CLICK HERE FOR BLOGGER TEMPLATES AND MYSPACE LAYOUTS »

Wednesday, April 24, 2019

यह क्या हो रहा है इस देश में 

यह क्या हो रहा है इस देश में 

आरोप -प्रत्यारोप, फब्तियां और जुमले के स्तर से नीचे उतर कर आज हमारे नेता एक दूसरे पर ऐसे तंज कसने के साथ-साथ   जनता को  भयभीत  करने लगे हैं। हैरत होती है कि अत्यंत सुसंस्कृत हमारा देश और हमारे नेता कहां पहुंच रहे हैं ? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को आसनसोल में कहा कि दीदी मुट्ठी भर सीटों पर लड़कर प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहीं हैं। उन्होंने घुसपैठियों के मुद्दे पर राज्य सरकार पर जमकर बरसते हुए कहा की घुसपैठियों के दम पर बंगाल की राजनीति नहीं चलेगी और गुंडों पर शासन चलाने की परंपरा समाप्त होगी। मोदी जी ने कहा कि  बंगाल का भाग्य और देश की दिशा "भारत माता की जय बोलने वाले ही तय करेंगे। " उन्होंने कहा कि देश को एक ऐसी सरकार चाहिए जिसमें दूरदर्शिता हो, विजन हो, डिवीजन करने वाली सरकार की जरूरत नहीं है। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा स्पष्ट कहा कि ममता दीदी ने पहले घुसपैठियों को अपना कैडर बनाया आज तृणमूल की रैलियों में भीड़ नहीं आ रही है तो विदेशी कलाकारों को बुलाना पड़ रहा है ।प्रधानमंत्री ने कहा कि जम्मू कश्मीर के बाप बेटे ( फारुख और उमर अब्दुल्ला) कोलकाता में दीदी के साथ एक मंच पर आए थे और उमर अब्दुल्ला ने जम्मू कश्मीर में दो प्रधानमंत्री की बात कही थी। क्या देश में दो प्रधानमंत्री दीदी भी चाहती है? इस पर उन्हें अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। सर्जिकल स्ट्राइक पर पाकिस्तान के पक्ष में दीदी ने आंसू बहाए यही ही उनकी नीति है। उन्होंने चिटफंड घोटालों की ओर इशारा किया और कहा कि बंगाल में भ्रष्टाचार और अपराध दोनों नॉनस्टॉप हैं बाकी सभी चीजों के लिए दीदी स्पीड  ब्रेकर हैं। घोटालों के मामले में तृणमूल कांग्रेस को कड़ी टक्कर दे रही है। मोदी ने कहा कि तृणमूल की फुल पत्ती कोयले के काले धन से खिलती है । नारदा, शारदा, रोज वैली  सिर्फ घोटाले नहीं हैं यह गरीबों के साथ किया गया अपराध भी है। इसके तार कहां तक पहुंचे हैं यह सभी जानते हैं । सर्जिकल स्ट्राइक के हवाले से उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में कितने आतंकी मारे गए इसका सबूत दीदी को चाहिए। मतदान करने वाले नौजवान नई राजनीति का सूत्रपात करने वाले हैं। हिंसा ,आतंकवाद ,तस्करी की सियासत बंगाल  को विरासत में नहीं चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों को ऐसा हिंदुस्तान चाहिए जहां पूजा करने और शोभायात्रा निकालने की आजादी हो। उन्होंने कहा कि 23 मई को एक बार फिर मोदी सरकार आएगी।
         दूसरी तरफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आराम बाग में  एक सभा में कहा कि केंद्रीय बल भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बल  के जवानों को भाजपा के लिए वोट देने की मतदाताओं से अपील करते वे पाया गया है।  केंद्रीय बलों को नियम तोड़ने वाला बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में चुनावी प्रक्रिया इतनी लंबी चली, 3 महीने तक चुनाव से जुड़े रहे नेता और मतदाता। ऐसा करके भाजपा को तो सुविधा दी गई है मगर आम जनता की तकलीफों को पूरी तरह दरकिनार कर दिया गया है। ममता बनर्जी ने कहा कि मोदी जी की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। देश का दुर्भाग्य है कि 5 साल तक मोदी जी जैसा प्रधानमंत्री मिला। अब भाजपा बंगाल आंख दिखा रही है। उन्होंने जनता को सचेत करते हुए कहा कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की हरमदवाहिनी के जुल्मों को याद कीजिए।
         दोनों नेताओं के आरोप-प्रत्यारोप का स्तर तो गिरा ही है उनके भाषणों में जो सबसे महत्वपूर्ण तथ्य है वह है कि वह आम जनता को डरा रहे हैं। दीदी कह रही हैं कि मोदी जी को वोट दिया ऐसा हो जाएगा।  मोदी जी कह रहे हैं कि दीदी को वोट दिया तो बंगाल में  अपराध और भ्रष्टाचार बढ़ेगा तथा घुसपैठियों का आतंक भी बढ़ेगा। पूरे देश में एक अजीब सनसनी है । वह सनसनी चुनाव पर चर्चा को लेकर नहीं ,चुनाव के परिणामों को लेकर नहीं है। वह एक  आतंक  है। आज भारत को वे भीतर और बाहर दोनों तरफ से सुरक्षित नहीं बता रहे हैं। हमारे नेता मतदाताओं के बड़े हिस्से को  नौजवानों को जो अपना इतिहास व्हाट्सएप पर पढ़ते हैं और मानते हैं कि 2014 के बाद भारत एक अंधे युग से बाहर आ गया है, उन नौजवानों को यह लोग  भय दिखाने में सफल हो गए हैं। वे बता रहे हैं कि हमारे पूर्वजों के दौर के खतरे कायम हैं और इन से मुकाबले के लिए एक मजबूत और आक्रामक नेता की जरूरत है। जो सर्जिकल स्ट्राइक के लिए या दुश्मन के इलाके में बमबारी के लिए हुकुम देने में हिचकिचाए नहीं। जब देश में आर्थिक दुरावस्था है, रोजगार की हालत निराशाजनक तो ऐसा लग रहा है कि चुनाव को "देश खतरे में है" वाले "राष्ट्रीय सुरक्षा चुनाव " में बदल देने की कोशिश की जा रही है और इसमें में सफल हो रहे हैं। यही कारण है कि वह राष्ट्रहित की उन्मादी परिभाषा गढ़ रहे हैं । एक ऐसा विदेशी दुश्मन गढ़ रहे हैं जिससे  सच्चे राष्ट्रवादी नफरत करे और इस दुश्मन से सांठगांठ करने वाले या उसके प्रति हमदर्दी जताने वाले से भी लोग नफरत करे।  इसी भावना को सामने रखकर वोट मांगा जा रहा है। यह द्वेषपूर्ण राजनीति है और ज्यादा मारक है। अमरीकी रणनीतिकार जोसेफ नाइ जूनियर ने हाल में लिखा कि "राष्ट्र हित एक फिसलन भरी अवधारणा है और इसका उपयोग विदेश नीति के वर्णन करने के लिए भी किया जाता है और उसे तय करने के लिए भी।" उन्होंने सैमुअल हंटिंगटन को उद्धृत करते हुए लिखा है कि" राष्ट्रीय पहचान के सुरक्षित बोध  के बिना आप अपने राष्ट्र हित को परिभाषित नहीं कर सकते।" यहां यह स्पष्ट है कि हमारी राष्ट्रीय पहचान हिंदू है और राष्ट्रवाद का मूल भी यही है जो हिंदुओं के लिए अच्छा है वहीं भारत के लिए अच्छा है। जो गैर हिंदू  अगर इसे स्वीकार नहीं करते और शिकायत करते हैं तो वे  शंकालु पत्रकार, आदतन   विरोध करने वाले ,शहरी नक्सली जैसे विशेषण से नवाजे जाएंगे। आज चुनाव प्रचार को देखने से बड़ा अजीब लग रहा है। हालांकि  देश में कोई प्रचंड राष्ट्रवादी लहर नहीं है लेकिन वह इतनी मजबूत तो है ही कि आर्थिक तकलीफ  और असंतोष को थोड़ा फीका कर दे । आज ऐसे नौजवान भी मिलेंगे जो कह रहे हैं कि देश के लिए हम थोड़ी तकलीफ सह सकते हैं। आज ऐसा माहौल हो गया है कि सबके दिमाग में एक डर बैठ गया है। सबके मानस में एक शंका कायम है। चाहे वह पाकिस्तानियों के लिए जेट विमान और कमांडो हो या देश के भीतर बैठे गद्दारों के लिए मिथ्या लांछन और सोशल मीडिया पर लिंचिंग से लेकर तरह-तरह के अन्य भ्रामक तथ्य। इस भय को देख कर एक बहुत पुराना फिल्मी गाना याद आता है:
      झांक रहे हैं अपने दुश्मन 
      अपनी ही दीवारों से 
      संभल के रहना
      अपने घर में छुपे हुए गद्दारों से
       

