अपने पद से इस्तीफा दे दिया है पर इससे जुर्म या सरकार के कर्तव्य की इतिश्री नहीं हो जाती। अभी हाल में प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें रोज परीक्षा देनी पड़ती हे। प्रधानमंत्री के ये दोनो जुमले परस्पर विरोधी से लगते हैं।
यह सच है कि क्या डॉ सिंह वाकई कड़ी परीक्षा से गुजर रहे हैं ? क्या सर्वोच्च पद पर उनके 6-7 वर्ष इतने पीड़ादायक रहे हैं कि उन्हें लगता है कि एक के बाद एक परीक्षा के दौर से (अपने मन के विरुद्ध) गुजरना पड़ रहा है? यदि ऐसा है तो मसला काफी गंभीर है।
यह सही है कि प्रधानमंत्री का पद कांटों का ताज है। इसे हमेशा पहने रहना पड़ता है, जो कष्टप्रद भी है। देश चलाना यूं भी आसान काम नहीं है। फिर यह गठबंधन सरकार है। इन दिनों एक चर्चा है कि प्रधानमंत्री को हमेशा कांग्रेस और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी पर लगभग हर निर्णय के लिए निर्भर रहना पड़ता है। राहुल गांधी भी एक बड़े शक्ति केंद्र हैं। लेकिन यह बिल्कुल सही नहीं है।

बात राजा घोटाले में विवादास्पद प्रधानमंत्री कार्यालय से ही शुरू की जाए- प्रधान सचिव टी के नायर की नियुक्ति से लेकर उनके सेवाकाल में बढ़ोतरी पूरी तरह प्रधानमंत्री की इच्छा से हुई और वे प्रधानमंत्री के आंख-कान की तरह सहयोगी हैं। कारपोरेट घरानों के प्रमुखों से लेकर मंत्रियों और विरोधियों से नायर के निरंतर संपर्क और सिफारिशों में 10 जनपथ का कोई हस्तक्षेप नहीं होता। निश्चित रूप से पृथ्वीराज चव्हाण, अहमद पटेल, प्रणव मुखर्जी और ए के एंटनी जैसे नेता अध्यक्ष और प्रधानमंत्री की राय के तार जुड़वाने में समय-समय पर सहयोग करते हैं।
सरकार और संगठन के वरिष्ठ सहयोगी बताते हैं कि ए. राजा को संचार मंत्रालय या एम एस गिल को खेल मंत्रालय देने का अंतिम निर्णय प्रधानमंत्री ने ही किया था।

लेकिन यह मसला ऐसा नहीं है कि इसे तरजीह दी जानी चाहिये। महत्वपूर्ण यह है कि उन्होंने पहली पारी और दूसरी पारी के लगभग दो वर्ष देश की सरकार किस तरह चलाई, इस पर लोगों के क्या मत हैं। यह निश्चित है कि वे देश के इतिहास में सबसे कमजोर, निर्णय लेने में अक्षम और परावलंबी प्रधानमंत्री के रूप में जाने गए हैं। ऐसे में उनकी निजी पीड़ा कभी न कभी बाहर आना स्वाभाविक है। जिस राजा प्रकरण को लेकर डॉ सिंह ने ऐसा अनपेक्षित बयान दे डाला, उससे उन पर हावी दबावों का पता चलता है। उनके कार्यकाल में भ्रष्टाचार असीमित रूप से बढ़ा। वे ईमानदार होकर भी कड़ी कार्रवाई किसी के खिलाफ कभी नहीं कर पाए। इस कारण जनता में रोष तो है पर करुणा का भाव ज्यादा दिखता रहा।
अब तो यह समय ही बतायेगा कि प्रधानमंत्री जी अगला कदम क्या उठायेंगे। यह तो तय है कि वे दोषियों को सजा नहीं दे पायेंगे। अब उनके सामने दूसरा विकल्प है पद से इस्तीफा देकर खुद को दंडित करना अथवा मध्यावधि चुनाव की सिफारिश करना। लेकिन दोनों अभी संभव नहीं दिखते।

Sunday, November 21, 2010

राहुल के लिये संकेत


2 जी घोटाले ने अति साफ सुथरे छवि वाले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर अकर्मण्यता का लांछन लगा दिया, उसी घोटाले से एक मनोवैज्ञानिक संकेत भी सोनिया गांधी और उनके सलाहकारों के लिये मिलता हे कि वे राहुल गांधी को सत्ता के पद से दूर रखें। गांधी-नेहरू खानदान के वारिसों को सत्ता के पद से दूर रखने का यह संकेत एक बार पहले भी मिला था। बहुतों को याद होगा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन के प्रथम चरण के जमाने में मीडिया में एक खबर आयी थी, जिसमें कहा गया था कि.. राजीव गांधी मौत के बाद गांधी- नेहरू परिवार की बैठक में यह तय किया गया खानदान के वारिसों को सत्ता के पदों से दूर रखा जायेगा। हालांकि वे देश की सेवा जरूर करेंगे।.. प्रधानमंत्री पद के लिये राहुल गांधी अनमयस्कता को देखकर लगता है कि वह खबर गढ़ी हुयी नहीं थी। आज जो कुछ भी हो रहा है वह कोई ऐसी घटना नहीं जो औचक हो गयी हो।
कुछ विश्लेषकों का कहना है यह राहुल गांधी ताजपोशी की पूर्व क्रिया है। लेकिन हालात को बारीकी से परखेंगे तो लगेगा कि ऐसा नहीं होने वाला। यह कोई अचानक, पलक झपकते, छीनो और भागो जैसी कार्रवाई नहीं थी। यह डी एम के का बहुत सावधानी और समझ-बूझ से बिछाया गया जाल था। उसने जिद के साथ टेलीकॉम मंत्रालय इसीलिए लिया था क्योंकि वह जानती थी कि लाइसेंसों के आवंटन में कितनी शानदार रकम छिपी हैं। प्रधानमंत्री मुश्किल में इसलिए हैं क्योंकि डी एम के लगातार पत्र लिखकर उन्हें बताती रही कि वह किस तरह नियम-कायदों को ताक पर रखकर सलाह-मशविरे या उचित प्रक्रिया का पालन किए बगैर कीमतें तय करने जा रही है।
प्रधानमंत्री की सहमति उसे अपने पत्रों की पावती के जरिये मिलती रही। इनमें सबसे महत्वपूर्ण पत्र ए राजा ने नहीं, दयानिधि मारन ने भेजा था, फरवरी 2006 में। मारन ने साफ-साफ लिखा था कि वह चाहते थे कि कीमतें तय करने का काम, यानी खजाने की चाबी, निगरानी के दायरे से बाहर हो। यह सत्ता में रहने की कीमत थी, जो डॉ सिंह और सोनिया गांधी ने चुकाई।
अगर आप इस पूरी कहानी की राजनीतिक पहेली को समझना चाहते हैं तो केवल एक सवाल का जवाब खोजिए।
वह सवाल है : मारन का यह पत्र एक टेलीविजन चैनल को किसने लीक किया? यह पत्र सरकार के भीतर से ही किसी ने लीक किया, जो डॉ सिंह को कमजोर करना चाहता था। क्यों? साफ तौर पर इसलिए कि उसे यकीन है कि कमजोर प्रधानमंत्री ज्यादा हमलों की मार सहने लायक नहीं रह जाएंगे और इसलिए शिखर की कुर्सी जल्दी ही खाली हो सकती है, चूंकि राहुल तैयार नहीं हैं, इसलिए वह अगला प्रधानमंत्री बन सकता है।