CLICK HERE FOR BLOGGER TEMPLATES AND MYSPACE LAYOUTS »

Monday, August 15, 2016

हमारी सबसे बड़ी समस्या

स्वाधीनता दिवस के 70वें मंगल प्रभात पर ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से देश को सम्बोधित करते हुये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान पर इशारों ही इशारों में हमला किया और बलोचियो की पीठ ठोंकी साथ ही पाक अधिकृत कश्मीर पर भी हक जताया पर उन्होंने कश्मीर की समस्या पर कुछ नहीं कहा। जबकि अभी कश्मीर की समस्या ही हमारे मुल्क की सबसे बड़ी समस्या है। जी हां, देश के लिये महंगाई से भी बड़ी। अभी हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि वे कश्मीरियों के लिये अच्छे भविष्य की कामना करते हैं। यह वादा या कामना कुछ ऐसी है जैसी अबतक सभी नेता करते आये हैं पर कोई असर नहीं हुआ। पाकिस्तानी हाई कमिश्नर को साउथ ब्लॉक में बुला कर कहा सुना गया लेकिन क्या उससे पाकिस्तानी ‘डीप स्टेट’ (आतंकवादियों के साम्राज्य) पर कोई असर पड़ा? इसलिये जरूरी है कि कश्मीर के बारे व्यवहारिक नजरिया अपनाया जाय। बुरहान वानी की मृत्यु के बाद कश्मीर में ताजा संकट, मामले को नासमझी भरे तरीके से निपटाने का परिणाम है। कश्मीरियों के मन , उनके इगो और वहां की स्थिति को देख कर मामले को सुलझाने की कोशिश करनी चाहिये थी। भारत विरोधी भावनाओं को हवा देकर सत्ता में आयी सरकार की सियासत के ‘साइड इफेक्ट’ के रूप में बुरहान वानी सृजित हुआ। जब बीमारी गंभीर हो गयी तो श्रीनगर में महबूबा मुफ्ती की सरकार और  दिल्ली में तख्त पर बैठे उनके सहयोगी यह नहीं समझ पाये कि करना क्या है? पहले तो दिल्ली की हुकूमत ने श्रीनगर के सभी राजनीतिक नेताओं को इसमें शामिल कर मामले को सुलझने का प्रयास किया ओर जब बात हाथ से बाहर चली गयी तो श्रीनगर और दिल्ली के नेताओं- अफसरों ने हाथ खड़े कर दिये कि हम क्या करें। केंद्र सरकार को अपनी चुनावी महत्वाकांक्षा को त्याग कर पी डी पी से सख्ती से पेश आना चाहिये। साथ ही सोशलमीडिया के जरिये घाटी में एक अभियान चलाना चाहिये जिसमें घाटी के लोगों को यह बताने का प्रयास किया जाना चाहिये कि उनके ‘पाकिस्तानी मददगार’ ने राष्ट्रसंघ के चार्टर का पालन नहीं किया है। लेकिन साउथ ब्लॉक में बैठे अाला हुक्मरान डरते हैं कि कहीं मामला अंतरराष्ट्रीय स्वरूप ना ले ले। इसके साथ ही सरकार को चाहिये कि वहां के लिये जो वायदे हुये हैं उन्हें पूरा करने में जुट जाय। इससे आमने सामने वार्ता में बल मिलेगा। एक बार यह शुरू हो जाय तो नयी दिल्ली को एक और नया चैपटर खोलना चाहिये। उसे दुनिया को बताना चाहिये पाकिस्तान आतंकवादियों की मदद करने वाला देश है तथा यह कोशिश करनी चाहिये कि पाकिस्तान को दुनिया आतंकवाद का मददगार देश घोषित कर दे। मोदी दुनिया भर में भाषण देते चलते हैं पर शायद ही किसी को याद होगा कि उन्होंने अपने भाषण में कभी पाकिस्तान पर कोई सीधा आक्षेप किया हो, जब भी कुछ कहते हैं तो घुमाफिरा कर कहते हैं। सोमवार को लाल किले से उनहोंने पड़ोसी देश पर जुमले उछाले पर पाकिस्तान का नाम नहीं लिया। यही नहीं, साउथ ब्लॉक के कई ऐसे लोग हैं जो अभी भी नवाज शरीफ से बातें करना चाहते हैं यह जानते हुये भी कि वहां इस समय उनकी कुछ नहीं चलती। वे सेना के सामने पंगु हैं। दुनिया में तो यह भी कहा जा सकता है कि आज नहीं तो कल पाकिस्तान में सेना नवाज शरीफ का तख्ता पलट देगी। मोदी जी और उनके लोगों को यह मानना होगा कि पाकिस्तान में फौज अपना वर्चस्व बनाये रखने के लिये भारत से दुश्मनी को हवा देती रहती है। कश्मीर की समस्या को बिगाड़ने में कई कारणों के साथ सरकार की सियासी अदूरदर्शिता भी एक कारक है। यह निहायत निराशाजनक है कि हर सरकार में जब कश्मीर का मामला बिगड़ता है तो फौज और पुलिस को चारे के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। उनकी जान की कोई कीमत नहीं समझी जाती है। बेशक फौज और पुलिस ने अब तक  बेहतरीन कार्य किया है , प्रशंसनीय कार्य किया है। समस्या राजनीतिक है ओर हमारी सरकार इसके प्रति सियासी फौजी नजरिया अपना रही है। भारत विरोधी तत्वों का खात्मा कर देने मात्र से इस समस्या का समाधान नहीं हो सकता है। फौज- पुलिस केवल समस्या को नियंत्रित कर सकती है। इसे मिटा नहीं सकती। नियंत्रण के दौरान जो शांति दिखती है असी अवधि में सरकार को ऐसे प्रयास करने चाहिये जिससे कश्मीरियों का दिल जीता जा सके। 1990 के बाद कम से कम तीन बार ऐसे मौके आये हैं जब वहां शांति हुई है। इस मौके का हमारे राजनीतिज्ञों ने कोई लाभ नहीं उठाया।