Tuesday, April 23, 2019

सोच समझ कर क्यों नहीं बोलते

सोच समझ कर क्यों नहीं बोलते

कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में दायर अपने हलफनामे में चौकीदार चोर है बयान पर खेद जताया है।राहुल गांधी ने 10 अप्रैल को कहा था कि "अब तो सुप्रीम कोर्ट  भी मानती है चौकीदार चोर है। " इस पर भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने बवाल खड़ा कर दिया था और मामला सुप्रीम कोर्ट में चला गया। सोमवार को राहुल ने अपने हलफनामे में खेद जताया। उन्होंने कहा वे प्रचार के जोश में कह गए थे।  ऐसा कोई फैसला पढ़ा नहीं था। अब भविष्य में बिना फैसला पढ़ें कुछ नहीं कहा जाएगा। मीनाक्षी लेखी ने 15 अप्रैल को याचिका  दायर की थी और सुप्रीम कोर्ट ने 22 अप्रैल तक स्पष्टीकरण देने को कहा था। उन्होंने कहा कि  प्रमाण के इस   माहौल में सर्वोच्च न्यायालय राफेल मामले को फिर से सुनवाई के लिए रखना चाहता था जबकि सरकार का प्रयास था कि इसके बारे में नए तथ्यों को रोक दिया जाए। अपने 19 पृष्ठों के स्पष्टीकरण में राहुल गांधी ने कहा "चौकीदार चोर है" कांग्रेस पार्टी का एक राजनीतिक नारा है। 2019 के लोकसभा चुनाव में यह नारा तीखी बहस का केंद्र भी है। राहुल गांधी ने अपने कहे पर खेद जताया। राहुल गांधी ने कहा कि समय जो यह हवा चल रही है कि सुप्रीम कोर्ट ने राफेल मामले में अपने 14 दिसंबर के फैसले में मोदी जी को क्लीन चिट दे दी है और इसी हवा में बिल्कुल शुद्ध राजनीतिक संदर्भ में यह टिप्पणी की गई। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यशाली तुलनात्मकता को विपक्षियों ने एक साथ मिला दिया। वे इससे राजनीतिक लाभ उठाना चाहते थे और उन्होंने अफवाह फैला दी कि मैंने (राहुल गांधी)  जानबूझकर कहा है कि सुप्रीम कोर्ट ने भी मान लिया कि चौकीदार चोर है । इसके बाद से तो मेरी तरफ से कभी कुछ नहीं कहा गया । इससे यह स्पष्ट हो जाता है की अदालत राजनीतिक नारों पर संज्ञान लेती  है आज तक किसी अदालत ने ऐसा नहीं किया था।   उनकी टिप्पणी मीडिया पार्टी के कार्यकर्ता और वहां के वातावरण पर आधारित थी। उन्होंने कहा की 10 अप्रैल के फैसले को पढ़ा नहीं गया था। यह टिप्पणी उन लोगों के लिए थी जो राफेल मामले की जांच के लिए प्रचार कर रहे थे। राफेल मामला कई महीनों से देश में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक और सामाजिक मामला बना हुआ है। राहुल गांधी ने अपने हलफनामे में कहा कि न्यायिक प्रक्रिया में बाधा पहुंचाने की प्रत्यक्ष या परोक्ष कोई मंशा नहीं थी।
              राहुल गांधी ने अपने जवाब में ऐसे उदाहरण भी दिए है कि जब राफेल मामले पर 14 दिसंबर के फैसले के संदर्भ में सत्तारूढ़ दल के नेता यहां तक कि प्रधान मंत्री  और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों ने कथित रूप से सुप्रीम कोर्ट का हवाला दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा  जानबूझकर अदालत की खिलाफ टिप्पणी किए जाने का सवाल ही नहीं पैदा होता है । उन्होंने कहा कि उन्हें दृढ़ विश्वास है कि प्रधानमंत्री मोदी राफेल मामले से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि वे इस अवसर पर यह दोहराना चाहते हैं कि उनकी पार्टी का दृढ़ विश्वास है प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने इस मामले में अपने अधिकारों का दुरुपयोग किया है और इसकी जांच जरूरी है । किसी भी मौके पर एक सार्वजनिक हस्ती की दूसरी छवि पेश किया जाना किसी भी मानहानि याचिका का आधार नहीं बन सकता।
          राहुल गांधी ने अपने हलफनामे में एक तरह से अपने कहे के प्रति क्षमा मांग ली। हो सकता है कि इसकी वैधानिक प्रक्रिया समाप्त हो जाए। लेकिन, हमारे  नेताओं के इस तरह के कथनों का सामाजिक प्रभाव क्या पड़ेगा और इसे किस अदालत में चुनौती दी जाएगी? यह बहुत बड़ा प्रश्न है। हमारे नेता चाहे जो हों, उनका कद कितना भी बड़ा हो वे अपनी बातचीत के मामले में कभी भी अपेक्षित संयम  नहीं बरतते। चारों तरफ बदजुबानी का माहौल गरमाया हुआ है किसी ने भी यह नहीं सोचता कि इस तरह से भाषणों का हमारे देश की आम जनता पर और  आने वाले दिनों में कैसा प्रभाव पड़ेगा।  दूर की बात क्यों लें, तीसरे चरण का चुनाव लड़ने वाले नेताओं में 340 ऐसे हैं जिनके आपराधिक रिकॉर्ड है और उनमें से 230 तो गंभीर अपराधों के अभियुक्त हैं और इनमें भी 14 लोगों को सजा हो चुकी है। तीसरे चरण में कुल 1612 उम्मीदवार जोरा आजमा हैं और इनमें 346 अपराधी हैं, 393 करोड़पति है और 1.4% निरक्षर हैं। सत्ता के लिए संघर्ष करने वाले भाजपा और कांग्रेस में 27- 27% ऐसे उम्मीदवार हैं जिन पर गंभीर आपराधिक आरोप हैं। 13 उम्मीदवारों के ऊपर तो खून के मुकदमे चल रहे हैं। इसके पहले समाप्त हुए दूसरे चरण में 16% उमीदवार आपराधिक मामलों से जुड़े हुए थे और पहले चरण में 17% उम्मीदवार।
              यह आंकड़े यहां पेश किए जाने का आशय केवल दिया था कि जिन उम्मीदवारों की शिक्षा-दीक्षा इतनी कम है और जिन में कानून के प्रति इज्जत इतनी कम है वह हमारे लोकतंत्र में अगर कानून बनाने और माननीय कहे जाने की मंशा लेकर अगर समाज में घूम रहे हैं तो उनका हमारे समाज के प्रति, हमारे समाज के सरोकारों के प्रति और शालीनता के प्रति कितनी ज्यादा प्रतिबद्धता होगी इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। राहुल गांधी ने जो कुछ भी कहा और जो भी अपने हलफनामे में उन्होंने माफी मांगी यहां यह उद्देश्य नहीं है।। उद्देश्य है कि यह कैसा समाज बन रहा है और उस समाज को सुधारने की जिम्मेदारी किन लोगों पर है । क्या यही समाज आने वाले वक्त में हमारे देश को उन्नति और समृद्धि की ओर ले जा सकता है। महान मनोवैज्ञानिक फ्रायड का कथन था कि आप की भाषा और आपके बोलने का ढंग आपकी दिमागी संरचना का प्रतिबिंब है । राहुल गांधी जो प्रधानमंत्री पद के लिए दावेदार हैं वह ऐसी बातें करते हैं तो सचमुच देश के भविष्य को लेकर चिंता जरूरी है।

