CLICK HERE FOR BLOGGER TEMPLATES AND MYSPACE LAYOUTS »

Tuesday, May 7, 2019

मसूद अजहर पर प्रतिबंध

मसूद अजहर पर प्रतिबंध

4 मई 2019
मसूद अजहर पर प्रतिबंध को लेकर एक सवाल उठता है कि राष्ट्र संघ के नियम के अनुसार अजहर पर पाबंदी पर चीन ने जो विटो लगा रखा था उसे उसने अभी क्यों वापस लिया? एकदम चुनाव के मध्य में उसने ऐसा क्यों किया? उत्तर हो सकता है ,नरेंद्र मोदी जी को मदद कर आभारी बनाने के लिए। मोदीजी ने इसके खिलाफ जोर शोर से अभियान चलाया था। लेकिन , यह उत्तर बड़ा सरल और नौसिखुआ प्रकार का है। क्योंकि चुनाव के चार चरण बीत चुके हैं और इसलिए मोदी जी को अब इसमें मदद नहीं की जा सकती है। हो सकता है चीनी  दो तरफा चाल चल रहे हों। अगर मोदी जी जीतकर दोबारा प्रधानमंत्री बनते हैं तो वह कहता फिरेगा कि उसने इनकी मदद की और अगर हारते हैं तो कहेगा कि चुनाव  से कोई लेना देना नहीं था। दूसरा सवाल है कि भारत इसके बदले चीन को क्या देगा? अगर कोई यह समझता है कि चीन भारत की बात से सहमत था तो वह दिवास्वप्न देखता है।
            सही बात तो यह है कि मोदी जी ने अपनी चुनावी रणनीति के तहत इसके लिए बहुत मेहनत की थी। उन्होंने चुनाव जीतने के लिए इस रणनीति का जितना उपयोग करना था किया है । चाहे वह जातीय समीकरण हो या विपक्षियों को हड़काने के लिए प्रवर्तन निदेशालय का उपयोग हो या टीवी शो या फिर फिल्म अभिनेताओं द्वारा समर्थन ही ,मोदी जी ने कुछ नहीं छोड़ा। इसी तरह उन्होंने कूटनीति का भी प्रयोग किया। कुछ लोगों का मानना है कि विदेश सचिव विजय गोखले की 21 से 23 अप्रैल की दो दिवसीय चीन यात्रा इसी प्रयास का एक अंग थी। सरकारी तौर पर वे नियमित विचार-विमर्श के लिए बीजिंग गए थे लेकिन कूटनीतिक क्षेत्रों में कहा जा रहा है कि वे चीन से मसूद अजहर पर पाबंदी के लिए सहयोग का वादा करवाने गए थे।  चीन बेल्ट एंड रोड फोरम के दूसरे अभियान मे जुटा है और पिछले हफ्ते वहां 37 देशों के विदेशी विभागों के प्रमुख थे जिनमें राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान, राष्ट्र संघ के सेक्रेटरी जनरल एंटोनियो गुटेरेस तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के प्रमुख क्रिस्टिन लागार्डे भी शामिल थे। इसलिए चीन ने यह फैसला अभी किया।
        हमें इस बात पर बहुत ज्यादा मुतमईन   नहीं रहना चाहिए कि गोखले जो अतिरिक्त सबूत लेकर चीन गए थे उसे बीजिंग ने मान लिया ।  यह एक साधारण और सरल राजनीतिक सौदेबाजी थी। दरअसल अजहर मसूद पर पाबंदी के लिए राष्ट्र संघ की नोटिस में यह साफ था कि चूंकि  अजहर  जैश ए मोहम्मद का संस्थापक है और पूर्ववर्ती हरकत उल मुजाहिदीन का प्रमुख था।  दोनों राष्ट्र संघ की  इसी नोटिस  के तहत पहले से ही राष्ट्र संघ में पाबंदीशुदा थे। हाल के वर्षों में जैश पर पुलवामा पठानकोट जैसी कोई रिपोर्ट भी नहीं थी। जैश का भारत से जुड़ा लंबा इतिहास रहा है। अजहर मसूद जो कभी हरकत उल मुजाहिदीन का प्रमुख था वह जैश ए मोहम्मद का प्रमुख बन गया। उसे विमान अपहरण में फंसे यात्रियों को रिहा कराने के लिए सन 2000 में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने रिहा कर दिया था। दूसरे ही साल उसके नए संगठन ने भारत की संसद पर हमला कर दिया। हाल के वर्षों में उसने लश्कर-ए-तैयबा को भी अपने संगठन में शामिल कर लिया। उसने 2016 में पठानकोट ,उड़ी और नगरोटा पर ,सुंजवान पर 2018 में और 2019 में पुलवामा में अर्धसैनिक बलों के वाहन पर हमले किए।
          राष्ट्र संघ ने अजहर पर  पाबंदी की नोटिस पेश की लेकिन चीन ने अड़ंगी लगा दी। भारत ने 2009 में ही इस पर प्रतिबंध के लिए आवेदन किया था इसके बाद पठानकोट हमले के पश्चात अमरीका,  इंग्लैंड और फ्रांस की मदद से फिर  आवेदन किया। चीन ने फिर वही किया।  2017 में भी पुनः प्रयास किया गया  लेकिन वह भी नाकाम हो गया। इस वर्ष पुलवामा हमले के बाद फ्रांस और इंग्लैंड के सहयोग से फिर से कोशिश हुई इस बार तो जैश ए मोहम्मद ने उस हमले में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली थी तब भी  चीन ने वही किया जो अब तक करता रहा है । अब सवाल उठता है कि क्या चुनाव में वर्तमान सरकार को क्या इससे मदद मिलेगी? क्या  सचमुच  यह एक बहुत बड़ी विजय है?
           वस्तुतः अजहर मसूद आज  एक आतंकी है और वह भारत पर कई हमलों का दोषी भी है। उस पर प्रतिबंध का भारत के चुनाव पर बहुत ज्यादा असर नहीं पड़ने वाला। इसके पहले लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख हाफिज मोहम्मद पर 2009 नए प्रतिबंध लगा था लेकिन वह पाकिस्तान में फलता फूलता रहा। प्रतिबंध से केवल यही होता है कि उसकी संपत्ति जप्त हो जाती है और विदेश यात्राओं पर रोक लग जाती है। पिछले 3 वर्षों से जैश ए मोहम्मद ने भारत के कई स्थानों पर हमले किए और सुरक्षाकर्मियों को मारा। इसमें मोदी सरकार ने केवल एक ही आ कि राष्ट्र संघ में उसके खिलाफ कागजात को आगे बढ़ा दिया और कागज पर ही उस पर पाबंदी लग गई। अजहर जैसे आतंकवादी का सबसे अच्छा इलाज यह होता की उसे पकड़ लिया जाता और जेलों में बंद कर दिया जाता  उस पर मुकदमा चलता या फांसी पर लटका दिया जाता। लेकिन ऐसा कुछ भी मोदी सरकार ने नहीं कहा है।  इस तरह की पाबंदी को बहुत बड़ी विजय बताना सचमुच जरा खोखला लगता है। यह बात याद दिलाती है पिछले चुनाव में मोदी जी ने दाऊद इब्राहिम को भारत लाने का वादा किया था क्या हुआ उसका? बस यह पाबंदी भी कुछ वैसा ही करेगी।

