CLICK HERE FOR BLOGGER TEMPLATES AND MYSPACE LAYOUTS »

Monday, April 25, 2016

कभी सोचा है कि जल के लिये जंग हो सकती है

 

कभी सोचा है कि जल के लिये जंग हो सकती है

विगत एक पखवाड़े में दो बार भूकंप के झटके लगे और देश के पूर्वी भाग में भूकंप आया भी। जल संकट बढ़ता जा रहा है। गर्मी या कहें मौसम में ताप प्रचंड होता जा रहा है। पीने के पानी का अभाव तेजी से हो रहा है आहैर आने वाले दिनों में भारी जल संकट का खतरा नजर आ रहा है। हम भारतवासी हजारों बरस से पृथ्वी को माता कहते रहे हैं और स्वयं को पृथ्वी का पुत्र-‘माता भूमि पुत्रो अहं पृथिव्या:।’ क्षिति, जल, पावक और गगन समीर में हमारी लोलुपता का प्रदूषण है। पृथ्वी का ताप लगातार बढ़ा है। राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय गोष्ठियां भी बढ़ी हैं, लेकिन पृथ्वी का ताप-उत्ताप नहीं घटा। पृथ्वी माता आहत हैं, पीड़ित, व्यथित और हताश हैं। तुलसी ने लिखा है ‘अतिशय देखि धर्म कै ग्लानी/परमसमीत धरा अकुलानी। ’ धर्म, न्याय ,सत्य और लोकहित विरोधी आचरण को देखकर पृथ्वी डरी और आकुल व्याकुल हो गई। व्याकुल पृथ्वी तुलसी के अनुसार देवों से निज संताप सुनाइस रोई। नदियों के बहाव वाले क्षेत्रों में हम भवन बनाते हैं। हम जल संपदा तहस-नहस करते हैं। वैदिक ऋषि पर्यावरण तत्वों के जानकार थे। उन्होंने वायु को पिता, भाई और मित्र बताया था। ऋषियों ने वायु की स्तुतियां की थीं। ऋग्वेद के दसवें मण्डल में पृथ्वी रक्षा के लिए वायु, जल, वनस्पति, नदी, वन, पर्वत की सुरक्षा की स्तुतियां हैं। एक मंत्र में कहा गया है कि पृथ्वी माता दुखी न हों। हमें कष्ट न दें – मां नो माता पृथ्वी दुरमतो धात। आज बढ़ते जल संकट का मुख्य कारण यही है। सुनकर हैरत हो सकती है कि विगत साठ वर्षों में जल की उपलब्धता 70 प्रतिशत कम हुई है। इसका कारण है तेजी से बढ़ती आबादी , जल स्रोतों का शोषण एवं जल स्रोतों की बरबादी। नेशनल कमीशन फार इंटीग्रटेड वाटर रिसोर्सेज डेवलपमेंट की एक रिपोर्ट के अनुसार 2050 तक हमें 1545 अरब घनमीटर पानी की जरूरत पड़ेगी जो फिलहाल 843 अरब घन मीटर है। यह मात्रा स्वंय कहानी कहती है कि क्या हालात होने वाले हैं। दरअसल, आज मानवजन की अज्ञानता ने हमें इस मुहाने पर ला खड़ा किया है कि अब यह समझ में नहीं आ रहा कि इसमें सुधार की शुरुआत किस तरीके से हो?पर्यावरण के साथ हमारा शाश्वत रिश्ता रहा है। जीवन और पर्यावरण एक दूसरे के पूरक हैं। पर्यावरण के बगैर जीवन नामुमकिन है। शुद्ध पानी, पृवी, हवा हमारे स्वस्थ जीवन की प्राथमिक शत्रे हैं। सहअस्तित्व का ऐसा उदाहरण दूसरा कोई नहीं है। आखिर यह संकट हमारे बीच के रिश्तों में आए असंतुलन का कुपरिणाम ही तो है। संजीदा से इस अमूल्य धरोहर को संजोने के बजाय सरकारी-गैरसरकारी तरह-तरह के आयोजन होते हैं। हम धरती और पर्यावरण को बचाने का संकल्प लेते हैं। इसमें तीन बातें बेहद महत्त्वपूर्ण हैं। पहली, यह कि प्राकृतिक आपदा को कम करना। दूसरा, मेगासिटी पर बढ़ते दबाव को कम करने के बारे में विचार करना। हम स्मार्ट सिटी की तो बात करते हैं, लेकिन स्मार्ट विलेज को क्यों नहीं तरजीह देते हैं? साथ ही स्मार्ट कृषि को बढ़ावा देने की जरूरत है। एक बात तो स्पष्ट है कि अगर हम ग्रामीण इलाकों को विकसित करेंगे तो बड़े शहरों और महानगर पर बेवजह का पड़ने वाला दबाव कम होता जाएगा। तीसरा और अहम तथ्य यह कि हमें जीविका के वैकल्पिक साधन विकसित करने होंगे।