Monday, April 22, 2019

भारत में लोकतंत्र का भविष्य

भारत में लोकतंत्र का भविष्य

वर्जिनिया वूल्फ ने लिखा है कि दिसंबर 1910 में मानव स्वभाव में परिवर्तन आ गया। मानवीय संबंध बदल गए। धर्म, आचरण राजनीति और साहित्य में बदलाव आ गया। इस आधुनिकता का मूल 19  वीं सदी की प्राविधिकी में तेजी से हुए बदलाव में था। फ्रायड ,मार्कस , डार्विन  और  नीत्शे जैसे विचारकों विचारों ने  उन्नीसवीं सदी में  वैचारिक तौर पर सब को प्रभावित करने लगे। तकनीक बदलने लगी। अब अगर कहा जाए  कि इस कथन के एक सदी के बाद के पहले दशक के बीतते ही 2014 से 2019 के बीच भारत में मानवीय चरित्र बदल गया है तो यह अतिश्योक्ति नहीं होगी।  इस अवधि में स्मार्टफोन की संख्या 10 करोड़ से 40 करोड़ हो गई है। जिस तरह वर्जिनिया वूल्फ और उनके समकालीन लेखकों ने यह बताने की कोशिश की है कि  किस तरह औद्योगिकरण ,सामूहिक लोकतंत्र, टेलीग्राम,  टेलीफोन,  जैसी तकनीक  के  अभूतपूर्व प्रसार ने मानवीय संबंधों को परिवर्तित कर दिया उसी तरह भारत में स्मार्टफोन ने आदमी के निजी और सार्वजनिक जीवन में परिवर्तन ला दिया है। लाखों नौजवानों और गरीब भारतीयों के लिए इस औजार ने पहली बार कैमरा ,कंप्यूटर, टेलिविजन ,म्यूजिक प्लेयर ,वीडियो गेम ,ई रीडर और इंटरनेट का एक साथ अनुभव कराया है । स्मार्ट फोन ने कई तकनीको बहुत कम समय में एक साथ जमा कर दिया। इस तरह की तकनीकों के अलग-अलग अविष्कार में पश्चिम को काफी समय और धन लगाना पड़ा था। उदाहरण के लिए प्रिंटिंग प्रेस की शुरुआत से लेकर फोटोग्राफी ,रेडियो टीवी पर्सनल कंप्यूटर मॉडेम इत्यादि के विकास में कितना वक्त लगा था। पश्चिम में इस तकनीकी विकास में सामाजिक और राजनीतिक क्रांति भी जुड़ी थी। उदाहरण के लिए प्रिंटिंग प्रेस ने पहली बार आसानी से दुनिया को किताबे मुहैया कराई और पढ़ने पढ़ाने का एक नया वर्ग तैयार हो गया।
            आज भारत में वर्ग शक्ति के मामले में भारी बदलाव आया है।  स्मार्टफोन के जरिए कोई भी आदमी अपने विचार जाहिर कर सकता है और उसे दूर दूर तक भेज सकता है। 
यह संप्रेषण परंपरागत राजनीतिक प्रतिनिधियों तथा मीडिया के विचारकों को नजरअंदाज कर या कभी-कभी उन्हें चुनौती देकर अपना पृथक स्वरूप ग्रहण करने लगता है। इस नए स्वरूप का असर होता हुआ भी दिखता है। यह अनुभव विश्वसनीय भी लगता है। तीव्र संचार दुनिया भर में लोकतंत्र तथा आजादी को प्रोत्साहित करते हैं । झूठे समाचार व्हाट्सएप  , फेसबुक या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रसारित होते हैं ।भारत में इसी के कारण मॉब लिंचिंग की घटना है देखी जाती है।  अब इससे भारत के चुनाव को प्रभावित किए जाने का खतरा पैदा हो रहा है, यह  ठीक वैसे ही है जैसे पिछले साल ब्रजिल के चुनाव में हुआ था । स्मार्ट फोन धारक स्थाई रूप से सूचनाओं से जुड़े हैं। यह सूचनाएं गलत भी हो सकती हैं लेकिन इनका भी असर देखा जाता है। इसका मुख्य कारण है  लोगों में सही और गलत को समझ पाने की क्षमता का अभाव ।  जब सरकारी शिक्षा व्यवस्था अपर्याप्त हो और निजी शिक्षा व्यवस्था अधिकांशत ठगी हो तथा छोटी नौकरियों के लिए भी भयानक प्रतियोगिताएं हैं तो क्या क्रांति के लिए स्थितियां में तैयार हो गई हैं। जी नहीं ,वह स्थिति अभी नहीं आई है।