इस चुनाव का विरोधाभास

इस चुनाव का विरोधाभास

3 मई 2019
2019 का चुनाव  अत्यंत विरोधाभासी है। चुनाव आयोग का पहला कर्तव्य है कि वह इस बात पर पूरा ध्यान रखे कि सत्तारूढ़ दल केवल अपनी क्षमता के कारण दूसरे दलों के प्रति कोई नाजायज लाभ नहीं उठा सके। लेकिन शायद ऐसा नहीं होता है। भारत में चुनाव के दौरान चुनाव आयोग ब्यूरोक्रेसी का बॉस होता है । वह अपनी इच्छा अनुसार या किसी दबाव के अनुसार जूनियर और सीनियर अफसरों के तबादले करता है । हमारे देश का चुनाव आयोग इस वर्ष एक शोध का विषय है। ऐसा चुनाव जिसमें  किसी एक दल को अनुचित लाभ मिले और वह भी सिर्फ इसलिए कि वह सत्ता में है ऐसे चुनाव को स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कैसे कहा जा सकता है? इन दिनों इलेक्ट्रॉनिक  वोटिंग मशीन में गड़बड़ी की बात बहुत जोर शोर से उठ रही है लेकिन यह समझने के लिए कोई तैयार नहीं है कि मतदान शुरू होने के पहले ही राजनीतिक प्रक्रिया में अगर धांधली कर दी गई तो ईवीएम में गड़बड़ी की  कोई जरूरत नहीं रह जाती। कई ऐसे मसले हैं जिन पर विचार के बाद ऐसा लगता है यह चुनाव सबके लिए एक तरह का नहीं है। यह अत्यंत विरोधाभासी है। सबसे पहली बात तो चुनाव में होने वाले खर्च की। चुनाव आयोग के अनुसार  एक चुनाव में एक प्रत्याशी 70लाख रुपये तक खर्च कर सकता है। यह सीमा है । लेकिन  एक प्रत्याशी अनाप-शनाप खर्च करता है और उसके खर्च की कोई सीमा नहीं रहती। इस कारण जो अमीर दल हैं वह लाभ में रहते हैं और गरीब दल हाथ मलते रहते हैं। चुनाव आयोग चाहता है कि उनके लिए भी सीमा बने लेकिन राजनीतिक दल इसे नहीं मानते। जो सत्तारूढ़ दल होता है उसकी आर्थिक संभावनाएं भी दूसरों से अलग और ज्यादा होती हैं। अब एक लोकतंत्र की हैसियत से हमें पूछना होगा क्या यह सही है कि एक अमीर पार्टी जा संसाधनों से भरी पार्टी है वह एक बड़ा अभियान चला सकती है और मतदाताओं को लुभा सकती है। चुनाव में खर्च की सीमा कम करने का वक्त आ गया है। चुनाव में किसी पार्टी की खर्च की सीमा नहीं होने से यह एक तरह से अमरीका के राष्ट्रपति चुनाव में बदल गया है। सबसे जरूरी है कि आम लोगों और सरकार के बीच सांसदों के माध्यम से संवाद कायम हो। लेकिन ऐसा नहीं हो पाता है बीच में दौलत की खाई है और यह आम आदमी को आगे बढ़ने से रोक देती है। सांसद उनके लिए आकाश कुसुम होते हैं।
       यह हकीकत है लेकिन थोड़ी कड़वी है कि हमारे देश की राजनीति काले धन पर चलती है। सारे दल काले धन के खिलाफ ताल ठोकते हैं और उसी का सहारा लेते हैं। मिसाल के तौर पर देखिए, लोकसभा के एक उम्मीदवार के लिए खर्च की सीमा 70 लाख रुपए तय की गई है। ऐसा लगता है यह कोई मजाक है। शायद ही कोई सांसद इतने कम में चुनाव लड़ता है। चुनाव में कालेधन का उपयोग कुछ ऐसी हकीकत है जिस को बताने की जरूरत नहीं है। लेकिन तब भी अफसरों और विपक्ष में भेदभाव नहीं होना चाहिए। ऐसा प्रदर्शित किया जाता है कि केवल विपक्षी दलों के पास ही काला धन है। विपक्षी नेताओं के घर पर उनसे संबंधित लोगों के घर पर या  कार्यालय में चुनाव से पहले और चुनाव के बाद  छापे पड़ते रहते हैं। इससे सत्तारूढ़ दल को 2 फायदे मिलते हैं पहला की वह चीख चीख  कर बताता है कि विपक्षी नेता भ्रष्ट हैं और दूसरा कि विपक्षी नेताओं की चुनाव अभियान क्षमता पर भी चोट पहुंचती  है। विपक्षी दलों पर और उनके साथ वालों पर छापे से लोगों को यह मानने पर मजबूर किया जा रहा है कि वह दल और उनसे जुड़े दल कालेधन का उपयोग करते हैं बाकी सत्तारूढ़ दल और उनसे जुड़े दल एकदम पाक साफ हैं। वह काले धन का उपयोग बिल्कुल नहीं करते हैं। 
ऐसे में जॉर्ज ऑरवेल की एक बात याद आती है कि "एक समाज जितना एक दूसरे से दूर होगा उतना ही वह उन लोगों से नफरत करेगा जो उसके बारे में बोलते हैं ।" इस के आलोक में एक बात समझने की कोशिश करें , लोकतंत्र में लोक की शक्ति ज्यादा है लेकिन हमारे लोकतंत्र में धन की शक्ति ज्यादा दिखाई पड़ती है। अवांतर सत्य और वैकल्पिक वास्तविकता के इस महा समुद्र में कुछ तो सच है जो वास्तविक और डरावना है।  कोई इस पर बहस नहीं करना चाहता। एक ऐसा स्वनिर्मित नेता जो खुद को "चायवाला" और "चौकीदार" बताता है वह आज भारत के इतिहास में सबसे अमीर पार्टी का मुखिया है। उनके कार्यकाल में भाजपा देश के इतिहास में सबसे अमीर पार्टी बन गयी। अब चूंकि जांच एजेंसियां इसी पार्टी की सरकार के अंतर्गत हैं तो दौलत के इस बेशुमार इजाफे की जांच कौन करे? यहां तक कि खोजी पत्रकारिता की धार भी कुंद हो गई सी प्रतीत हो रही है। चुनाव आयोग के समक्ष 8 फरवरी 2018 को प्रस्तुत वार्षिक ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार 2016 -17 में भाजपा की आय 1,034 करोड़ हो गई जबकि 2015- 16 में यह 570 करोड़ थी। भारत दुनिया के गरीब देशों में से एक है जहां लाखों लोगों को स्वास्थ्य शिक्षा और रोजगार उपलब्ध नहीं है । लेकिन लोग लाखों रुपए राजनीति में झोंक रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि यह लोकतंत्र गरीबों के लिए, गरीबों द्वारा और गरीबों का नहीं रहा।" दुनिया का यह सबसे शक्तिशाली लोकतंत्र आज अमीरों का लोकतंत्र बन गया है और हार तथा जीत  में दौलत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
अभी हाल में सोशल मीडिया में एक खबर वायरल हुई कि  जो बहुत ही महत्वपूर्ण है उन्हें समाचार चैनलों में नहीं दिखाया जा रहा है।  क्यों नहीं मीडिया की भूमिका पर एक राष्ट्रीय बहस का आयोजन किया जाए। यह स्पष्ट है कि इन दिनों मीडिया सत्तारूढ़ दल के प्रचार की मशीन में बदल गई है। देश के लोगों को यह समझाने की कोशिश की जा रही है की कांग्रेस के राहुल गांधी सत्ता के लिए उपयुक्त नहीं हैं। माहौल को हास्यास्पद बनाने के लिए तैयार किए गए संपादित, सैद्धान्तिक वीडियो सोशल मीडिया से इतने ज्यादा प्रचारित हुए हैं कि बहुत बड़ी संख्या में लोग राहुल गांधी के संबंध में इस तथ्य को मानने लगे हैं। सार्वजनिक क्षेत्र की संस्था दूरदर्शन को सभी दलों के लिए समान समय देना चाहिए लेकिन ऐसा हो नहीं रहा है। हाल में इसके लिए चुनाव आयोग ने भी उसे काफी फटकारा था। पिछले 5 वर्षों में मीडिया को धमकाया गया है। फर्जी खबरों को वायरल किए जाने के कारण हमारा लोकतंत्र दयनीय होता जा रहा है सत्य निरर्थक होता जा रहा है। एक नेता के अलावा कोई विकल्प नहीं यह प्रक्रिया लोकतांत्रिक नहीं है और राष्ट्र को इस पर सोचना चाहिए।
       बेशक हमारा चुनाव आयोग अत्यंत सक्षम है तथा विश्वसनीय है लेकिन इस चुनाव में वह तटस्थ नहीं दिख रहा है। कुछ नेता अपने प्रचार के दौरान सेना के लिए धर्म और संदर्भों का खुल्लम- खुल्ला उपयोग कर रहे हैं और चुनाव आयोग देख कर भी अनदेखी कर रहा है। चुनाव आयोग के  इस आचरण के बारे में रिटायर अफसरों ने राष्ट्रपति से  शिकायत भी की है। एक प्रश्न ,चुनाव ड्यूटी पर  तैनात एक अफसर प्रधानमंत्री के हेलीकॉप्टर की जांच क्यों नहीं कर सकता? रूल आफ लॉ सबके लिए बराबर है। तमाम नियम और कानून प्रधानमंत्री पर क्यों नहीं लागू हो सकते? शिकायत के बावजूद चुनाव आयोग ने कोई कदम नहीं उठाया। इससे स्पष्ट होता है कि वह तटस्थ नहीं है। चुनाव जीतने और हारने से एक चीज ज्यादा महत्वपूर्ण है वह है लोकतांत्रिक सिद्धांतों का कायम रहना और संस्थानों का अक्षुण्ण रहना। अगर हम लोकतंत्र के लिए तन कर खड़े नहीं होंगे तो वह दिन दूर नहीं कि यह देश बुरी तरह विभाजित लोगों का देश बन जाएगा और लोग एक दूसरे से इतनी नफरत करने लगेंगे इस पर बात भी नहीं करेंगे तथा जिसकी परिणति भयंकर हिंसा में हो सकती है।