Sunday, August 14, 2016

अब तेरी हिम्मत की चर्चा गैर की महफिल में है

आज स्वाधीनता दिवस है। आज के दिन ही हमारा देश अंग्रेजों की गुलामी से मुक्त हुआ था और हमें अपनी सरकार चुनने का हक हासिल हुआ था। यह हक अनगिनत लोगों की बलि के बाद हासिल हुआ।

सरफरोशी की तमन्ना आज हमारे दिल में है

देखना है जोर कितना बाजुए कातिल में है

यह गीत किसी खास आदमी की जुबान था बल्कि उस समय की पूरी पीढ़ी का सपना था। तबसे अब तक 70 साल हो गये। हर बार आज के दिन उसके पहले एक परम्परा है कि लोगों से आजादी के मायने पूछे जाएं। सबलोग  उसका अपनी तरह से व्याख्या करते हैं। लेकिन आज यहां एक महत्वपूर्ण सवाल उठाया जा रहा है कि जो आजाद हुआ या सवाधीन हुआ वह मेरा देश है, आप देश से क्या समझते हैं। भारत से आप क्या समझते हैं? आज कल तीव्र राष्ट्रभक्ति का ज्वार चला हुआ है ऐसे पूछना कि आप देश या राष्ट्र से क्या समझते हैं एक ऐसा सवाल है जिसका उत्तर खोजना जरूरी है। आपसे पूच जाय कि भाई कौन स्वतंत्र हुआ मैं या आप? अगर मैं कहूं कि हम आजाद हुये, सैकड़ों साल से देश वासियों को इकाई ना रख कर हम बनाती हुई एक अमूर्त भावना जो हमारे बाच मौजूद नहीं है फिर भी हमें बांदा रखी है उस अमूर्त भावना को आप क्या नाम देंगे? जैसा कि नादीन गाडीमर ने लिखा है कि भावनाएं होतीं हैं। आत्मा की घटनाएं। आप मेंलगभग सभी ने हावड़ा का पुल पार किया होगा और उस पुल से गुजरते हुये लोगों को बहुतों को देखा होगा कि सिर झुका कर प्रणाम करते। अगर आप पुल से नीचे झांके तो एक चौड़ी मटमैली धारा बहती हुई सी दिखेगी। यह किसी ाटना की प्रतिक्रिया नहीं है बल्कि भीतर स्वउच्छावासित है। जैसे आप कहीं उंगली रख कर यह नहीं कह सकते कि देखो यही देश है उसी तरह आप इस भाव का मूर्त स्वरूप नहीं दिखा सकते। यही भावना देशप्रेम है जो ना कहीं इतिहास में लिखा और जिसे ना भूगोल की जरीब से नापा जा सकता है। दरअसल यह एक स्मृति है जीवन से अधिक विराट और समय की सीमा से परे। हमारे समस्त पूर्वजनमों का पवित्र धाम जहां हमारे पुरखे रहते आये हैं। जैसा कि गाडीमर ने कहा है कि हर भावना एक घटना है तो देशप्रेम एक चिरंतन घटना है जो हर पीढ़ी की आत्मा में घटित होता है। यह घटित होना या इसका अहसास किसी कविता की नहीं है जो हमेशा टीसता रहता हो। देशप्रेम चूंकि आत्मा की घटना है इसलिये यह एक ऐसी संस्कृति में घटित होता है जहां मन के एक कोने में स्मृति अंतर्गुम्फिमत होती है। इसी अंतर्गूम्फन के कारण पत्थर शिव बन जाता है पहाड़ कैलाश और नदी मां बन जाती है। सब एक जीवन्त पवित्रता का गौरव , एक प्रकार की धार्मिक संवेदना ग्रहण कर लेता है। इन्हीं आत्मीय उपकरणों ने देशभक्ति की भावना को जन्म दिया है। आपने गौर किया है कि रामायण, महाभारत या अन्य पौराणिक