जो लोग आशंका जताते हैं कि तीसरा विश्व युद्ध पानी के लिए होगा वे गलत नहीं हैं। इसके भ्रूण दुनिया भर में अलग-अलग जगहों पर पैदा होने लगे हैं। जल-बंटवारे को लेकर भारत-पाक और भारत-बंगलादेश के बीच की तनातनी सुलझने का नाम नहीं ले रही। पिछले दिनों देश के भीतर ही पंजाब और हरियाणा में सतलुज-यमुना लिंक नहर को लेकर जीवित हो उठे विवाद के बाद सर्वोच्च न्यायालय को बीचबचाव करना पड़ा था। यानी पानी को लेकर देश के प्रदेशों में ही युद्ध की स्थिति निर्मित हो गई है! केरल हाईकोर्ट ने वर्ष 1990 में और बाम्बे हाई कोर्ट ने 2014 में साफ पानी को नागरिकों का हक बताया था। लेकिन साफ पानी तो दूर कई राज्यों में लोगों को बूंद-बूंद पानी को तरसना पड़ रहा है। दूसरी तरफ ऐसे लोगों की कमी भी नहीं है जो पानी को मुफ्त का माल समझकर बंगलों, निजी बगीचों, होटलों और कारखानों में बेरहमी से बहाते हैं। उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि इस वर्ष देश के 91 प्रमुख जलस्रोतों में मार्च के अंत तक  सिर्फ इतना पानी पाया गया है कि वह मात्र 6 महीने ही चल सकता है। अगर बारिश ठीक से नहीं हुई तो एक बूंद पानी नहीं बचेगा। यूनेस्को की एक रपट के अनुसार विश्व में करीब 2.8 अरब रोजगार पानी पर निर्भर हैं। कृषि, मत्स्य-पालन और ऊर्जा उत्पादन जैसे कारोबार शत प्रतिशत पानी पर निर्भर हैं। अगर पानी न मिले तो दुनिया से 1.6 अरब रोजगार पल झपकते ही गायब हो जाएंगे। विश्व के औद्योगिक रोज़गार में फार्मा इंडस्ट्रीज, फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल्स और चमड़ा उद्योगों के पानी के बिना चलने की कल्पना भी नहीं की जा सकती। कागज निर्माण, भवन निर्माण, रबर और प्लास्टिक उद्योग की सांस भी पानी से ही चलती है। अंतर्राष्ट्रीय खाद्य नीति शोध संस्था ने आशंका जताई है कि अगर पानी की कमी इसी तरह बनी रही तो पूरे विश्व का सकल घरेलू उत्पाद 45प्रतिशत तक घट सकता है। ऐसे में गरीबी की कल्पना करना भी भयावह है। मनुष्य के विवेकहीन कृत्यों और पानी के लापरवाह उपयोग ने भारत ही नहीं दुनिया भर का जल-संकट बढ़ा दिया है। मानसून की लुका-छिपी के चलते प्रति वर्ष जनवरी के बाद से ही देश के अधिकांश शहरों में पानी कटौती आम बात हो गई है। आज देश के 10 करोड़ घरों में पीने के पानी का अभाव है। बच्चे दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। भारत में प्रतिवर्ष लाखों बच्चे दूषित पानी पीने से होने वाली बीमारियों के चलते काल के गाल में समा जाते हैं। इधर अप्रैल चल रहा है इसके बाद  मई, जून में जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी, जलस्रोत सूखते जाएंगे। अधिकांश शहरों में बगल में बहने वाली नदियों से जलापूर्ति होती है। वे अब बेहद प्रदूषित और कृषकाय हो चुकी हैं अथवा सूख चुकी हैं। बेतरतीब शहरीकरण के कारण हालात बेक़ाबू होते जा रहे हैं। औद्योगिक घरानों को पानी का मालिक बनाने वाली नीति सबको प्यासा मार देगी। जरूरत जनता को पानी का मालिक बनाने की है। अगर देश में सरकार जल्दी कुछ सकारात्मक नहीं करती है तो जल के  प्यासे  लोग कहीं खून के प्यासे ना बन जाएं और देश में गृह युद्ध भड़क जाय।