क्योंकि इन दिनों विमर्श के बदले अधिकांश लोग स्मार्टफोन के स्क्रीन से जुड़े हुए रहते हैं। लोकप्रिय राजनीतिज्ञ सोशल मीडिया का सहारा लेते हैं लेकिन इसका असर तभी पड़ता है जब सूचनाएं मनोरंजन तथा प्रचार के साथ ही साथ बॉलीवुड के वीडियो से जुड़ी हों या कहें यह सब उनमें गुंथा हो और सब कुछ एक ही साथ हो एक ही परदे पर हो। कभी के बहुत सक्रिय लोग इन दिनों निष्क्रिय उपभोक्ता में बदलते जा रहे हैं। उनकी चेतना का स्तर घटता जा रहा है । वोटिंग मशीन का बटन ठीक उसी तरह और राजनीतिक उत्साह से दबाया जाता है जिस तरह फेसबुक, इंस्टाग्राम या ट्विटर के आइकन को क्लिक किया जाता है। स्मार्टफोन के कारण आरंभ हुआ सोशियोपेथिक आचरण उस समय और प्रोत्साहित होता है जब वह कहीं दिखता नहीं है। भारत कुल मिलाकर एक अपरिवर्तनवादी समाज है लेकिन साथ ही  इस देश में झूठे  समाचारों और कामुक तस्वीरों की लत और आकर्षण बढ़ता जा रहा है। यह एक बहुत बड़े संकट का लक्षण है क्योंकि एक आदमी लिखे हुए वाक्यों से परदे की ओर बढ़ रहा है या महत्वपूर्ण वैचारिक स्तर से निष्क्रिय खपत तथा लेखन से छवि बनाने की ओर कदम बढ़ा रहा है ।लोकतंत्र का सामाजिक अनुबंध उसके लोगों में सच्चाई के प्रति दृष्टिकोण क्या है इस पर निर्भर करता है। लेकिन तब क्या हो जब सोचे समझे और व्यवस्थित ढंग से तैयार की गई छवियां सच्चाई के नए विकल्प के रूप में उपस्थित हो रही हों? पश्चिम के पढ़े लिखे  और धर्मनिरपेक्ष समाज के साथ भी यही समस्या है ,लेकिन आंशिक तौर पर पढ़े लिखे और अत्यंत धार्मिक समाज में इसपर विचार करना ज्यादा जरूरी है। क्यों फिर ऐसे समाज में मिथक और चमत्कार का माननीय कल्पनाओं पर ज्यादा प्रभाव होता है।
         पश्चिम में ऐसे कई उदाहरण हैं कि जब धमकी  या रहस्य की काल्पनिक छवि प्रसारित की जाती है तो लेखन से उसका विरोध होता है और उसे वैज्ञानिक तौर पर प्रमाणित किये जाने की चुनौती दी जाती है। कई मौकों पर धर्म की सत्ता को ललकार भी दिया जाता है। 
      लेकिन भारत में ऐसा बहुत कम देखा जाता है । खास करके पिछले कुछ सालों में तो गति प्रतिगामी हो गई है। गढ़े हुए रहस्य फेसबुक, व्हाट्सएप और सोशल मीडिया अन्य प्लेटफार्म से प्रसारित किए जाते हैं । इससे वैचारिक विमर्श की संभावनाएं समाप्त हो रही हैं। जो लोकतंत्र की बुनियाद के लिए जरूरी है। एक काल्पनिक विडंबना करोड़ों लोगों चमत्कारिक पौराणिक युग की ओर ले जा रही है और इस का जरिया है स्मार्टफोन । इसका ताजा उदाहरण  है  एक दक्षिण पंथी पार्टी की एक साध्वी उम्मीदवार यह कहती है कि उस के श्राप से मुंबई के पुलिस अधिकारी की मृत्यु हो गई और लोग  उसकी वास्तविकता नहीं  ऐसा होने और नहीं होने पर  बहस करने लग जाते हैं । क्या ऐसा नहीं लग रहा है कि हम  रहस्य और चमत्कार की ओर बढ़ रहे हैं  हमारी तार्किकता समाप्त हो रही है  बौद्धिकता  कुंद होती जा रही है । फंतासी  की ओर बढ़ते समुदाय के लिए इस बात का कोई महत्व नहीं है कि चुनाव में कौन जीता कौन हारा। स्मार्टफोन बड़े ही नाटकीय अंदाज में भारत में मानवीय चरित्र को पुनः नियोजित कर रहा है और यह देश के भंगुर लोकतंत्र तथा सिविल सोसायटी को कितना प्रभावित करेगा इसकी गणना नहीं की जा सकती।