कथाओं में मनुष्य ही रुपक है। यह वहीं संभव है जहां भूगोल की देह पर संस्कृति के स्थल अंकित रहते हैं। सोचें कि पहाड़ पर चढ़ते हुये हम ऐसे प्रतीकों के पदचिन्हों पर चलते हैं जो हमारी इस यात्रा को तीर्थ की यात्रा में बदल देती है। आज हमारे बुद्धिजीवियों को ईश्वर और पूर्वजों की स्मृति का उल्लेख करना अच्छा नहीं लगता या कहें उनहें यह सब अजीब सा लगता है। वे लोग वंदेमातरम में भी साम्प्रदायिकता खोज लेते हैं। लेकिन देशप्रेम की भावना को देश से जुड़ी स्मृतियों और इतिहास की कीचड़ में सनी व्यथाओं को अलग कर देने से भावना की पवित्रता और गरिमा नष्ट हो जाती है। इसीलिये हम अपने आख्यानों में देश के महान सपूतों का जिक्र करते हैं ताकि इतिहास की पीड़ा को उस स्मृति के साथ देख सकें, महसूस कर सकें। आपने इतिहास जरूर पढ़ा होगा। कभी कभी उसके समाजशास्त्र और दर्शन को महसूसा है। सोच है कभी कि पांच हजार साल पुरानी परम्परा से एक इेसे राष्ट्र का जनम हो सकता है जो एक होते हुये भी अनेक स्त्रोतों से संजीवनी शक्ति खींच सकता है। भारत को राष्ट्र का सवरूप देना इक तरह से संगीत लयबद्धता हे जिसमें छोटे से छोटे वाद्य का सुर सुनायी पड़ता है। भारत की कोई परम्परा इतनी छोटी या नगण्य नहीं थी जिसका सुर मुख्य धारा में जुड़ कर सुनायी ना पड़ता हो। विख्यात इतिहासकार इ पी टाप्सन ने लिखा है कि ‘भारत केवल महत्वपूर्ण नहीं, दीनिया का शायद सबसे महत्वपूर्ण देश है , ​जिसपर सारी दुनिया का भविष्य निर्भर करता है। पूरब या पश्चिम का इेसा कोई विचार नहीं है जो भारतीय मनीषा में क्रियाशील ना हो।’  दरअसल यही विचार तत्व इस देश को बचाये हुये है। आज कश्मीर को लेकर सबसे ज्यादा विवाद है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री ने कहा अधिकृत कश्मीर हमारा अंग है। ऐसा क्यों? इसलिये कि कश्मीर केवल भगौलिक दृष्टि से भारत का नहीं है बल्कि अल बरूनी के शब्दों में ‘हिंदू दर्शन और आध्यात्मिक शोध का काशी के बाद यदि कोई केंद्र था तो वह कश्मीर ही था।’ क्या आप शैव- बैद्ध दर्शन या राजतरंगिनी जैसी इतिहासिक रचनाओं को हम अपनी पारम्परिक सम्पदा से पृथक कर सकते हैं। समय बीतने के साथ साथ जमीन की हदें-सरहदें धीरे- धीरे संस्कृति के नक्शे में बदल जाती हैं। एक के खंडित होते ही दूसरे की गरिमा को भी आघात लगता है। भारत की आजादी के संघर्ष को संस्कृति की इसी लौ ने जिला रखा था। बेशक विभिनन दबावों से वह लौ थोड़ी मद्धम हो गयी है, लेकिन आज भी हावड़ा पुल से गुजरते लोगों का प्रणाम करते देखना एक रुपक है कि देश में ऐसे ही अनगिनत नदियों , जल       स्रोतों और सरिता को करोड़ों लोग प्रणाम करते होंगे। साथ ही यह एक आश्वासन है कि देश में सस्कृति की लौ अभी प्रकाशमान है ओर यही भावना हमारा देश है।