Tuesday, April 30, 2019

सियासत दोस्ती की जड़ में मट्ठा डाल देती है

सियासत दोस्ती की जड़ में मट्ठा डाल देती है


कभी कहा जाता था कि
" इस मिट्टी से तिलक करो यह धरती है हिंदुस्तान की "
उसी धरती पर आज हिंसा फरेब अविश्वास का जोरदार तूफान चल रहा है। जरा गौर करें
पिछले चुनाव में लोगों को भरोसा दिलाया गया था अगर भाजपा सरकार आती है तो सब कुछ ठीक हो जाएगा। देश को बताया गया था कांग्रेसी देश को लूट रहे हैं। देश बर्बाद हो रहा है। शिक्षा का पूरा ढांचा समाप्त हो गया है। देश के अधिकांश लोग परेशान हैं । दलितों की हालत खराब है। इत्यादि। सरकार ने यह भी बताया था कि काला धन वापस लाया जाएगा लोगों को नौकरियां दी जाएगी और देश मजबूत होगा। इस तरह और भी कई मसले थे। सचमुच  यह हालात थे और यह बेहद जरूरी सवाल थे। जो आज भी यानी 5 वर्षों के बाद भी हमारे सामने खड़े हैं। उनका क्या हुआ? काला धन खत्म करने के नाम पर नोटबंदी की गई लेकिन नोट बंदी के फैसले पर बड़ी बहस नहीं हो सकी जिससे आम लोगों को इसे समझने में मदद मिलती। नोट बंदी से छोटे छोटे व्यापार तबाह हो गए। 100 से ज्यादा लोग जान से हाथ धो बैठे । भ्रष्टाचार का भस्मासुर अभी भी कायम है और आतंकवाद चारों तरफ से डरा रहा है। इस चुनाव में जो हम लोग देख रहे हैं उससे देखते हुए कई बार ऐसा लग रहा है यह सरकार बनाने की लोकतांत्रिक प्रक्रिया नहीं कोई तमाशा है। जो मसले सुर्खियों में हैं उनका कोई हासिल नहीं है। मसले तेजी से उभर रहे हैं और उतनी ही तेजी से खत्म हो जा रहे हैं। लोगों को ना इन्हें सोचने का वक्त मिलता है ना समझने का। इनकी तीव्रता को देख कर ऐसा लगता है जानबूझकर आम जनता के सोचने समझने की प्रक्रिया को बाधित कर दिया जा रहा है ताकि  जनता किसी भी मसले पर ठोस राय नहीं बना सके कि इसका मकसद क्या है?
          जरा गौर से सोचें, ऐसा नहीं लगता  है कि क्या बाजार की ताकतें और ताकतवर जातियों के समूहों ने देश के अधिकांश आर्थिक संसाधनों पर कब्जा कर लिया है। सरकारी उपक्रम या तो लाचार हैं या तो कमजोर हो चुके हैं।  निजी क्षेत्र अंगद की पांव की तरह जमाये हुये है। धन का केंद्रीकरण हुआ है । भारत का समाज क्योंकि जाति और संस्कृति के आधार पर ऊपर से नीचे तक सजा हुआ है इसमें ऊंच-नीच का भाव है इसलिए सरकार के सभी फैसले यह सोच कर हुए हैं कि उससे  जातिगत समीकरण साधने में सुविधा हो। हिंसा बढ़ती जा रही है यहां तक की हमारे समाज में छोटे-छोटे बच्चे भी हिंसक हो रहे हैं। पिछले 5 सालों के दौरान सांप्रदायिक  नफरत और दलितों के खिलाफ कुंठा का जोर बढ़ा है। नफरत एक राजनीतिक शक्ल में दिखाई पड़ने लगी है और ऐसा लगता है कि इसका मकसद है देश को ध्रुवों में बांटना और वह दो ध्रुव हैं हिंदू और मुसलमान । हमारे देश में हिंदुओं के समानांतर इस्लाम के अलावा कई अन्य अल्पसंख्यक धर्म हैं जैसे सिख, ईसाई, बौद्ध, जैन इत्यादि।लेकिन पूरे देश को हिंदुओं और मुसलमानों के ध्रुवों में बांटने के पीछे आखिर क्या मंशा है ? क्रिकेट खेलने वाले बच्चे लाठी ,तलवार इत्यादि लेकर किसी पर हमला कर देते हैं। यह महत्वपूर्ण नहीं है कि वह हमला कर देते हैं बल्कि यहां  यह महत्वपूर्ण है कि यह भाव कहां से आता है उनके मन में यह हमला करने के बाद उनका कुछ बिगड़ेगा नहीं।  अगर यह सत्ता से जुड़े किसी संगठन  की शह पर नहीं हो रहा है तो और भी खतरनाक बात है। सामान्य जिंदगी जीते हुए लोग अचानक इतने हिंसक कैसे हो जाते हैं और आतंक मचाने में शामिल हो जाते हैं? दरअसल हमारे नेताओं में जिस तरह के सांप्रदायिक दुराग्रह दिख रहे हैं उसका तो असर होगा ही। उद्देश्य है कि ऐसी घटनाओं के लिए केवल हवा भर दी जाए बाकी तो जनता देख लेगी। समाज के लोगों को और उनके सोचने समझने के ढंग को इस स्तर का बनाया गया है या बनाए जाने की कोशिश की जा रही है कि नफरत की हवा भर से हिंसा की ज्वाला भड़क उठेगी। चुनाव के दिन बंगाल में क्या हुआ? मारपीट और अन्य हिंसक घटनाएं हुईं और पुलिस चुपचाप खड़ी देखती रही। हालात कुछ ऐसे ही होते जा रहे हैं।  मामूली बात पर भी "दुश्मन " को पकड़कर पीट-पीटकर मार दिया जाता है या भीड़ के हवाले कर दिया जाता है।
            सोचिए आने वाले दिनों में कौन सी सभ्यता विकसित हो रही है ? इस सभ्यता में आम लोगों को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि उन्हें किसी जानवर के नाम पर किसी आदमी को पीट-पीट कर मार डालने में कोई संकोच नहीं हो। कोई सोचता तक नहीं है।  चुनाव में चतुर्दिक हिंसा इस बात का प्रमाण है कि लोगों में लोकतंत्र और सहिष्णुता पर से भरोसा उठ गया है और लोग अपनी इच्छित पार्टी की सरकार बनाना चाहते हैं ताकि उनकी नफरत से भरा ईगो कायम रहे। इस समाज व्यवस्था को तैयार करने वाले लोग यह अच्छी तरह जानते हैं कि जो दोषी हैं उनके संरक्षण का समय-समय पर दिखावे के लिए ही सही आयोजन होते रहना चाहिए। इसके लिए कभी किसी मंत्री के मुंह से इसे सही ठहरा दिया जाता है कभी किसी मंत्री के हाथों ऐसे लोगों को माला पहना दिया जाता है। इससे इनका मनोबल बना रहता है।
          यह सब क्यों हो रहा है? असभ्यता और बर्बरता का यह कारोबार क्यों चल रहा है? सिर्फ इसलिए कि समाज को अपने वास्तविक हकों के बारे में सोचने की फुर्सत ही न मिले।  चुनाव के दौरान  सरकार ने जो वादे किए थे उस पर कोई सोचे ही नहीं। सरकार क्या कर रही है उस पर किसी की नजर जाए ही नहीं । शिक्षा और रोजगार तक पहुंच की व्यवस्था को बहुत शातिर ढंग से बाधित कर दिया गया है या के सीमित कर दिया गया है, जिसका उद्देश्य है कि  वहां तक केवल साधन संपन्न लोग ही पहुंचें और अगर कोई इस पर सोचता भी है तो केवल इसी ढर्रे पर सोचे बाकी मसलों को दफन कर दे। इस तरह का समाज बनाने वालों ने वालों को एक बार भी नहीं सोचा कि हम भविष्य कैसा बना रहे हैं? राजनीतिक और सांस्कृतिक संगठनों के बल पर एक ऐसे समाज का गठन किया जा रहा है कि  रोजमर्रा इस जिंदगी में उलझे लोग भी हिंसा की सियासत पर भरोसा करने लगें और अपने ही देश के दूसरे समुदाय के लोगों को अपना दुश्मन मान बैठें। अगर इस मुल्क को बचाना है और  आजादी की जंग में शहीद हुए लोगों की उन भावनाओं की कद्र करनी है जिसमें उन्होंने कहा था