ईस्टर में मातम

ईस्टर में मातम

श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के उत्तरी भाग में निगम्बो में एक चर्च में विस्फोट से 200 से ज्यादा लोग मारे गए। विस्फोट रविवार को हुआ । रविवार को ईसाईयों का ईस्टर पर्व था। न्यू टेस्टामेंट में उल्लेख है कि  उस दिन  सन 30 में  प्रभु यीशु मौत के बाद जीवित हो उठे थे। इसे ईस्टर के रूप में मनाया जाता है। ईस्टर प्रभु यीशु के मौत के बाद से वापस लौटाने के दिन का पर्व है इसलिए  चर्च में प्रार्थना के लिए बहुत लोग इकट्ठे थे और उस दिन प्रभु यीशु की आराधना में लगे सैकड़ों लोग मौत के आगोश में चले गए। इस सिलसिले में 13 लोगों को अभी तक गिरफ्तार किया गया है। भविष्य में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। श्रीलंका सरकार के अधिकारियों के मुताबिक इस घटना को जिहादियों ने अंजाम दिया है । उस दिन लंका में आठ स्थानों पर विस्फोट हुए। विस्फोट से जुड़े एक व्यक्ति को गिरफ्तार किए जाने के बाद जांच के दौरान उसके परिजनों ने बताया कि वह 6 महीने से गायब है। खबर मिली है की इस घटना के बारे में पहले से ही सूचना दे दी गई थी। भारत सरकार ने इस महीने की शुरुआत में श्रीलंका सरकार को खुफिया सूचना दी थी की उनके यहां बहुत जल्दी आतंकी हमले होने वाले हैं । इस सूचना के आधार पर कोलंबो पुलिस के प्रमुख ने 11 अप्रैल को देशभर में सतर्कता जारी कर दी थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि भारतीय उच्चायोग तथा चर्च पर हमले हो सकते हैं। सतर्कता में जिस संगठन का नाम लिया गया था वह था नेशनल तौहीद जमात। यह कट्टर इस्लाम का समर्थक है। लेकिन तब भी श्रीलंका में चौकसी नहीं थी। दरअसल वहां 12 अप्रैल से ही छुट्टियां चल रही थी।  तमिल -सिंहल नववर्ष, गुड फ्राइडे और ईस्टर की  मस्ती में डूबे लोग जश्न मना रहे थे। इससे पता चलता है कि श्रीलंका शांति के प्रति कितना अभ्यस्त हो चुका है। उसने चेतावनी ऊपर भी कान देना उचित नहीं समझा। ऐसा देश जो आतंकी हमलों के प्रति अजनबी नहीं है। इस देश में मई 2009 के बाद जब एल टी टी ई को  फौज के हाथों पराजित होना पड़ा था उस के बाद यह पहला हमला है । तमिल टाइगर्स के आतंकी ग्रुप ने  सबसे बड़ा विस्फोट श्रीलंका के सेंट्रल बैंक के समीप किया था जिसमें 91 लोग मारे गए थे और सैकड़ों घायल हो गए थे। उसके हर हमले पुलिस और सेना पर ही हुआ करते थे। न्यू यॉर्क 9/11 की घटना से 2 महीने पहले 2001 की जुलाई में उन्होंने भंडारनायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हमला किया था और लगभग सभी उड़ाने रद्द हो गई थी। लेकिन रविवार के विस्फोट में इस तरह के कोई सबूत नहीं दिखाई पड़ रहे हैं । एलटीटीई लगभग समाप्त हो चुका है और वैसे भी यह  कैथोलिक चर्च पर हमले नहीं किया करता था। क्योंकि उत्तर पूर्व के बहुत से तमिल क्रिश्चियन थे और शांति पूर्वक रह रहे थे। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि इस दिन विस्फोट करने वाले किसी भी संगठन ने अभी तक  जिम्मेदारी नहीं ली है।  इस तरह के विस्फोटों के तौर-तरीकों आधार पर ही अंदाजा लगाया जा रहा है।
         इन  8 विस्फोटों में से दो आत्मघाती थे। यह इन दिनों आतंकी हमलों के लिए सामान्य बात है। लेकिन जब टारगेट को देखा जाए तो चर्च का चुनाव इसी वर्ष जनवरी में दक्षिणी फिलीपींस के जोलो में  विस्फोट की याद दिलाता है जहां 20 लोग मारे गए थे।  इस घटना को पूर्वी एशिया से संबद्ध आईएसआईएस संगठन ने अंजाम दिया था।  यही नहीं हाल में न्यूजीलैंड में मस्जिद में गोलीबारी की घटना की भी याद आती है। जहां तक मृत्यु संख्या का सवाल है इसमें एक बड़े होटल का चयन जहां विदेशी पर्यटक ठहरे हुए थे और हमले का तौर तरीके को देखकर 2008 के मुंबई हमलों की याद आती है। उस हमले में 166 लोग मारे गए थे। जहां तक ईस्टर के दौरान हमले की बात है तो गत 27 मार्च 2016 को लाहौर में गुलशने इकबाल पार्क  में हमला याद आता है जिसमें 75 लोग मारे गए थे और इस घटना की जिम्मेदारी पाकिस्तानी तालिबान ने ली थी। यही नहीं 2017 में "पाम संडे" के दिन मिस्र में चर्च पर हमला हुआ था जिसमें 45 लोग मारे गए थे।  चर्च और ईसाईयों  से जुड़े टारगेट्स पर जितने हमले हुए हैं उसकी जिम्मेदारी आईएसआईएस अथवा उससे जुड़े संगठन ने ली है । ताजा घटना के लिए सुना  जा रहा है कि वह संगठन है नेशनल तौहीद जमात और एक साल पहले आईएसआईएस में शामिल होने के लिए घर से भागे सैकड़ों श्रीलंकाई नागरिक इस जमात के प्रभाव में बताए जाते हैं।
        घटना के कारण श्रीलंका में भय व्याप गया  है कि कहीं एलटीटीई वाले दिन न लौट आएं। चाहे जो हो इस घटना का असर लंका की अस्थिर राजनीति पर जरूर पड़ेगा। राष्ट्रपति श्रीसेना और प्रधानमंत्री विक्रम सिंघे में 2018 से ही तनाव है फिर भी सरकार चलती है। इस साल के आखिर में राष्ट्रपति चुनाव होने वाले हैं और राजपक्षे को गुट उम्मीद है वह दोबारा जीतेगा। रविवार की घटना के बाद श्रीलंका के चुनाव में आतंकवाद मुख्य मुद्दा बनेगा। इस घटना को देखते हुए ऐसा लगता है कि कहीं भारत के दक्षिणी क्षेत्र में भी ऐसा ना हो। क्योंकि दक्षिणी भारत में आईएस अपना पैर पसारने कोशिश में लगा हुआ है। भारत सरकार को इसे देखकर चौकन्ना रहना पड़ेगा।