ऐ शहीदे मुल्को मिल्लत मैं तेरे ऊपर निसार

अब तेरी हिम्मत की चर्चा गैर की महफिल में है

Friday, August 12, 2016

पीड़ितों ने ही बदला है इतिहास

इनदिनों किसी भी  अखबार को गोलिये और दो ही खबरें प्रमुख दिखायी देंगी एक कश्मीर से जुड़ी और दूसरी दलितों से जुड़ी। खैर कश्मीर पर बहुत विमर्श हो चुका पर दलितों पर केवल दो इरादे से लिखा जा रहा है, पहला कि फैशन के कारण और दूसरा व्यवस्था को कोसने के लिये। अतएव दोनो में वस्तुनिष्ठता का अभाव खटकता है। यहां एकमात्र  सवाल है कि क्या ‘क्या दलितों के लिये भारत एक स्वतंत्र राष्ट्र है?’ यहां एक बात का जिक्र कर देना जरूरी है कि जब भी इस तरह का कोई सवाल देश की सीमा से बाहर उठता है तो सरकार का उत्तर होता है कि यह हमारा आंतरिक मामला है और इसमें किसी भी अन्य राष्ट्र को टांग अड़ाने की जरूरत नहीं है। यही नही देश में भी पक्षपात इनदिनों एक बड़ी बिमारी बन गयी है। पूरा समाज यातो इस तरफ या उस तरफ , निष्पक्ष कोई नहीं है। इसी कारण दलित या उन परजिल्म ढाने वाले दोनों खुद को पूरी तरह सही बताते हैं। इस नजरिये के प्रति समस्या यह है कि इसमें हकीकत थोड़ी कम है और कोई कुछ नहीं कर सकता। अब मायावती ने जब संसद में कहा कि ‘दलित मसले को जातिवादी माइंडसेट से देखा जा रहा है’, तो वह बिल्कुल सही थीं लेकिन उन्होंने इस समस्या के लिये किसी प्रकार के अंतरदृष्टिपूर्ण समाधान नही प्रस्तुत किया। यह आज के सियासी मुबाहिसे की सबसे बड़ी कमी है। शब्द अपने ऐतिहासिक संदर्भ से उभरते हैं और एक नारे के रूप में फिजां में फैल जाते हैं। दलितों और गोरक्षकों में इक बात कॉमन है कि वे दोनो वह मनोविज्ञान नहीं समझते जिसके कारण दलित का होना महसूस होता है और फिर उन पर जुल्म करने वाले गोरक्षक अपने किये को जायज ठहराते हैं। जबकि इसे समझना गो रक्षकों के लिये एक सार्थक विकल्प है और दलितों के लिये तो यह उस कील की मानिंद है जिस पर उनका मुकद्दर झूर रहा है। सदियों से हमारे देश में कुछ कामों को छोटा समझा जाता है और कुछ को बड़ा। मसलन, रसोई का काम या घरेलू काम अक्सर औरतें करती हैं या नौकर चाकर करते हैं अगर घर का कोई पुरूष करता दिखे तो असामान्य सा लगता है। यही बात द्विजो के साथ् लागू होती है कि वे शारीरिक श्रम नहीं करते। आधुनिक युग के उषाकाल तक आदमी की कीमत उसके द्वारा किये जाने वाले काम से होता था। यह मान्यता थी कि छोटा काम अक्सर छोटे लोग ही करते हैं इस बात को अम्बडकर ने अच्छी तरह समझा था। इसलिये उन्होंने समानता या बराबरी को सामाजिक डायनामिक्स का कारक तत्व  कभी नहीं माना। इसी बीच हमारी व्यवस्था लोकतांत्रिक हो गयी जिसने मसले