 

 

 

 

 

 

   

 

Friday, April 22, 2016

शुभ रात्रि मित्रों

विवेकानंद फ्लाईओवर के गिरने पर

शुभ रात्रि मित्रों
अचानक कोई आएगा
लेकर चला जाएगा
सारी सडकों और पुलों को
बैंक में रखे धनों को
समेट लेगा खेत और खलिहानों को
चुरा लिए जाएंगे
हर घर के बच्चे और स्त्रियां
 वे बार बार बोलेंगे
 हमने आप के लिए...छोड दिया है घर,स्त्री,बच्चे,नौकरी.. हम देंगे शुद्ध पानी..
बनाएंगे
सडक और पुल
निगरानी करने वाली  कल्याणकारी
 संस्थाएं
 करेंगी हमारा तुम्हारा कल्याण.....
31 March 2016.रात 11.30

Saturday, April 16, 2016

70 बरस लम्बी सड़क

70 साल लम्बी सड़क

आज  भगवान श्रीराम का जन्मदिन है। इसी दिवस के अवसर पर 70 वर्ष पूर्व   'सन्मार्ग' की स्थापना की गयी थी। उद्देश्य था भारतीय संस्कृति को बचाये रखना और उसके सुपथ पर लोगों को चलने के लिये प्रेरित करना।
अाज वैश्विकता ,यूरोपीय सभ्यता और बाजारवाद के निर्मम प्रहारों के बीच  हमारे इतिहास के 70 वर्षों के सफर के बाद हमसे अक्सर पूछा जाता  है  कि भारतीय संस्कृति को बचाए रखना जरूरी क्यों है? खासकर ऐसी स्थिति में जब सम्प्रदायवाद , सेकुलरवाद जैसी धारणाएं समाज को अाहत  कर रहीं हैं। इस प्रश्न के उत्तर पर विचार से पहले जरूरी है कि हम अतीत में झांकें तथा इस तथ्य की पड़ताल करें कि हमारे पूर्वजों ने अपने लक्ष्य किन सामाजिक स्थितियों में तय किये थे।हमारे पूर्वजों ने जब सन्मार्ग की स्थापना की थी देश विभाजन का दंश झेल रहा था।बटवारे का  वह दंश एक अनैतिक , अस्वाभाविक प्रक्रिया का अनिवार्य परिणाम था जिसके घातक परिणामों  का अंदाजा केवल गांधी को था और सन्मार्ग की स्थापना करने वाले हमारे मनीषियों को महज अाशंका थी। इसके अलावा उन परिणामों के बारे में ना कांग्रेस पार्टी को या मुस्लिम लीग को या ब्रिटिश सरकार को कुछ अंदाजा था। जब ऐसी अस्वाभाविक प्रक्रिया होती है   तो निहित स्वार्थी तत्व अाम अादमी को उसके सहज स्वभाव से हटा कर एक छद्म लक्ष्य की ओर मोड़ देते हैं। सन्मार्ग की स्थापना उस काल में उस छद्म लक्ष्य की अोर बढ़ रहे समाज की दिशा बदल कर रचनात्मक यथार्थ की अोर ले जाने  के उद्देश्य से की गयी थी। इसके लिये जो लक्ष्य तय किये गये थे वे थे - चिंतन, कर्म और व्यवस्था को उन्हीं जातीय मर्यादाओं से जोड़ना जो दो सौ वर्षों के अंग्रेजी शासन काल में भ्रष्ट और दूषित हो चुकी थीं।आपने कभी गौर किया है सन्मार्ग के इन तीन पहलुओं पर। ये तीन डायमेंशंस हैं नैतिकता के और मर्यादा के। वैसे यह जानना दिलचस्प होगा कि इस ब्रह्मांड के भी तीन ही  डायमेंशन होते  हैं।  हां तो चर्चा हो रही थी सन्मार्ग के लक्ष्य के पहलुअों की। तो, पहला है इसका नाम सन्मार्ग।इस शब्द का अर्थ शायद बहुत कम लोग जानते हैं। जो जानने का दावा करते भी हैं उनमें से अधिकांश कहते हैं सत्य का मार्ग या सत्य की ओर जाने वाला मार्ग। लेकिन नहीं यह सत्य नहीं " सत्" है।दरअसल , सत्य एक अवस्था है जो देश , काल और स्थिति के अनुसार बदलता है। जैसे पानी, बर्फ और वाष्प तीनों सत्य हैं। तीनों का अपना अस्तित्व है,गुण-धर्म है। जबकि उसके मूलभूत तत्व हर स्थिति में एक ही रहते हैं। वही सत् है जो सच्चिदानन्द का सृजन करता। सन्मार्ग का अर्थ उसी सत् का मार्ग है जो देश काल और स्थिति के दबाव में बदलेगा नहीं। यही हमारा चिंतन है।