हम लाए हैं तूफान से किश्ती निकाल के रखना इस देश को मेरे बच्चों संभाल के
      
स्पष्ट है अपने देश में बढ़ती हिंसा तनाव को कम करने के लिए बहुत कुछ करना होगा और इसके लिए जो सबसे ज्यादा जरूरी है वह आपस में बातचीत और एक दूसरे के  रस्मो रिवाज को समझने की।  हमें एक समुदाय से नफरत किए जाने की बात  जो सिखाई जा रही है उसे नजरअंदाज करने की। यह सबसे बड़ी आवश्यकता है वरना जो आज वरना जो आज हम सड़कों पर देख रहे हैं कल हमारे घर के भीतर भी हो सकता है। क्योंकि

मोहब्बत करने वालों में यह झगड़ा डाल देती है
सियासत दोस्ती की जड़ में मट्ठा डाल देती है
तवायफ की तरह अपनी गलत कारी के चेहरे पर 
हुकूमत मंदिर और मस्जिद का पर्दा डाल देती है

Monday, April 29, 2019

राजनीतिक आदर्श और ग्लैमर की दुनिया 

राजनीतिक आदर्श और ग्लैमर की दुनिया 

इन दिनों सिनेमाई चरित्रों का राजनीतिक चरित्रों में बदलना परंपरा  बन रही है। ऐसा नहीं था कि पहले भी ये चरित्र सियासत में नहीं आते थे। भारत में एमजी रामचंद्रन और एनटी रामा राव का उदाहरण सबके सामने है। हॉलीवुड के अभिनेता और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति रोनाल्ड रिगन ने एक सवाल पूछा था "एक एक्टर क्या जानता है?" उनके दो बार राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद  खुद इसका उत्तर मिल गया था। अमरीकी अभिनेता रीगन ने शीत युद्ध के जमाने में  यह प्रमाणित किया की अभिनेता भी चुनाव जीतने का हुनर जानते हैं। उन्होंने यह बिम्बित किया कि अमरीका को, वहां की जनता को  "एविल अंपायर" की मुश्कें  कसने के लिए "कैप्टन अमरीका" की जरूरत है। सिनेमा एक फंतासी है और उसे आवाज, प्रकाश, बिंबो और तस्वीरों के माध्यम से हकीकत की तरह पेश किया जाता है।  पश्चिम में हॉलीवुड ग्लैमर के इस मिथक को राजनीतिक संभावनाओं के रूप में पेश करता हैं ।आज भारतीय नेताओं के लिए फिल्मी सितारे  कमजोरी बन गए हैं। रीगन के साथ इसके पथ भी बदल गए। उन्होंने यह प्रमाणित कर दिया की अन्य फिल्मी सितारों की सहायक भूमिका के बगैर वे शीर्ष का सफर तय कर सकते हैं।
        भारत में भी यही बात है। हर राजनीतिक दल किसी न किसी वर्तमान या पूर्व सिनेमाई कलाकार को अपने साथ लेने के प्रयास में है ताकि उसका मतदाता वर्ग उसके साथ जुड़ सकें। नेताओं का सिनेमाई कलाकारों के साथ सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया पर डालना आज एक चलन सा बन गया है। अभी हाल में बॉलीवुड के एक बड़े अभिनेता ने चुनाव की तारीख से ठीक पहले एक नेता का इंटरव्यू लिया और उसकी जमकर चर्चा हुई। इन दिनों बॉलीवुड के सितारे खुद चुनाव लड़ रहे हैं या चुनाव प्रचार में जुटे हैं ।  उन्होंने कई नेताओं की छवि धूमिल कर दी है। इस समय लगभग दो दर्जन मशहूर या कम नामी  अभिनेता अभिनेत्रियों की फौज चुनाव मैदान में  है। भाजपा में सबसे ज्यादा फिल्मी उम्मीदवार हैं।  यह नौजवान तथा नए मतदाताओं के पीछे लगे हैं। हालांकि यह खुद नौजवान नहीं हैं। अब देखिए, सनी देओल 62 वर्ष के हैं और उन्होंने अपने पिता धर्मेंद्र के राजनीतिक रास्ते पर चलना शुरू किया है। इस ताजा स्थिति से एक सवाल उठता है कि क्या हमारे राजनीतिक नेता मतदाताओं से अपना संपर्क बनाने के लिए या कहें बढ़ाने के लिए ग्लैमर की दुनिया पर निर्भर कर रहे हैं ? आमतौर पर चुनाव में आदर्श, विचार और संकल्प का संघर्ष होता है। अब अभिनेता अपने प्लॉट से  संकल्पबद्ध होते हैं इसलिए यह माना जा रहा है कि उनकी यह आदत राजनीतिक दलों से संकल्पबद्ध होने में मददगार होगी। उनके बहुत समर्थक नहीं हैं लेकिन उनके फैन बहुत ज्यादा हैं। अब हमारे नेता उन्हें सामने रख रहे हैं ताकि वे उनके ब्रांड वैल्यू को कैश करा सकें और सम्मोहन पैदा कर सकें। अब देखिए ना शत्रुघ्न सिन्हा, मनोज तिवारी, नुसरत जहां, उर्मिला मातोंडकर, किरण खेर, प्रकाश राज ,कमल हासन, जयाप्रदा इत्यादि सब में एक बात समान है। सब मध्यम दर्जे के शहर से आकर शोहरत की