को और उलझा दिया। लोकतंत्र की तामीर बनाने वालों ने इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया। स्थिति यह हुई कि बेशक हम लोकतांत्रिक व्यवस्था वाले देश हो गये लेकिन सामाजिक संघटन में वही पूर्व आधुनिक विचार था जिसमें आदमी का मूल्य उसके द्वारा किये जा रहे कामों से आंका जाता था। अब सदियों से यह माना जाता रहा है कि जो ऊंची जाति का है वह गुणों की खान है और जो नीची जाति का है वह गंदा है।  यही माइंडसेट या मनोविज्ञान गो रक्षकों के साथ है। यहां गायों की रक्षा प्रमुख नहीं है बल्कि दलितों को उनके जीवन की तुच्छता प्रदर्शित करनी है। लोकतंत्र इस असमानता समर्थक विचारों के मुकाबले समानता का मैदान तैयार करत हे। हमें गो रक्षकों से भी सहानुभूति है क्योंकि कभी किसी ने उन्हे यह बताने की तकलीफ नहींकि एक दलित का जीवन कम से कम उस मृत गाय के चमड़े से ज्यादा कीमती है जिसके लिये वे(गो रक्षक ) इतने जघन्य कृत्य कर रहे हैं। मूल मसला है दलितों की मूल्यहीनता। गो रक्षा तो केवल दिखावा है। आज उद्देश्य केवल यह नहीं होना चाहिये कि दलितों को जुल्म से बचाया जाय। उद्देश्य तो यह हा कि वे अपने दलित होने के हीन भाव से बाहर निकलें। वे मृत पशु के चमड़े को ही रोजगार क्यों बनायें। अगर हमारा लोकतंत्र सही अर्थों में लोकतंत्र है तो दलितों की हिफाजत से जरूरी है उनका दलित होने का भाव खत्म करना। जिसे अम्बेडकर ‘जाति का खात्मा’ कहते थे। मृत पशुओं का चमड़ा निकालने का काम दलित गोरक्षकों पर ही छोड़ दें। उन्हें यह सीखने दें। आज की जो सबसे बड़ी गड़बड़ी है वह आर्थिक विपन्नता। दलितों का विकास मूलक रोजगार के माध्यम से सशक्तिकरण जरूरी है। दलितों की सबसे बड़ी विपदा है कि वे राष्ट्र के सौतेले बच्चों की तरह हैं ओर उनहें जो आरक्षण इतयादि की सुविदाएं मिलती हैं वह समाज के क्रोध में आग मे घी का काम करतीं हैं। इससे उन्हें सामाजिक प्रतिष्ठा नहीं मिलती। दलितों के लिये जरूरी है कि वे दलित होने के भाव से मुक्ति पाएं और समाज के समक्ष प्रमाणित कर दें कि वे किसी से कम नहीं हैं। आज यह प्रमा​णित हो चुका है कि इंसानी हुनर और मेधा किसी की बपौती नहीं है यह किसी सामाजिक सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के बंधन में नहीं है। शिक्षा सुनहरे भविष्य की कुंजी है और एक शिक्षित दलित एक मूढ़ गौरक्षक को उसकी मूर्खताओं से मुक्त करा सकता है। जो पीड़ित रहे हैं उन्होंने हरदम इतिहास बदला है। इससे बुरी मानसिक गुलामी हो ही नहीं जो यह समझे कि हमारे ही समाज के एक इंसान का जीवन मरी गाय की खाल से भी सस्ता है। केवल विकास ही इस गुलामी को दूर कर सकता है।