दूसरा है कर्म। जब सन्मार्ग की स्थापना हुई उस समय गांधी शलाका पुरुष थे और भगवद्गीता उनकी मार्ग दर्शक थी,पर हमारे पूर्वजों ने गीता  को नहीं अपनाया क्योंकि उसके कर्म संदेश में  अनासक्ति है। हमारे पूर्वजों ने हनुमत प्रयास के मंत्र को माथे से लगाया -" नमोस्तु रामाय स लक्षमणाय••• " इस मंत्र में संधान की जिद है। लक्ष्य को पाकर ही रहने की जिजीविषा है। वह लक्ष्य है भगवती सीता का संधान। 
इसका तीसरा तत्व या डायमेंशन है व्यवस्था। जिसके लिये हमारे पूर्वज मनीषियों ने स्पष्ट कहा, " सन्मार्ग एव सर्वत्र पूज्यते…" यानी वही व्यवस्था आदर पा सकती है जो सत् के मार्ग पर चले। मर्यादा के यही तीन डायमेंशंस हैं। इन्हीं डायमेंशंस ने राम को पुरुषोत्तम बनाया।
राम भारतीय अस्मिता और संस्कृति के प्रतीक पुरुष हैं इसीलिए सन्मार्ग की स्थापना के लिये राम जन्म के पवित्र दिवस का चयन किया गया।
अब मूल प्रश्न पर विचार करें।
हमसे अक्सर पूछा जाता है कि भारतीय संस्कृति को बचाना जरूरी क्यों है?आजादी के बाद हमारी अध्यात्मिक अवस्था और व्यावहारिक कार्य प्रणाली को आज की हमारी लोकतांत्रिक संस्थाओं, व्यवस्था और शिक्षण प्रणाली ने दूषित कर दिया। यह स्वयं में एक भयावह दुर्घटना थी।  हमें एक निर्ममआत्मविश्लेषण करना होगा। इसकी शुरुआत एक सपाट प्रश्न से की जा सकती है कि क्या एक भारतीय होने के नाते हमारे भीतर अपने देश से कोई लगाव बाकी रह गया है?बार- बार सोचने पर एक ही उत्तर मिलता है- नहीं। क्योंकि अब तक हम यह साहस नहीं जुटा पाये कि पश्चिमी बौद्धिक दासता से मुक्त होकर सोच- समझ के अपने औजार विकसित कर सकें और युवा पीढ़ी को अपनी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मनीषा के अनुरूप दीक्षित कर सकें।
यहां यह बता देना प्रासंगिक होगा कि यूरोपीय चिन्तनधारा ने संस्कृति और सभ्यता में कन्फ्यूजन पैदा कर दिया है।
एक तरफ जहां संस्कृति को धर्म संस्थानों से जोड़ दिया गया वहीं सभ्यता को बाह्य आवरण से। ब्रिटिश शासकों को मालूम था कि एक हिन्दू जब धर्म के अादर्शों से गिरता तो केवल आत्मरिक्त होता है क्योंकि उसका धर्म उसके आत्मन् में होता है। दूसरों की तरह वह धर्म प्रतिष्ठानों से नियंत्रित - निर्देशित नहीं होता। आज भारत में यानी एक भगौलिक क्षेत्र में  हजारों साल से जो एक साथ बहुसंख्यक और सैकडों अल्पसंख्यक समुदाय रहते अाये  हैं और उन्होने भारतीय सभ्यता को अमीर और दीर्घजीवी वनाया है उसके मूल में भारत की संस्कृति ही है। इसलिये इसे बचाये  रखना जरूरी है।
अब सवाल उठता है कि हमने वह लक्ष्य कहां तक पूरा किया? यहां यह स्पष्ट कर देना उचित होगा कि यह प्रतिज्ञा केवल व्यापक सभ्यता बोध के भीतर ही पूरी हो सकती है। भारत की भौगोलिक एकता केवल ऐसे परम्पराबोध में ही अर्थवान हो सकी है, जहां अनेक संस्कृतियां और धर्म-सम्प्रदाय सदियों से एक दूसरे से प्रेरणा पाते रहे हैं। दुनिया में भारत ही एक ऐसा देश है जिसकी राष्टीय अस्मिता दूसरों के विनाश से नहीं अपनी सभ्यता के विविध चरित्र से बनी है। हमसे70 बरस लम्बी सड़क के अाखिरी छोर पर खड़ा होकर सन्मार्ग  पीछे की तरफ देखता है तो
चप्पे-चप्पे पर हमारे सुधी पाठकों, विज्ञापनदाताओं और हितैषियों की मौजूदगी दिखायी पड़ती है। हम आज भी उनके आभारी हैं।