Sunday, April 21, 2019

नकली उत्सव

नकली उत्सव

भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और आज आम चुनाव के दौर से गुजर रहा है।  इतिहास गवाह है कि लोकतंत्र के इस महादेश में कभी भी किसी राजनीतिक गठबंधन या राजनीतिक पार्टी ने 50% बहुमत नहीं पाया है। यहां बहुमत का आशय यह है कि 50% मतदाताओं का वोट उसे मिला नहीं मिला है। कई बार तो पूरे देश के मतदाताओं की संख्या के 30% के आधार पर ही सरकारें बनी हैं। हालांकि, लोकतंत्र अवधारणा सिंधु घाटी सभ्यता से ही आरंभ हुई थी तथा यूनान  एवं रोमवासियों ने इसे एक संस्थान का दर्जा दिया।  अब सवाल है कि क्या भारत एक ऐसा  लोकतंत्र होने का दावा कर सकता है जो पश्चिमी देशों में है? क्या सचमुच यहां लोकतंत्र का उत्सव कुछ चुनिंदा लोगों के नियंत्रण से मुक्त है?
          विश्व बैंक की हाल की रपट के मुताबिक देश की 32.7% आबादी गरीबी रेखा के नीचे गुजर करती है और 68.7% आबादी $2 प्रतिदिन पर जीवन बसर करती है। जैसा कि आंकड़े बताते हैं 45% बच्चे और 21%  वयस्क कुपोषण के शिकार हैं। यही नहीं जो नए पढ़े लिखे लोग हैं उनमें से बहुत कम लोग  उस शिक्षा का उपयोग करने में कामयाब हैं जिसे उन्होंने पढ़ा है? नव शिक्षित लोग उन रोजगारों के माध्यम से रोजी-रोटी  जुटा रहे हैं जिसके लिए कम पढ़े लिखे लोग पर्याप्त हैं।कुछ लोग जो ज्यादा पढ़े हैं वह भी छोटे-छोटे कामों में लगे हुए या अपने खानदानी पेशे से जुड़े हुए हैं । विकास उपलब्धियां उनके रोजगार को नहीं बदल सकीं और ना ही जीवन शैली को । तो ऐसे लोग दिलो दिमाग से किस तरह लोकतंत्र के इस उत्सव में शामिल हो सकते हैं इसके बावजूद इस वर्ष मतदान के प्रतिशत आश्चर्यजनक रूप से ज्यादा हैं।
मिलती नहीं कमीज पावों से पेट ढक लेते हैं
कितने मुनासिब हैं ये लोग इस सफर के लिए 

अक्सर चुनाव बाहुबल तथा धन बल से प्रभावित होते हैं क्योंकि भारत के बहुसंख्यक लोग ताकतवर लोगों पर निर्भर हैं। वह ताकतवर हस्ती चाहे राजनीतिज्ञ हो, अमीर व्यापारी हो या अफसर हो । ऐसे  आम आदमी की जमात कैसे स्वतंत्र तथा निष्पक्ष होकर मतदान कर सकती है।  हम  अक्सर डरे रहते हैं या डरा कर रखा जाता है । विख्यात समाजशास्त्री रजनी कोठारी के मुताबिक देश में जातियों का राजनीतिकरण या राजनीति का जातीय करण बहुत तेजी से हो रहा है। राजनीतिक नेता जाति के आधार पर अपने मतदाताओं को लुभाते हैं । वैसे में विभिन्न जातियों के नेता ताकतवर राजनीतिज्ञों  के साथ कंधा मिलाकर चलने का गौरव हासिल कर लेते हैं और वह फायदा उठाते हैं जो संविधान के दायरे में रहकर नहीं उठाया जा सकता है। उदाहरण के लिए जातीय नेता अपनी जाति के नौजवानों को आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन में कूद जाते हैं । कहा जाता है वे कमजोर है उन्हें आरक्षण दिया जाए।  कमजोर लोगों का यह जत्था ट्रेन में आग लगा देता है, बसों को फूंक देता है, दुकानें जला देता है, सड़क जाम कर देता है फिर भी वह कमजोर है। सभी राजनीतिक दलों का एक ही फॉर्मूला है कि कुछ मुफ्त में दे कर वोट बटोर लें। चाहे वह रोजगार गारंटी योजना हो या आय गारंटी योजना हो सब का गेम प्लान एक ही है। इन दिनों एक नया गेम प्लान आकार ले रहा है वह दूसरों के या प्रतिद्वंदी के चरित्र पर कीचड़ उछाला जाना और उसे बदनाम किया जाना। इसका सबसे ताजा उदाहरण भारत के प्रधान न्यायाधीश पर यौन शोषण का आरोप है। यह आरोप सच है या गलत इस पर कोई बहस नहीं है लेकिन इसकी टाइमिंग अपने आप में इसे संदेहास्पद बना दे रही है। आदर्श आचार संहिता चुनाव की तारीख घोषित किए जाने के दिन से ही लागू हो जाती है और परिणाम निकलने तक कायम रहती है ।  पार्टी उसी के अनुसार अपने वायदे करती है । लेकिन जनता को हर बार मूर्ख नहीं बनाया जा सकता।  आज चुनाव की गति तथा पिछले चुनावों का अनुभव बताते हैं कि वायदे तोड़ने के लिए ही किए जाते हैं।  ऐसा है तो चुनाव लोकतंत्र का उत्सव कैसे हो सकते हैं?
          ताजा चुनाव में जोर आजमाने वाले उम्मीदवारों का इतिहास देखें तो बहुत निराशा होती है। आजादी के पहले जो लोग राजनीति में भाग लेते थे उनका एक जज्बा था देश की सेवा। आजादी के बाद यह जज्बा बदलता गया। अब राजनीति में जाना अपनी महत्वाकांक्षा तथा स्वार्थ को पूरा करने का एक जरिया बन गया है । आजादी के बाद बहुत भयानक मानसिक परिवर्तन हुआ है। देशभक्त स्वार्थी बन गए हैं। वरना हमारे राजनीतिज्ञ कैसे इतना धन इकट्ठा कर लेते हैं। क्यों हमारे सांसद और विधायक उन लोगों से ज्यादा लोकप्रिय हैं जो इमानदारी और कठोर मेहनत से जीवन यापन करते हैं? क्या औपनिवेशिकरण ने हमारे देश की अधिकांश जनता को लोभी और भ्रष्ट बना दिया?
         आजादी के बाद से विकास का फल प्रभावशाली लोगों ने ही पाया है और इससे समाज में वर्गीय ध्रुवीकरण हुआ है। एक गरीब आदमी अपनी इमानदारी को प्रदर्शित नहीं कर सकता और अगर करता भी है तो वह बात किसी को मालूम नहीं पड़ती। गरीब अक्सर बेईमानी के चंगुल में फंस जाते हैं या कहें फंसा दिए जाते हैं। क्योंकि वह गरीब हैं और बेकार हैं। ऐसे लोग चुनाव के दौरान पैसे के लिए राजनीतिक पार्टियों से जुड़ जाते हैं और धीरे धीरे राजनीति के अपराधीकरण के तंत्र बन जाते हैं।  चुनाव के दौरान आतंक फैलाने के काम में आते हैं। कहा जाता है कि लोकतंत्र शासन   की एक पद्धति है जिसमें निर्वाचित प्रतिनिधि व्यवस्था को संचालित करते हैं। यह निर्वाचन आम जनता के मतों से होता है लेकिन भारत जैसे देश में जहां धन, शिक्षा, संस्कृति, रस्मो रिवाज और सामाजिक अवसरों में बहुत बड़ा अंतर है वहां लोकतंत्र विकास का सार्थक उत्प्रेरक कैसे बन सकता है? सवाल है भारत जैसे कम विकसित देश में क्या लोकतंत्र अपने सही अर्थों में कायम रह सकता है?
             वर्तमान लोकतंत्र की अवधारणा हमारे देश में नेहरू के इशारे पर पश्चिम से लाकर रोप दी गई। लोकतंत्र के लिए जरूरी है समाज का शिक्षा उन्मुख होना नाकी संस्कृति उन्मुख । हमारा देश संस्कृति उन्मुख रहा है इसलिए आज संस्कृति को ही मुख्य विभाजन कारी औजार के रूप में उपयोग में लाया जा रहा है। बेलगाम भ्रष्टाचार, धन और  सत्ता का असमान बटवारा, दोषपूर्ण प्रशासन प्रणाली ने यह स्पष्ट कर दिया है कि देश में जो लोकतंत्र लागू किया गया है वह हमारे लिए नहीं है। हाल के आतंकवाद, क्षेत्रवाद और अलगाववाद ने देश में लोकतंत्र की सीमाओं को स्पष्ट कर दिया है। ऐसी स्थिति में हम इस चुनाव को कैसे लोकतंत्र का महा उत्सव कर सकते हैं? यह एक विचारणीय प्रश्न है।