Thursday, August 11, 2016

एक नयी व्यवस्था के उभरने के संकेत

सोवियत संघ और असके साथी कम्युनिस्ट देशो के पतन के बाद यूरोप में खुशी मनायी गयी थी और इसे पश्चिम की उदारवादी लोकतांत्रिक व्यवस्था की विजय कहा गया था। एक अमरीकी राजनीतिशास्त्री फ्रांसिस फुकुयामा ने इसे ‘इतिहास की समाप्ति’ कहा था। उनका कहना था कि पश्चिम आखिर सिद्धांतों की जंग जीत गया। यह भी भले के लिये हुआ। अगर कोई इसके विपरीत बोलता सुना जाता तो उसकी सार्वजनिक खिल्ली उड़ायी जाती। उस ाटना के पच्चीस वर्ष के बाद हम लगता है कि ‘इतिहास की समाप्ति : श्रृंखला -2’ को देख रहे हैं। फर्क यही है कि इसबार यह समाप्ति मास्को, बुडापेस्ट और वारसा में ना होकर पश्चिम देशों की राजधानियों लंदन, पेरिस , वाशिंगटन , रोम और पेरिस में हो यही है। जो उसूल पश्चिम के वर्चस्व के आधार स्तम्भ थे और जिन  उसूलों के कारण कम्युनिज्म का खात्मा बताया गया था उन्हीं उसूलों – उदार लोकतंत्र और पूंजीवाद – के कारण यह सब मिटता दिख रहा है। वे उसूल आज खुद गंभीर संकट में हैं। आज चारों तरफ उबलते गुस्से और जलती नफरत का बोलबाला है। मोटे तौर दूसरे विश्व युद्ध के बाद का यह सबसे बड़ा संकट है। अटलांटिक के दोनों तरफ सामाजिक विघटन और आर्थिक अव्यवस्था के काले बादल मंडरा रहे हैं। राजनीतिक वर्ग के लोगों और निर्वाचित प्रतिनिधियों पर से भरोसा घटता जा रहा है। कहा जा सकता है कि संसदीय लोकतंत्र पर से भी भरोसा कम हो रहा है। संसद की बहस सड़कों का संघर्ष बनती जा रही र्है। जन प्रतिरोध का आलम यह है कि 1930 के जर्मनी का इतिहास याद आ रहा है। आम जनता एक अजीब अंजान दिशा की ओर   बढ़ रही है। चाहे वा भारतीय उपमहाद्वीप हो या अमरीका या इंगलैंड जो आदमी अपने भाषणों में समसाम​यिक राजनीतिज्ञों से अलग बोलता सुनाई – दिखाई पड़ता है लोग उसके चतुर्दिक जमा हो जाते हैं। अमरीकी राजनीति का ट्रम्पीकरण या बेक्सिट या फ्रांस का ली पेन या नदिरलैंड्स के ग्रीट विल्डर्स चारो तरफ दक्षिणपंथी रूझान बढ़ता दिख रहा है। इकोनॉमिस्ट के मुताबिक आज लोकलुभावन अधिनायकवादी वाम पंथी और दक्षिणतंथी दल यूरोप के जनसमुदाय पर सन 2000 के मुकाबले दोगुनी पकड़ बनाये हुये हैं। आ सवाल है कि यह सब हुआ कैसे? इकोनॉमिस्ट के अनुसार यह 2008 के आर्थिक विपर्यय के बाद जन्मी कुंठा के कारण हो रहा है और इसके ज्यादातर शिकार गरीब लोग है।  जब लाखों लोगों का राजगार खत्म हो गया तो यह जले पर नमक की तरह दुखदायी हो गया। क्योंकि ये सभीमध्यमवर्गीय लोग गरीबी की ओर धकेल दिये गये। … और इसमें उनका कोई दोष नहीं है। इसके दोषी हैं बैंकर और शासक दलों के चमचे। वैश्वीकरण से गरीबों और मध्यमवर्गीय लोगों को लाभ नहीं हुआ। उसका फायदा अमीरों को ही मिला। यूरोपीय देशों में आउट सोर्सिंग के कारण नौकरियां खत्म हो गयीं। क्या विडम्बना है कि मजदूरों के लिये संघर्ष करने वाले अमरीकी वामपंथी दलों के टी शर्ट बंगलादेश में बनते हैं और अमरीकी मजदूर भूखों मर रहे हैं। अब लोगों के मन में धीरे धीरे यह बात ार करती जा रही हे कि चाहे जो चुनाव जीते चाहे जिस देश में जीते वही अमीर ओर बड़े लोग जीतते हैं। ये बड़े लोग जनता के बदले केवल बड़े लोगों के लिये ही काम करते हैं। इसलिये कोई भी क्रांतिकारी अंदाज में जब घोषणा करता है कि वह महंगाई घटायेगा, नौकरियां बढ़ायेगा और खुशहाली लायेगा लोग उसके आस पास जमा हो जाते हैं। कारण खोजने का साहस कोई नहीं करता। हम लोग एक पेड़ को बचाने के लिये पूरे जंगल का सत्यानाश करते दिख रहे हें। बात दरअसल यह है कि पश्चिमी असूलों की बाजीगरी अब पुरानी हो गयी। पूंजीवाद की चमक की कलई उतर गयी। एक नये प्रकार की वैश्विक व्यवस्था जन्म ले रही है  ओर यह साफ पता चल रहा है कि सियासत का पुराना कारोबार अब नहीं चलने वाला। अब समय एक दूसरी व्यवस्था को गढ़ने का आ गया है।