ऊंचाइयों पर पहुंचे हैं। लेकिन राजनीतिक पार्टियों ने इनमें एक नया गुण खोजा है। जो सब में समान है वह कि इन्हें कभी भी किसी खास जाति समुदाय या फिर धर्म को सामने रखकर कुछ करते नहीं देखा गया। भाजपा यह समझती है कि बीते दिनों की सुपरस्टार जयाप्रदा को आजम खान के खिलाफ खड़ा कर उत्तर भारत के मुस्लिमों, हिंदुओं  तथा  पिछड़ी जातियों को  आकर्षित किया जा सकता है। उनका मसाला चमत्कार है ना कि उनकी वैचारिक पहचान। दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा को लखनऊ से गृह मंत्री  राजनाथ सिंह से  मुकाबले के लिए खड़ा किया है। इसलिए नहीं कि वह  बहुत बड़ी  राजनीतिक हस्ती हैं बल्कि इसलिए कि वह एक बड़े अभिनेता की पत्नी हैं।
भाजपा के पूर्व बड़बोले नेता शत्रुघ्न सिन्हा  इस समय कांग्रेस के टिकट पर पटना से चुनाव लड़ रहे हैं। जाहिर है    हेमा मालिनी और मुनमुन सेन आम राजनीतिक नेताओं से ज्यादा भीड़ इकट्ठा कर सकती हैं। बेशक ग्लैमर का पुट राजनीति गाली गलौज थोड़ी राहत पहुंचाएगा और लोगों का मनोरंजन करेगा।  यह तय है कि ये  सितारे वह भाषा नहीं बोल सकते जो आज के राजनीतिक नेता बोल रहे हैं। वे अपने व्यक्तित्व के स्तर पर वोट मांगते हैं ना की वैचारिक स्तर पर।
         फिल्मों के प्रभाव का निर्धारण भारतीय राजनीति में कोई  नया फिनोमिना नहीं है । भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने पृथ्वीराज कपूर को राज्य सभा में भेजा था। उसके बाद से सभी प्रधानमंत्रियों ने ऐसा ही किया है। सक्रिय राजनीति में या गंभीर राजनीति में फिल्मी अभिनेताओं का पदार्पण दक्षिण भारत से उस समय शुरू हुआ जब दक्षिण भारतीय फिल्मों के स्क्रिप्ट राइटर, निदेशक ,हीरो और हीरोइनों ने वर्ग और जाति के आधार पर अपनी पार्टियां गठित की। यह परिपाटी तमिलनाडु में अन्नादुरई ने शुरू की। उसके बाद एमजी रामचंद्रन ,करुणानिधि, जयललिता और रामा राव ने इसी नक्शे कदम पर चलना शुरू किया। दक्षिण भारत में फिल्मी सितारों के लिए कांग्रेस सबसे बड़ा खलनायक थी। जिसने क्षत्रिय और साम्प्रदायिक हस्तियों को आगे बढ़ने से रोका था। फिल्मी सितारों के राजनीति में आने से कांग्रेस कमजोर पड़ने लगी और अंतत वहां वर्चस्वहीन हो गई। बॉलीवुड ने राष्ट्रीय पार्टियों को सितारों से भर दिया है। हिंदी सिनेमा ने उत्तर भारतीय राजनीति पर एक तरह से हमला कर दिया है। यह नई बात नहीं है। 1984 में प्रधानमंत्री बने राजीव गांधी ने अपने मित्र अमिताभ बच्चन को इलाहाबाद से चुनाव लड़ने के लिए आमंत्रित किया था और अमिताभ ने एच एन बहुगुणा को रिकॉर्ड मतों से हराया था।  1991 में राजेश खन्ना ने लालकृष्ण आडवाणी जैसे नेता  के छक्के छुड़ा दिए थे।  आडवाणी जी जीते थे लेकिन फकत 1502 मतों से। उसके बाद से चुनाव में फिल्मी हस्तियों की मांग बढ़ने लगी। कांग्रेस ने सुनील दत्त ,गोविंदा, राज बब्बर इत्यादि को टिकट दिया। भाजपा ने विनोद खन्ना ,धर्मेंद्र और शत्रुघ्न सिन्हा को खड़ा किया। 2014 में विभिन्न दलों की ओर से 19 फिल्मी सितारे मैदान में थे जिनमें 9 भाजपा की ओर से थे और सात ने चुनाव जीता था। चुनाव में खड़े  राज बब्बर, नगमा, जावेद जाफरी, गुल पनाग इत्यादि पराजित हो गए बंगाल में टीएमसी की ओर से लड़ने वाली मुनमुन सेन विजई हुई।  सभी जानते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बॉलीवुड से विशेष रिश्ता है। पिछले साल उन्होंने प्रियंका चोपड़ा, सलमान खान, कमल हासन और आमिर खान को स्वच्छ भारत पहल से जुड़ने के लिए आमंत्रित किया था। शेक्सपियर का कहना था कि "पूरी दुनिया एक स्टेज है और हम केवल उसके अभिनेता।" आज राजनीतिक मंच पर अभिनेता ही दिखाई पड़ रहे हैं और मोदी जी के कट्टर राष्ट्रवादी विचारों का समर्थन करते सुने जा रहे हैं। भीड़ खींचने की उनकी खूबी ने सार्थक राजनीति के अर्थ को छोटा कर दिया है। ग्लैमर  का आधिक्य बड़े से बड़े नेता को छोटा कर देगा।यह हमारे लोकतंत्र के भविष्य के लिए शुभ संकेत नहीं है।