Friday, April 19, 2019

हो चित जहां भय शून्य  

हो चित जहां भय शून्य  

गुरुवार को चुनावी माहौल काफी गर्म रहा। एक तरफ मतदान का दूसरा चरण चल रहा था और दूसरी तरफ नेताओं के भाषण। भाषण भी ऐसे जैसे आग लगाने की कोशिश की जा रही है या आतंकित करने की कोशिश हो रही है। चाहे वह आतंक एनआरसी का हो या गरीबी का।  निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस के विज्ञापन "चौकीदार  चोर है " पर पाबंदी लगा दी। इस रोक से लिए मध्य प्रदेश के संयुक्त मुख्य चुनाव पदाधिकारी राजेश कौल ने सिफारिश की थी। कहा गया है  कि चौकीदार चोर है विज्ञापन में अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है और यहां चौकीदार का आशय है मोदी से। इस विज्ञापन से व्यक्ति विशेष को निशाने पर लिया गया है । इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दायर एक याचिका को भी मंजूर किया है। यहां एक संदर्भ का उल्लेख प्रासंगिक हो रहा है कि जब 1989 में राजीव गांधी चुनाव लड़ रहे थे और बोफोर्स का मामला गरमाया  तो सड़कों पर खुल्लम खुल्ला नारे लगते थे "राजीव गांधी चोर है।" उस जमाने में इस पर बात नहीं हुई नाही इस नारे पर पाबंदी लगी। एक तरफ तो  बंदिशों की बात चल रही है और तो दूसरी तरफ एक दूसरे पर सीधा हमला किया जा रहा है।
      गृह मंत्री राजनाथ ने बंगाल में हावड़ा और मालदह में अपने भाषणों के दौरान गुरुवार को कहा कि गरीबी हटाने का कांग्रेस का कथन गलत है, झूठा है। गरीबी तभी दूर हो सकती है जब भारत कांग्रेस मुक्त हो। श्री सिंह ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू के जमाने से ही कांग्रेस गरीबी हटाने के झूठे वादे  कर रही है। इंदिरा गांधी, उनके बाद  राजीव गांधी और अब राहुल गांधी भी गरीबी हटाने की बात कर रहे हैं। जबकि सच्चाई यह है कि कांग्रेस मुक्त बनाने पर ही भारत से गरीबी हटेगी। उन्होंने बताया कि अमरीका ने 2016 में एक सर्वे किया था जिसमें भारत में 12.5 करोड़ गरीब थे।2019 में वह संख्या घटकर 5 करोड़ पहुंच गई है।
         उधर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री  ममता बनर्जी ने मालदा में कहा कि केंद्र की फसिस्ट और स्वेच्छाचारी सरकार 5 वर्षों तक देश को लूटती रही है अब उसकी विदाई का समय आ गया है। वह इस देश को एनआरसी देना चाहती है एनआरसी उस पर एनबीसी( नेशनल बिदाई सर्टिफिकेट) साबित होगा। उन्होंने कहा कि  वह बंगाल में एनआरसी लागू नहीं होने देंगी । एनआरसी का फैसला उल्टा पड़ेगा। देश में नोटबंदी और जीएसटी से बेरोजगारी बढ़ाने वाली सरकार को वोट मांगने का अधिकार नहीं है। वाह असम सहित बंगाल में किस आधार पर वोट मांग रही है । असम में एनआरसी के जरिए लगभग 42 लाख हिंदू मुसलमान समुदाय के लोगों को नागरिकता सूची से एक झटके में हटा दिया गया और वह बंगाल में एनआरसी लागू करने की बात कर रही है। उन्होंने कहा बंगाल में एनआरसी का कभी लागू नहीं होने दिया जाएगा।
        चुनावी भाषणों में आरोप-प्रत्यारोप पहले भी लगते रहे है लेकिन इन दिनों इन का स्तर बहुत ही नीचे चल आया है। खास करके जब जनसभाओं में हमारे नेता भाषण दे रहे हैं। यह एक तरह से हमारे समाज के सोचने के ढंग को परिलक्षित करता है। इन दिनों हमारे अवचेतन में बैठे भय के भूत को जगाया जा रहा है। हमारे अवचेतन में बैठी जो बात हमें लगातार आतंकित करती आ रही है या हमारे गुस्से को भड़का देती है आज चुनाव में बार बार उन्हीं बातों का उपयोग किया जाता है । कहा जा सकता है कि पूरा मतदाता वर्ग उपभोक्ता है तथा आवाज ,लेखन एवं नारों से  औजार बनाकर उसके सामने इस तरह से पेश किया जा रहा है जैसे कोई हथियार दिखा कर लूटना चाह रहा हो। इलेक्शन जीतने वाले आम जनता को भयभीत कर चुनाव जीतते हैं। मनोवैज्ञानिक तौर पर कहें तो भय बहुत बड़ा औजार है । बट्रेंड रसल का मानना था की कोई देश या समाज जब तक आतंकित नहीं होगा  तब तक उसे विश्वसनीय तौर पर उपयोग में नहीं लाया जा सकता। आज हमारे नेता यही कर रहे हैं। वह समाज को तरह-तरह के जुमलों से ,नारों से भयभीत कर रहे हैं। उनके भीतर बैठे भय को जगा रहे हैं । वह भय चाहे  एनआरसी का भय हो या झूठ का भय हो। हमें इस बात पर विचार करना होगा कि हम कैसे भय मुक्त हो सकें। कवि गुरु रवींद्रनाथ ने लिखा था
       हो चित जहां भय शून्य, माथ हो उन्नत
        बस उसी स्वर्ग में जागे देश हमारा