Thursday, April 7, 2016

चंद अशआर कहीं कहीं से -2



चंद अशआर

1. बिन तेरे दिन गुजर रहे हैं. .
किसी दिन हम भी गुजर जायेंगे...

2. बेगाना हमने नहीं किया किसी को....
जिसका दिल भरता गया वो हमें छोड़ता गया...

3. आजाद कर दिया है हमने भी उस पँछी को,
जो हमारे दिल मे रहने को कैद समझता था !!!...

4. बस कुछ सूखे फूल किताबों में मिले,
बदरंग मुरझाये तेरे प्यार की तरह !!
तेरी यादें, तेरा चेहरा ,तेरे दामन ही की तरह,

उस ज़माने की हर एक बात, जज़्बात की तरह !!
मिले हो आज तो इतना कहती चलूँ तुमसे,
न मिलना मुझे फिर कभी आज कि तरह !!
कि एक टूटी हुई तस्वीर हूँ मैं तेरे लिए,
जिसमे दफन है एक चेहरा एक राज़ कि तरह !!...

5. तेरे आने से ज्यादा इंतज़ार तेरे जाने का है।
ग़म का ही सही आंसू बन के मेरी आँखों में आता तो है।
जब चाहा तुझे पाया है अपने ख्यालों में
दूर ही सही मेरे होंठों से तू मुस्कुराता तो है।
ये खामोशियाँ ढूंढती है कई सवाल तेरी निग़ाहों में
दर्द ही सही "मेहरबानी तेरी", तू हर बार कुछ ना कुछ दे कर जाता तो है।...

6. काश आंसुओं के साथ यादे भी बह जातीं…
तो एक दिन तस्सली से बैठ के रो लेते…

7. “गलत कहते हैं लोग की सफेद रंग में वफा होती है…दोस्तों…!!!!
अगर ऐसा होता तो आज “नमक” जख्मों की दवा होते...

8. रात सारी गुज़र जाती है इन्हीं हिसाबों में,,
उसे मोहब्बत थी…?नहीं थी…? है…?नहीं है…

9. ज़ख़्म दे कर ना पूछा करो दर्द की शिद्दत…!
“दर्द तो दर्द” होता है थोड़ा क्या, ज्यादा क्या…

10. एक ही शख्स था मेरे मतलब का
आखिरकार वो भी मतलबी निकला..

11. कभी तुम मुझे अपना तो कभी गैर करते गये,
देख मेरी नादानी हम सिर्फ तुम्हें अपना कहते गये…

12. तुम सामने आये तो, अजब तमाशा हुआ..
हर शिकायत ने जैसे, खुदकुशी कर ली..!

ये तो होना ही था


ये तो होना ही था
 विवेकानन्द फ्लाई ओवर का गिरना उसी समय तय हो गया था जब 2007 में इसका डिजाइन बना था। इसकी डिजाइन पर काम करने वाले 6 इंजीनियरों में  से एक ने तो स्पष्ट तौर पर लिखित दिया था कि यह पुल टिक नहीं पायेगा । यही नहीं,  कोलकाता के जमीन के भीतर की भार वहन क्षमता का लीनियर एवं लोगरिदमिक विश्लेषण करने अौर पुल में लगाये गये लोहे के इलास्टीसिटी कोएफिशिएंट के गुणकों का अध्ययन करने से पता चलता है कि इसकी परिकल्पना अौर डिजाइन की निर्मिति में भयानक लापरवाही बरती गयी है।
पुल के निर्माण में सरकार के विभिन्न महकमों और भ्रष्टाचार की सनसनीखेज कथाअों से अलग यह इंजीनियरिंग की आपराधिक लापरवाही का एक ऐसा कुचक्र है जो अभी अौर कई जानें लेगा। दरअसल जिस दिन मेट्रो रेल की योजना बनी थी उसी दिन इस तरह की दुर्घटनाओं का होना तय हो गया था। कोलकाता  मेट्रो की लोकलुभावन परियोजना के भीषण प्रचार  के मध्य इंजीनियरों ने कोलकाता की मिट्टी की बनावट और भविष्य में उसमे होने वाले परिवर्तन के दुष्परिणामों  को नजरअंदाज कर दिया या उन्हें नजरअंदाज करने पर मजबूर किया गया। यही नहीं,  सरकारी  अांकड़ों के मुताबिक दिन के 11बजे से शाम के पांच बजे के बीच इस इलाके में लगभग एक लाख अतिरिक्त लोग अाते हैं। इसके अलावा अौसतन डेढ से दो हजार अतरिक्त वाहन। इसका सीधा गणित है कि पुल जिस जमीन पर टिका है उसपर हजारों  टन का अतिरिक्त बोझ। यह बोझ आवागमन से होने वाले वाइब्रेशन से उत्पन्न मूमेन्टम बहुत ज्यादा  बढ़ जाता है , फलतः दबावकारी बल कई गुना बढ़ जाता है। ऐसे में  जमीन के भीतर ढलाई के काम में  प्रयुक्त सीमेंट, बोल्डर और छड़ें दबाव को नहीं झेल पातीं हैं। नतीजा होता है तल की मिट्टी तेजी से खिसकती है और उसके ऊपर बना स्ट्रक्चर बैठ जाता है।अगर वह खंभों पर टिका हो तो मिट्टी के साथ ही खंभे भी नीचे आते हैं और चूंकि खंभों का असमान होता है इसलिए जमीन से खंभों का कोणीय संतुलन बदल जाता है लिहाजा लोड फैक्टर केन्द्रीभूत हो जाता है। नतीजतन टूट जाता है।  विवेकानन्द रोड के फ्लाई ओवर के गिरने का संभावित कारण यही हो सकता है।
इसका फैसला 2007 में ही होना चाहिए था। एक बार काम शुरू हो जाने के बाद उसे रोकने या बंद कराने गंभीर सियासी नतीजे हो सकते थे। ममता जी की सरकार ने लोकप्रियता के लोभ में सुरक्षा तत्वों को जान बूझ कर अनदेखा किया है। इस बहती गंगा हाथ धोना किसको बुरा लगेगा, करप्शन के तत्व तो ऐसे ही घुस आएंगे।
 यह केवल अकेला नहीं है। जवाहर लाल नेहरू रोड वाला फ्लाईओवर भी गिर जाय तो हैरत नहीं होगी ।
यहां  सवाल है कि जिनके पास अावाज है वे चुप क्यों हैं?