Sunday, April 28, 2019

धनबल और हमारा लोकतंत्र

धनबल और हमारा लोकतंत्र

हाल के वर्षों में मतदाताओं को धमकाने , उन्हें वोट  देने से रोकने तथा बूथ दखल की घटनाओं पर रोक लगी है । लेकिन आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों का प्रतिशत अभी भी चिंता का विषय है। इसके अलावा सबसे ज्यादा चिंता होती है धनबल को लेकर। चुनाव में बढ़ता धन बल का प्रभाव हमारे लोकतंत्र के लिए बहुत खतरनाक है। देश भर से खबरें आ रहीं हैं कि विभिन्न चुनाव क्षेत्रों में मतदाताओं को प्रत्यक्ष रिश्वत दी गई है। हाल में कर्नाटक से खबरों में बताया गया  कि कई चुनाव क्षेत्रों में राजनीतिक नेताओं नए 30 करोड़ से ज्यादा खर्च किए। कुछ चुनिंदा चुनाव क्षेत्रों में 100 करोड़ से भी ज्यादा खर्च किए गए । लोकसभा की हर सीट पर चुनाव के दौरान रुपए पानी की तरह बहाए जाते हैं और इस क्रम में साधारण आदमी लोकतांत्रिक प्रक्रिया से अलग हो जाता है। नेशनल इलेक्शन वॉच और एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक राइट्स  उम्मीदवारों द्वारा नामांकन के दौरान जमा किए गए शपथ पत्रों विस्तृत विश्लेषण मुहैया कराता है। विश्लेषण के अनुसार लोकसभा की 521 सीटों पर जो हलफनामे दर्ज किए गए हैं वह  बेहद चिंता का विषय हैं। विश्लेषण के अनुसार केवल तीसरे चरण में 340 ऐसे उम्मीदवार हैं जो अपराधिक मामलों में संलग्न है और इनमें से 230 उम्मीदवारों पर गंभीर आपराधिक अभियोग हैं। तीसरे चरण में 1612 उम्मीदवार मैदान में हैं जिनमें 1594 उम्मीदवारों के हलफनामे का विश्लेषण किया गया । इनमें से 392 उम्मीदवारों के पास एक करोड़ या उससे  ज्यादा की दौलत है और यह उम्मीदवार बड़ी राजनीतिक दलों की ओर से चुनाव लड़ रहे हैं। 43% उम्मीदवार ग्रेजुएट या उससे ज्यादा पढ़े लिखे हैं। एक तिहाई उम्मीदवार 25 से 40 वर्ष की उम्र के हैं यानी नौजवान हैं। एक चौथाई उम्मीदवारों ने बताया है कि उनके पास एक करोड़ से ज्यादा की दौलत है। इनमें 74 उम्मीदवार कांग्रेस के हैं 81 उम्मीदवार भाजपा के हैं 12 बसपा से हैं और नौ सपा के। महाराष्ट्र गुजरात और कर्नाटक में सबसे ज्यादा उम्मीदवार करोड़पति हैं। इनमें से सबसे ज्यादा अमीर 3 उम्मीदवारों में से एक देवेंद्र सिंह यादव हैं जिन की कुल संपत्ति 204 करोड़ है। यह उत्तर प्रदेश के एटा  चुनाव क्षेत्र से समाजवादी पार्टी की टिकट पर लड़ रहे हैं। दूसरे हैं एनसीपी के उदयनराजे भोसले जो सतारा से चुनाव लड़ रहे हैं और इनके पास 199 करोड़ की संपत्ति है और तीसरे हैं उत्तर प्रदेश के ही प्रवीण सिंह आरोन यह बरेली से चुनाव लड़ रहे हैं और इन्होंने 147 करोड़ की संपत्ति की घोषणा की है। यही नहीं दूसरे चरण के चुनाव में जिन 1590 उम्मीदवारों के हलफनामे  का विश्लेषण किया गया उनमें से 27% उम्मीदवार करोड़पति हैं इनमें से 39 उम्मीदवार   हैं जिनकी संपत्ति में 2014 के मुकाबले 67% की वृद्धि हुई है। दूसरे चरण में 44 पूर्व सांसद जोर आजमा रहे हैं जिन की कुल संपत्ति 1262 करोड़ है । इतनी रकम से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत से 6000 किलोमीटर लंबी सड़क बन सकती है। पहले चरण के चुनाव में जिन 1266 उम्मीदवारों के हलफनामा का विश्लेषण किया गया तो पाया गया कि उनमें 401 उम्मीदवार यानी 32% उमीदवार ऐसे हैं उनकी संपत्ति एक करोड़ या उससे ज्यादा है। इस चुनाव में तीन ऐसे उम्मीदवार हैं जिनकी संपत्ति सबसे ज्यादा है ।इनमें कांग्रेस के  बेला चुनाव क्षेत्र के विशेश्वर रेड्डी जिनकी संपत्ति 895 करोड़ है। दूसरे वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के प्रसाद वीरा पोटलूरी है जिनकी संपत्ति 347 करोड़ से ज्यादा है और आंध्र प्रदेश के नरसापुरम चुनाव क्षेत्र से वाईएसआर कांग्रेस के ही कनमुरू राजू है जिनकी कुल दौलत 325 करोड़ है।
      पिछली लोकसभा में भी यही हालात थे। 521 सांसदों में से  174 यानी एक तिहाई सदस्यों ने हलफनामे में कहा था कि उनपर  आपराधिक मामले चल रहे हैं । इनमें 106 सदस्य ऐसे  थे जिन पर हत्या  का प्रयास अपहरण और सांप्रदायिक विद्वेष पैदा करने जैसे गंभीर मामलों में फंसे थे। जहां तक धनबल का प्रश्न था इनमें 430 सदस्य करोड़पति थे। इसके पहले वाली लोकसभा के सदस्यों वर्तमान के उम्मीदवारों को  देखते हुए  समझा जा सकता  है कि चुनाव के बाद बनने वाली लोकसभा के सदस्यों में बहुत कुछ बदलेगा नहीं ।  इसे बदलना होगा और इसका सबसे अच्छा उपाय है कि आपराधिक बैकग्राउंड के लोगों को तब तक चुनाव नहीं लड़ने दिया जाए जब तक वह बरी न हो जाए। प्रतिशोध के लिए दायर किए जाने वाले मुकदमों को रोकने के लिए अदालतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई करनी चाहिए। ऐसे मुकदमों को जो प्रतिशोध के लिए दायर किए जाते हैं उन्हें रोकने के लिए एमएन वेंकटचलिया की सिफारिशों पर ध्यान देना चाहिए। पांच दशक पहले चुनाव के दौरान भारी हिंसा हुआ करती थी  लेकिन बाद में बाहुबल को नियंत्रित कर लिया गया है। चुनाव के दौरान अर्ध सैनिक बलों की तैनाती और मतदाताओं को रिश्वत देने के लिए जमा की गई बड़ी संख्या में नगदी सोना शराब और ट्रक जप्त करने के बावजूद चुनाव आयोग असहाय लग रहा है सुनकर हैरत होती है कि पहले दो चरणों में चुनाव आयोग ने सात सौ करोड़ रुपए नगदी ,1152 करोड़ मूल्य के ड्रग्स  218 करोड़ मूल्य की शराब और  500 करोड़ रुपए रुपए मूल्य  के सोना चांदी जप्त किए जो  अभूतपूर्व है। लेकिन फिर भी यह संपूर्ण नहीं है चुनाव आयोग को इस पर विचार करना चाहिए और इसे रोकना चाहिए वरना हमारा लोकतंत्र एक दिखावा बनकर रह जाएगा ।