Thursday, April 18, 2019

बालाकोट को कारगिल -2 बना रहे हैं

बालाकोट को कारगिल -2 बना रहे हैं

प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 के चुनाव में खुद को प्रधान सेवक बताया था। 2019 आते-आते वे प्रधान सेवक से खुद प्रधान सेनापति बन गए और उन्होंने राष्ट्रीयता का कवच धारण कर लिया । दुश्मन के घर में घुसकर मारने की चेतावनी दे रहे हैं और खुल्लम खुल्ला कह रहे हैं कि चाहे वे जहां छुपे हैं उन्हें मारे बिना नहीं छोड़ेंगे। वे अपने विरोधियों को चाहे वह कांग्रेस हो या गांधी परिवार या ममता बनर्जी सबको पाकिस्तान का तरफदार और आतंकवादियों का हमदर्द बता रहे हैं। यही नहीं पहली बार  वोट डालने वाले   नौजवानों को या कहें किशोरों से मोदी जी अपील कर रहे हैं कि वे अपने वोट पुलवामा के शहीदों समर्पित कर दें। यह एक तरह से देश के वीर जवानों के नाम वोट डालने का इशारा है। वे चुनाव सभाओं में कहते हैं की मोदी ही देशद्रोहियों से देश को बचा सकते हैं। 31 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्धा में कहा कि "राहुल गांधी बहुसंख्यकों  के दबदबे वाली सीट से भागकर वायनाड जैसी जगह में पनाह ली है, जो अल्पसंख्यक बहुल है।" वे इशारा कर रहे हैं कि राहुल गांधी ने अल्पसंख्यकों से जुड़कर ईशनिंदा का अपराध किया है। उनका इशारा है कि अगर कोई नेता अल्पसंख्यकों की मदद से जीतता है तो वह अच्छा हिंदू नेता हो ही नहीं सकता है। बड़ा अजीब लगता है यह सोच कर क्या हम 1909  में जी रहे हैं ? जब यह नारा दिया गया था कि हिंदुओं को हिंदू नेता ही चुनना चाहिए और मुसलमानों को मुस्लिम। इसका नतीजा हुआ कि  1947 में हमें बंटवारे का दर्द सहना पड़ा।
यही नहीं पार्टी के अध्यक्ष और एक तरह से मोदी जी की छाया के रूप में विख्यात अमित शाह भी राहुल गांधी पर पाकिस्तान से चुनाव लड़ने का आरोप लगाते हैं, क्योंकि वायनाड में आईयूएमएल के कार्यकर्ता हरे झंडे लेकर प्रचार कर रहे थे। यह उनकी पार्टी  के झंडे का रंग है। यही नहीं, वे चुनाव में वादा कर रहे हैं कि अगर उनकी सरकार आई तो वह हिंदुओं और बौद्धों को छोड़कर सभी घुसपैठियों को निकाल बाहर करेगी ।  योगी आदित्यनाथ ने नारा दिया "उनके अली हमारे बजरंगबली" और इस चुनाव को  उन्हीं का संघर्ष बताया। भाजपा के संकल्प पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि वे राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर चुनाव लड़ रहे हैं।  बालाकोट का हवाई हमला तथा उड़ी आतंकवादी हमले उनके प्रतीक चिन्ह हैं और देश को विभाजित होने से रोकना उनका मिशन है । पार्टी ने संकल्प पत्र में कश्मीर से धारा 35 ए को खत्म करने का वादा किया है। एक नजर में देखने में यह राष्ट्रवाद लगता है। लेकिन इसका दूसरा पहलू सांप्रदायिक ध्रुवीकरण भी है और कई असफलताओं पर या सरकार के  उदासीन रिकार्डो पर पर्दा डालने की कोशिश है।
            भक्तों की टोलियां इसे कारगिल- 2 की रणनीति बता रही हैं और यह स्पष्ट करने की कोशिश कर रही हैं 1999 के कारगिल युद्ध के पश्चात तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की लोकप्रियता काफी बढ़ गई थी। उसी तरह बालाकोट के बाद मोदी जी की लोकप्रियता बढ़ गई है। उनका मानना है कि जिस तरह बाजपेई जी जीते थे उसी तरह मोदी भी जीत जाएंगे। वे पाकिस्तान , डर, हिंदुत्व और विपक्ष के डरपोक नेताओं का हौवा दिखाकर चुनाव जीतना चाहते हैं। बहुत ही अच्छा गेम प्लान है।  इसे विजय का फार्मूला मान लिया गया है। लेकिन अगर इस स्थिति के मद्देनजर भारतीय समाज का समाजशास्त्रीय विश्लेषण करें ऐसा लगता है कि ऐसा सोचने वाले अति आत्मविश्वास के शिकार हो गए हैं। जो लोग यह बताते हैं की 1999 में कारगिल- 2 के कारण बाजपेई जी जीते थे वे गुमराह कर रहे हैं। बाजपेई जी के जीतने के चार कारण थे। पहला 13 महीने के बाद सरकार के गिरने की घटना से जबरदस्त सहानुभूति मिली थी।  लोगों के मन में यह बात थी कि बाजपेई ने परमाणु परीक्षण किया था और अमरीकी पाबंदियों का मुकाबला किया था इसलिए वे मजबूत नेता हैं। दूसरा कारण था , देश 10 साल में 6 प्रधानमंत्री देखकर ऊब चुका था और लोग स्थिरता चाहते थे। तीसरा कारण था कि बाजपेई जी बड़े दिल के नेता थे और गठबंधन को साथ लेकर चलना जानते थे और चौथा कारण कांग्रेस की पॉलिसी में भारी भूल थी खास करके पंचमढ़ी बैठक के बाद ।जब उसने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया। वह फैसला वह गलत था।
           अगर ठंडे दिमाग से देखें तो कारगिल विजय का श्रेय बाजपेई जी को देना भ्रामक था। उनकी विजय के दूसरे कारण थे लेकिन मोदी जी और उनके साथी शायद यह नहीं देख पा रहे हैं और वह सारे तीर पाकिस्तान तथा बालाकोट को निशाना बनाकर चला रहे हैं। यह  एक सूत्रीय विमर्श है और  डर है कि कहीं निशाना गलत ना हो जाए। पर अभी तो यह उम्मीद की जा सकती है कि इसका असर हो रहा है। लोग या कहें मतदाता किस ढंग से सोचते हैं यह जान पाना बड़ा मुश्किल है। इसलिए परिणामों का इंतजार लाजिमी है। उसके पहले किसी तरह का कोई विचार बनाना निहायत गलत और जल्दबाजी है।