Tuesday, March 22, 2016

"भारत माता " पर इतना विवाद क्यों

इन दिनों भारत माता और भारत माता की जय जैसे वाक्यों को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। महाराष्ट्र विधानसभा में एक विधायक को इसलिये निलंबित कर दिया गया कि उसने भारत माता की जय कहने से इनकार कर दिया था। देश के और कई भागों में भी इस पर बहस चल रही है। भारत की अजीब विडम्बना है कि यहां मां शब्द के दो अर्थ ही नहीं होते बल्कि दो अभिव्यक्तियां भी होती हैं। एक मां है जो जननी है जो जन्म देती है। वह जैविक माता है। दूसरी माता भाव प्रधान हाती है। यानी इमोशनल मदर। बस सारा झगड़ा यहीं है। भाव प्रधान माता की कल्पना हमारे देश में प्राचीन काल से दुर्गा के रूप में होती है जो एक शाक्त हिंदू बिम्ब है। अवनींद्रनाथ ठाकुर के भारत माता के बिम्ब इस बिम्ब पर भावों में सुपर इम्पोज होते हैं। 1905 में स्वदेशी आंदोलन के दौरान अवनींद्रनाथ टैगोर की कूची से जब भारत माता का स्वरूप अवतरित हुआ तो देश की आजादी का सपना देख रहे लोगों की कल्पनाओं को पंख लग गये। जब यह पहली बार एक पत्रिका में छपी तो शीर्षक था स्पिरिट आफ मंदर इंडिया। अवनींद्रनाथ टैगोर ने पहले इनका नाम बंग माता रखा था बाद में भारत माता कर दिया। अगर पहला नाम बंग माता ही रह जाता तो भारत माता की विकास यात्रा कैसी होती। उस बंगाल में इस तस्वीर से पहले आनंदमठ की रचना हो चुकी थी और वंदे मातरम् गाया जाने लगा था। इस भारत माता के चार हाथ हैं। शिक्षा, दीक्षा, अन्न और वस्त्र हैं इनके हाथों में। आजाद भारत की फिल्मों में यही रोटी कपड़ा और मकान बन जाता है। कोई हथियार नहीं है, कोई झंडा नहीं है। जल्दी ही देश भर में भारत माता की अनेक तस्वीरें बनने लगीं। क्रांतिकारी संगठनों ने भारत माता की तस्वीरों का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। छापों के दौरान भारत माता की तस्वीर मिलते ही अंग्रेजी हुकूमत चौकन्नी हो जाती थी। अनुशीलन समिति, युगांतर पार्टी भारत माता की तस्वीरों का इस्तेमाल करती हैं तो पंजाब में भारत माता सोसायटी, मद्रास में भारत माता एसोसिएशन का वजूद सामने आता है। सब अपनी-अपनी भारत माता गढ़ने लगते हैं लेकिन धीरे-धीरे तस्वीरों में भारत माता का रूप करीब-करीब स्थाई होने लगता है।
भारत माता के चार हाथ की जगह दो हाथ हो जाते हैं। शुरू में ध्वज दिखता है फिर त्रिशूल और तलवार दिखने लगता है। यहीं आकर भारत माता पर देवी दुर्गा का भाव सुपर इम्पोज हो गया। भारत की हमारी कल्पना में एक भारत माता भी होनी चाहिए। देश केवल कागज का नक्शा नहीं होता। उसके साथ हमारा एक भावुक रिश्ता होता है। क्योंकि अगर भारत माता नहीं होगी, तो भारत एक शुष्क भूगोल का नाम होगा, हमारी नसों में बजने वाले संगीत का नहीं, हमारे होंठों पर तिरने वाली कविता का नहीं, हमारी रगों में दौड़ने वाले खून का नहीं। लेकिन यह समझना जरूरी है कि भारत माता का बार-बार नाम लेकर हम न भारत माता का सम्मान बढ़ाते हैं न भारत की शक्ति। यह ठीक वैसा ही है, जैसे हम वक्त की पाबंदी या सच्चाई या अहिंसा को लेकर रोज महात्मा गांधी के सुझाए रास्ते की अनदेखी करते हैं, और रोज उन्हें बापू या राष्ट्रपति बताते हैं। इससे महात्मा गांधी की इज्जत बढ़ती नहीं, उल्टे कम ही होती है। जब हम एक सहिष्णु लोकतंत्र होते हैं, तो देश बड़ा लगता है। जब हम एक कट्टर समाज दिखते हैं, तो देश छोटा हो जाता है। जब हम दंगों में खून बहाते हैं, तो भारत माता शर्मिंदा होती है, जब हम बाढ़ और सुनामी में लोगों की जान बचाते हैं, तो भारत माता की इज्जत बढ़ती है। शनिवार को भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अपने भाषण में अरुण जेटली ने कहा कि हमें लगता है कि यह एक ऐसा मुद्दा है जिस पर बहस की गुंजाइश ही नहीं है। भारत का संविधान असहमति के लिए पूर्ण स्वतंत्रता की अनुमति देता है लेकिन राष्ट्र को तहस- नहस करने की अनुमति नहीं देता। हमने पहले पहल भारत माता को कब देखा था, जिस रूप में आज देखते हैं?
शुक्रिया उन सभी का जिन्होंने 'भारत माता की जय बोलने' के विवाद को फिर से तूल दिया। यही विवाद कभी 'वंदे मातरम्' को लेकर होता था और होता रहा है। वंदे मातरम् और भारत माता की जय की विकास यात्रा में कई वर्षों का अंतर है, मगर कब दोनों एक-दूसरे के पूरक हो जाते हैं यह ठीक- ठीक बताना मुश्किल है। इन विवादों से हमें यकीन होता है कि घबराने की जरूरत नहीं है। हम कहीं गए नहीं हैं, वहीं हैं। भारत की राजनीति ने पहले भी इस विवाद का सामना किया है और आगे जब भी होगा तो सामना कर लेगी। भारत माता की जय बोलने में न तो समस्या है, न नहीं बोलने में। समस्या है कि आप कौन होते हैं बोलने वाले कि 'भारत माता की जय' ही बोलो या देशभक्त होने का यही अंतिम प्रमाण क्यों है। ध्यान रहे कि ,चर्चा और बहस बहुत जरूरी है। इससे वो दृष्टि मिलती है, जिससे दृष्टिकोण बनता है।