Friday, April 26, 2019

कीचड़ उछालने में लगे हैं हमारे नेता

कीचड़ उछालने में लगे हैं हमारे नेता 

मिशेल ओबामा ने 2016 में नेशनल डेमोक्रेटिक कन्वेंशन में अपने भाषण के दौरान एक बड़ी विलक्षण बात कही थी कि" जब वे नीचे जाएंगे तो हम ऊपर जाएंगे।" यह कथन बातचीत की शैली और स्तर के संबंध में था। यह कथन अमरीका में सोशल मीडिया पर बहुत प्रसारित हुआ और लोगों ने इस की जमकर प्रशंसा की। मिशेल ने कहा ,उन्होंने अपनी बेटी का पालन पोषण राष्ट्रपतित्व के  प्रकाश में किया है लेकिन उसे यह सिखाया है कि "वह सभी नकारात्मक प्रभावों से दूर रहे तथा उससे ऊपर उठे।" उनका यह कथन बुनियादी मानव मूल्यों संबद्ध था जो आज बहुत कम देखने सुनने में आता है, विशेषकर भारत में। क्योंकि ,यहां हमारे सार्वजनिक क्षेत्र के लोग यह मानते हैं कि जितना नकारात्मक बोलो उतना ज्यादा महत्व बढ़ेगा। आज हमारे देश में राजनीतिज्ञों में एक दूसरे पर कीचड़ उछालने का उद्देश्य है कि जब वह नीचे जाएगा तो हम भी जाएंगे। वह नीचे उतर सकता है तो हम क्यों नहीं उतर सकते। भाजपा के नेता जयाप्रदा पर आजम खान की" खाकी अंडरवियर" वाली टिप्पणी यह बताती है कि अब राजनीतिक बातचीत लगभग समाप्त हो गई है । राजनीति से संबंधित बात  कहने के लिए किसी के पास नहीं है । अगर केवल भारत के राजनीतिज्ञ मिशेल ओबामा से यह सीख सकें कि प्रचार के दौरान कैसे बुनियादी शिष्टाचार को कायम रखा जाए तो उन्हें लोगों को समझाने में आसानी हो जाएगी। लेकिन बदकिस्मती से 2019 के लोकसभा चुनाव में हम जो सुन रहे हैं वह राजनीति के पर्दे में केवल विद्वेष का प्रचार है। खराब और अभद्र भाषा से विपक्षियों को संबोधित किया जा रहा है ।भय और विभाजन की राजनीति के माध्यम से चुनाव जीतने की कोशिश हो रही है ।हमारे नेता एक अत्यंत गलत मिसाल गढ़ रहे हैं।
          जब भाजपा नेता अमित शाह नेशनल सिटीजन रजिस्ट्री (एनआरसी) बनाने का वादा करते हैं तब वह कहते हैं कि वे सभी घुसपैठियों को देश से बाहर निकाल देंगे ,केवल हिंदुओं, सिखों ,जैन और बौद्धों को छोड़कर। इससे भारत में रह रहे अन्य समुदायों के पास गलत संदेश जाता है ।  चुनाव प्रचार  विभाजित करने वाला  मॉडल अपनाता जा रहा है और हाशिए पर रह रहे समाज को अपमानित कर रहा है ।  निश्चित ही यह संविधान के तहत धर्मनिरपेक्षता के विपरीत है। उसी तरह जब एक नेता खुल्लम खुल्ला मतदाताओं को  कहता है यदि वे एक विशिष्ट उम्मीदवार के पक्ष में वोट नहीं डालेंगे तो उन्हें पार्टी से कोई उम्मीद भी नहीं करनी चाहिए।  इससे  उसकी हेकड़ी तथा बेअदबी साफ दिखाई पड़ती है। चुनाव प्रचार में जुटे नेताओं में से बहुत या कहें अधिकांश नेताओं में एक नई प्रवृत्ति उत्पन्न हो रही है कि वह है एक दूसरे को नाम से बुलाने की। इसमें समझ में नहीं आती है कि यह सब इलेक्शन जीतने के लिए उनका एक हथकंडा है या इलेक्शन हारने के भय से उनका आक्रामक होना है । पप्पू, नामदार ,स्पीड ब्रेकर, एक्सपायरी बाबू, ज़हर की शीशी इत्यादि नाम यह बताते हैं कि हमारे राजनीतिज्ञ कैसे बोल सकते हैं। उनकी बातें इतनी दुर्भावनापूर्ण है कि राष्ट्रपति ट्रंप का बर्नी सांडर्स को "क्रेजी बर्नी" और हिलेरी क्लिंटन को "क्रूक हिलेरी" कहना साधारण लगता है। अगर यह इन दिनों सामान्य बात हो गई है तो यह एक ऐसा मसला है जिस पर हमें सोचना जरूरी है, चिंतित होना आवश्यक है।
               यह बात हैरान करने वाली है यह हमारे नेता इस स्तर तक बे अदब हो सकते हैं। हमारे राजनीतिज्ञ यह भूल जाते हैं कि वे फकत राजनीतिज्ञ ही  नहीं बल्कि रोल मॉडल भी हैं। लेकिन ऐसा लगता है वे इसकी परवाह नहीं करते कि उनके शब्दों का जनता पर क्या प्रभाव पड़ेगा। वे तो इस कोशिश में रहते हैं कि अखबारों को या मीडिया को सनसनीखेज सुर्खियां मिल जाएं और वह ब्रेकिंग न्यूज़ का आधार बने। इनमें चुनाव जीतने की लालसा  ज्यादा है और लोगों से जुड़ने की जरूरत कम समझ में आती है। शायद वे स्कूलों में विनम्रता  और  शालीनता के सबक  मोरल साइंस में जो   पढ़े हैं उसे भूल चुके हैं। इन दिनों हम अपने नेताओं में दूसरे के प्रति  असम्मान  और उन्हें अपमानजनक नाम से दूसरे को बुलाने और लोगों को छोटा समझने जैसे (अव) गुण ही दिखते हैं ।क्या हम अपने बच्चों को यही सिखाएंगे ? क्या सब ऐसी बातें नहीं हैं जिसे हम नहीं चाहते कि हमारे बच्चे देखें और सुनें। बच्चे टेलीविज़न इत्यादि देख कर बहुत जल्दी सीखते हैं। एक जमाने में कहा जाता था कि टेलीविजन देख कर हम केवल मनोरंजन ही नहीं करते हैं बल्कि सीखते भी हैं। यह हमारे बच्चों को सूचित करता है और सिखाता है। लेकिन इसका एक अवगुण यह भी है कि अगर सूचना गलत हो और उसका स्वरूप विद्रूप हो तो बच्चे वह भी सीख लेते हैं। इसका मतलब है बच्चे जो भी टेलीविजन पर देखते हैं, सुनते हैं उससे सीखते हैं और उसी से उनका आचरण नियंत्रित होता है । जब बच्चे असहिष्णुता , रेप, खून, मॉब लिंचिंग , गद्दार जैसे शब्द सुनते हैं और अपने नेताओं को देखते हैं कि वे कैसे  विपक्षियों का मजाक बना रहे हैं , उनके तरह-तरह के नाम गढ़ रहे हैं और मतदाताओं को धमका रहे हैं तो बच्चे इसे मान्य और सही आचरण मान लेते हैं। वे सीखते हैं कि कमजोर को चुप कराने के लिए ऊंची आवाज में बोला जाए। जो सबसे ज्यादा खतरनाक है वह है कि जो भाषा हम अपने राजनीतिज्ञों से सुनते हैं वह भारत के वास्तविक उद्देश्य का प्रतिनिधित्व नहीं करती।  यह इस तरह के नेता नहीं हैं कि इसे देखें और समझें नाही हमारे देश के लोग यह चाहते हैं कि हमारे बच्चे भय तथा असुरक्षा के ऐसे वातावरण में रहें।  असहिष्णुता ने देश के सामाजिक ताने-बाने को बदल दिया है।