Monday, March 21, 2016

अभिव्यक्ति की अाजादी सच है या मिथक

अगर आपसे कोई कहे कि आज के संदर्भ में अभिव्यक्ति की आजादी है क्या चीज? क्या यह सच है या मिथक? यह सचमुच कोई जटिल, गूढ़, अबूझ, दुर्बोध राजनीतिक ग्रंथि है या कोई सहज, सरल-सी चीज है, जिसे पकड़ने में हमारी समझ ही छोटी पड़ जाती है? यह पत्थर की वह सैद्धांतिक लकीर है, जिसे कोई तोड़-मरोड़ नहीं सकता या रबर जैसी ऐसी लचीली अवधारणा है, जिसे जो चाहे अपनी जरूरत के मुताबिक मोड़ ले, घुमा ले और अपने पक्ष में खड़ा कर ले? कहते हैं कि अभिव्यक्ति की आजादी के बिना लोकतंत्र लोकतंत्र नहीं होता, लेकिन क्या कोई लोकतंत्र अभिव्यक्ति को पूरी तरह आजाद करके सही मायने में लोकतंत्र बना रह सकता है?संविधान और हमारी सभ्यता में विचार व्यक्त करने की आजादी है। प्रश्न है कि क्या हम भी उन पर चरित्रहीनता का आरोप लगा सकते हैं? एक लोकतांत्रिक देश में राजनीतिक दलों की संरचना विचारधारात्मक आधार पर होती है यानी अपने देश समाज की आर्थिक-सामाजिक-सांस्कृतिक आदि परिस्थितियों की समझ और उन्हें आम जनता के हितों के अनुरूप ढालने-बदलने की वैचारिकता के आधार पर। और यह वैचारिकता तैयार होती है विचारों के आदान-प्रदान से जिसमें किसी दल से जुड़े हुए लोगों को उपलब्ध विचार व्यक्त करने की आजादी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है क्योंकि बिना इस आजादी के विचारों की निष्पक्ष और निर्भीक अभिव्यक्ति नहीं हो सकती। न निष्पक्ष प्रशंसा हो सकती है, न निष्पक्ष आलोचना और न सही निष्कर्ष ही निकल सकते हैं। अगर राजनीतिक दलों की संरचना की यही सैद्धांतिकी है तो इस देश में इस समय सक्रिय तमाम छोटे-बड़े क्षेत्रीय और राष्ट्रीय दलों की कार्यप्रणाली पर नजर डाल लीजिए। ऐसे तत्व अफजल गुरु की फांसी के कथित कातिलों को मारना चाहते हैं। वे शर्मिन्दा हैं कि अफजल के कातिल जिन्दा हैं। क्या हम भी जवाबी नारे लगा सकते हैं। नहीं ! हम ऐसे जवाबी नारे नहीं लगा सकते। हम सांस्कृतिक और संवैधानिक मर्यादा का उल्लंघन नहीं कर सकते। ज्यादा आजादी की बात करने वाले वाल्तेयर को उद्धृत करते हुए कहते हैं कि ‘उन्होंने कहा था,तुम जो कहते हो उसे मैं बिल्कुल पसंद नहीं करता, लेकिन तुम जो कहते हो, उसे कहते रह सको इसके लिए मैं अपनी जान भी दे सकता हूं।’ यही नहीं , सन 1831 में इसी बंगाल में हिंदू कॉलेज (अब प्रेसिडेंसी कॉलेज और प्रेसिडेंसी यूनिवर्सिटी) के प्रोफेसर हेनरी लुई विवियन डेरोजियो ने अपने छात्रों सिखाया कि ‘ज्ञान के लिए हमेशा जुटे रहो। उन्होंने छात्रों को बताया कि , युवा बंगाल खुद के बारे में लगातार सोचे।’ इतिहास गवाह है कि इसी पीढ़ी ने सबसे पहले आजादी की लौ जगायी थी। लेकिन सोचें कि उसी आजाद भारत में बोलते रहने के हक को कायम रखने के लिए जो कुछ किया जा रहा है वह क्या सचमुच इस समाज के लिए जायज है। जिन्हें हम भारतीय लोकतंत्र का खंभा कहते हैं, वहां अभिव्यक्ति की आजादी का असली चेहरा क्या है। पहले विधायिका की बात कर लें, उस विधायिका की जिसकी जड़ में राजनीतिक दल होते हैं। हमें पढ़ाया गया है कि एक लोकतांत्रिक देश में राजनीतिक दलों की संरचना विचारधारात्मक आधार पर होती है यानी अपने देश समाज की आर्थिक-सामाजिक-सांस्कृतिक आदि परिस्थितियों की समझ और उन्हें आम जनता के हितों के अनुरूप ढालने-बदलने की वैचारिकता के आधार पर। और यह वैचारिकता तैयार होती है विचारों के आदान-प्रदान से जिसमें किसी दल से जुड़े हुए लोगों को उपलब्ध विचार व्यक्त करने की आजादी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है क्योंकि बिना इस आजादी के विचारों की निष्पक्ष और निर्भीक अभिव्यक्ति नहीं हो सकती। चाणक्य के अनुसार किसी भी दल या विचारधारा या राज के प्रति प्रतिबद्धता के फलस्वरूप न निष्पक्ष प्रशंसा हो सकती है, न निष्पक्ष आलोचना और न सही निष्कर्ष ही निकल सकते हैं। अगर यह सही है तो क्या कन्हैया जिस आजादी की बात कर रहा है वह सही है? हर जाति के पास अपने असली-नकली महापुरुष हैं। आप इनमें से किसी भी महापुरुष को इतिहास और तर्क की कसौटी पर कसकर दिखा दीजिए? और जहां तक परिवारों में अभिव्यक्ति की आजादी का प्रश्न है, तो आज भी अपनी भिन्न राय रखने वाले लड़के-लड़कियों को उनके प्यार की आजादी की सजा पारिवारिक उत्पीड़न से लेकर मान-हत्या तक निर्धारित हो सकती है। कहने का तात्पर्य यह है कि भारत के समूचे लोकतांत्रिक ढांचे में वह आजादी नहीं है, जिसे अभिव्यक्ति की आजादी कहते हैं, वह आजादी जरूर है जिसे हिसाब-किताबी अभिव्यक्ति कहते हैं। हम दूसरों को नीचा दिखाने के लिए, अपने सत्ता केंद्र को बचाने के लिए या दूसरे के सत्ता केंद्र को ध्वस्त करने के लिए अभिव्यक्ति की राजनीतिक आजादी चाहते हैं, लेकिन वह भारतीय समाज जो हर कदम पर अभिव्यक्ति की आजादी का विरोधी है, उसे बदलने की कोई मुहिम नहीं चलाना चाहता। जिन जड़ताओं के विरुद्ध सर्वाधिक अभिव्यक्ति की जरूरत है, उनके विरुद्ध मुंह नहीं खोलना चाहते और जब मुंह खोलते हैं, तो कुछ इस तरह पुरानी खाइयां और गहरी हो जाती हैं, और शत्रुताएं और अधिक पक जाती हैं। वाल्तेयर ने एक मूल्य के तौर पर अभिव्यक्ति की जिस आजादी की बात कही थी, वह एक बहुत ही सभ्य, उदात्त, बौद्धिक और वैचारिक तौर पर अग्रणी तथा आधुनिकतावादी जीवन मूल्यों से संचालित समाज में संभव हो सकता है, भारत जैसे विभाजित समाज में नहीं। यहीं आकर हम फिर अटक जाते हैं कि सचमुच भारत में अाजादी की अभिव्यक्ति सच है या मिथक।