Thursday, April 25, 2019

सवाल केवल अदालत की साख का नहीं 

सवाल केवल अदालत की साख का नहीं 

सर्वोच्च न्यायालय ने कहा कि वह  अधिवक्ता उत्सव सिंह बैंस के उस दावे के तह तक जाएगा की प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई को फंसाने की साजिश हो रही है । न्यायमूर्ति अरुण मिश्रा, न्यायमूर्ति आर एफ नरीमन और न्यायमूर्ति दीपक गुप्ता तीन सदस्यीय पीठ ने कहा कि यदि फिक्सर अपना काम और न्यायपालिका के साथ हेरा फेरी कर रहे हैं, जैसा कि दावा किया गया है ,तो ना तो  वह संस्था  और ना ही इसमें कोई बचेगा। न्यायालय हम सबसे ऊपर है। मंगलवार को हलफनामे में बैंस ने दावा किया कि आरोप लगाने वाली महिला का प्रतिनिधित्व करने और प्रधान न्यायाधीश के खिलाफ प्रेस क्लब आफ इंडिया में प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए डेढ़ करोड़ रुपए देने की पेशकश की गई थी। बुधवार को सुनवाई के अंतिम क्षणों में बैंस ने पीठ से कहा कि उनके पास इससे संबंधित ढेर सारे सबूत हैं।
         जजों की इस खंड पीठ ने सीबीआई के निदेशक , गुप्तचर ब्यूरो के निदेशक और पुलिस कमिश्नर से भी मिली तथा बैंस के आरोपों पर विचार किए। यह आरोप उनके पास एक बंद लिफाफे में पहुंचा था। खंडपीठ ने कहा कि बैंस की सूचना को गुप्त रखा जाएगा। इस संबंध में कोर्ट ने तीन अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वह इस सामग्री की जांच करें ।  दूसरी तरफ, अटॉर्नी जनरल के के वेणुगोपाल ने कहा कि बैंस के फेसबुक पोस्ट और सब्मिशन मेल नहीं खाते।अपनी पोस्ट में   बैंस ने कहा था कि  असंतुष्ट न्यायाधीशों के एक समूह ने प्रधान न्यायाधीश के खिलाफ साजिश रची थी। कानून अधिकारी ने कहा हलफनामे में इसका कोई जिक्र नहीं है। बैंस ने अपने सभी  स्रोतों के खुलासे करने में आंशिक विशेषाधिकार का दावा भी किया। इस पर अटार्नी  जनरल न कहा कि कोई कैसे कुछ आरोप लगा रहा है और बाकी के दावे को विशेषाधिकार बता सकता है।   
         अब यह सवाल उठता है कि न्यायमूर्ति गोगोई के खिलाफ कौन  आरोप  लगा रहा है? अभी पिछले साल 12 जनवरी की बात है, सुप्रीम कोर्ट के चार वरिष्ठ जजों ने न्यायालय के तत्कालीन चीफ जस्टिस न्यायमूर्ति दीपक मिश्र की नीति के खिलाफ बगावत कर एक तरह से न्यायपालिका को ही कटघरे में खड़ा कर दिया था। अपना असंतोष जताने के लिए उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस भी बुलाया और कहा कि न्यायालय सही तरीके से काम नहीं कर रहा है। जिससे लोकतंत्र को खतरा है । तब उस समय उनके अनुसार कोर्ट में ढेर सारी गड़बड़ियां हो रही थीं। जिन्हें देखकर उनके द्वारा कोई 2 महीने पहले चीफ जस्टिस को पत्र भी लिखा गया था, लेकिन यह पत्र किसी काम नहीं आया । उस समय कोर्ट की इज्जत को ही गंभीर आघात नहीं लगा था बल्कि पहली बार कोर्ट के परिसर से बात बाहर गई थी और देश में यह बात फैली थी कि न्याय व्यवस्था में सब कुछ ठीक नहीं है। अनेक देशवासियों के लिए  यह  अनिष्ट का संकेत था ।  जजों की बगावत रंग लायी थी  डैमेज कंट्रोल के प्रयास किए गए थे और लगा था कि आगे चलकर अदालत अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा वापस प्राप्त कर लेगी। अंदरूनी व्यवस्था को ठीक करेगी जिससे यह अप्रिय स्थिति दुबारा नहीं पैदा होगी।
           लेकिन अब वे पुराने वाले जज तो रहे नहीं उनमें से तीसरे रंजन गोगोई प्रधान न्यायाधीश पद पर आसीन हो गए और विडंबना देखिए कि उन्हीं की एक महिला जूनियर असिस्टेंट ने उन पर यौन प्रताड़ना का आरोप लगाया।  लगता नहीं है अभी  हालात पहले से और ज्यादा बिगड़ गए । खुद चीफ जस्टिस के शब्दों में न्यायपालिका खतरे में है। यहां यह प्रमुख नहीं है कि वह आरोप सच्चा है या झूठा है या बैंस जो कह रहे हैं वह सच्चा है या झूठा है। यहां जो सबसे महत्वपूर्ण है वह है चीफ जस्टिस का अपने पद पर बने रहना। सामान्य विवेक कहता है कि आरोप लगाए जाने के बाद उन्हें अपना पद छोड़ देना चाहिए। वह राजनीतिक नेता नहीं न्यायाधीश हैं। यह विडंबना है कि  यह किसी न्यायाधीश पर पहला आरोप नहीं है। इसके पहले भी कई जगहों पर उनकी सहायकों और नौकरानियों ने आरोप लगाए हैं। लेकिन ऐसे किसी जज को सजा पाए जाने का कोई रिकॉर्ड नहीं है। यौन आकर्षण तो प्रकृति का आधार है और उससे कोई मुक्त नहीं है लेकिन चीफ जस्टिस का कहना है कि   20 साल से ज्यादा अवधि की उनकी नौकरी में उनका कैरियर निष्कलंक रहा। किसी ने उन पर आरोप नहीं लगाया। यहां इंसाफ का एक सिद्धांत  याद आता है कि जब तक आरोप प्रमाणित ना हो जाए तब तक अभियुक्त को सजा नहीं दी जा सकती। लेकिन इसका क्या किया जाए कि न्यायमूर्ति खुद इसे एक बड़ी साजिश कह रहे हैं और अदालत में इस  मामले की सुनवाई भी चल रही है। जिससे लगता है कि साजिश हुई है। यह गंभीर मसला है। क्योंकि अभी यह स्पष्ट होना बाकी है कि मामले में वास्तविकता क्या है और साजिश करने वाले के   चेहरे से नकाब को हटाना जरूरी है। क्योंकि ऐसे लोगों की  इस तरह की साजिशों में न जाने कितनों को फंस जाएंगे।
        बात में कुछ दम भी लगती है क्योंकि इसकी टाइमिंग कुछ अजीब है । अगर यह घटना पिछले वर्ष घटी तो अब तक वह क्यों चुप थी और आरोप लगाने के लिए इसी वक्त को क्यों चुना ? यही नहीं देश को यह जानने का भी अधिकार है कि चीफ जस्टिस पर आरोप लगाए जाने मात्र से देश की सबसे बड़ी अदालत के निर्णय की प्रक्रिया को बाधित किया जा सकता है। इसका तार्किक उत्तर आवश्यक है । क्योंकि सुप्रीम कोर्ट में फैसले कोई एक जज नहीं करता बल्कि जजों की पीठ करती है।कई बार कई सदस्य रहते हैं। न्याय व्यवस्था में जनता के भरोसे को बनाए रखने के लिए बेहतर होगा कि वह उस बड़ी साजिश की जांच कर उसका पर्दाफाश करें। यह आरोप केवल चीफ जस्टिस पर नहीं है बल्कि समस्त न्याय प्रक्रिया पर है।  साजिश करने वाले उन हाथों को अगर नहीं पकड़ा गया तो आगे चलकर ऐसी साजिशों से पिंड छुड़ाना मुश्किल हो जाएगा। न्यायिक स्वतंत्रता पर भारी आंच आएगी।