Wednesday, August 10, 2016

" टी एन टी " से कश्मीर को बचाना जरूरी

कश्मीर की समस्या के बरअक्स आज का दिन बेहद खास है। वैसे तो झगड़े की नींव 1946 में ही पड़ चुकी थी पर लाहौर में मुहममद अली जिन्ना के आज के भाषण ने इस समस्या को इतना बिगाड़ दिया जो अब शायद ही सुधरे और अगर सुधार होता भी है तो ‘व्यापक सर्जरी की जरूरत है।’ जिन्ना 9 अगस्त 1947 को एक डकोटा विमान से दिल्ली से लाहौर रवाना हुये थे। 11 अगस्त को वहां कंस्टीट्वेंट असेम्बली में उनका भाषण था। यहां उनके भाषण के तीन अंश उद्धृत हैं। उनका भाषण ना नेहरू की तरह लयात्मक था ना अम्बेडकर की तरह विद्वतापूर्ण ना राधाकृष्णन की तरह दर्शनपूर्ण। उनका भाषण बेहद तनाव भरा और प्रसंग विहीन था। उनके भाषण का पहला अंश है ‘आज दुनिया हैरत मैं है। हमने इस उपमहाद्वीप में दो देश बना डाले और वह भी शांपिफूर्ण ढंग से। इसके सिवा कोई उपाय नहीं था।’ यह बोलते हुये जिनना 15 अगस्त 1946 भूल गये जब केवल एक शहर कोलकाता में सिर्फ 72 घंटे में लगभग 3000 लोग मारे गये थे और 40 हजार बेघरबार हो गये थे। जिन्ना इसे शांतिपूर्ण आंदोलन बता रहे थे। इसके आगे वे बोलते हैं कि ‘मेरे ख्याल में इसका कोई दूसरा समाधान नहीं था। मैं मुतमईन हूं कि आने वाला वक्त इसका इतिहास लिखेगा और फैसला हमारे हक में होगा। एक भारत संभव था ही नहीं और अगर होता तो उसका नतीजा भयानक होता।’ सोचिये जिनना का कथन कि इसका कोई दूसरा समाधान ही नहीं था। और इतिहास उनके हक में फैसला देगा। यानी दो मुल्क बनाने के लिये एक मुल्क का जिगर चीर कर खून का दरिया बहा दिया जाय और वह सही है। उस जमाने में जिनना के भाषण को टी एन टी (टू नेशन थ्योरी) की संज्ञा दी गयी थी। यहां यह बता देना उचित है कि द्वितीय विश्व युद्ध तक टी एन टी सबसे खतरनाक विस्फोटक हुआ करता था जैसा कि इन दिनों आर डी एक्स है। जिन्ना के अहं ने इतिहास के सर्वाधिक प्रलयंकारी घटना को अंजाम दिया। कहते हैं कि अहं जितना ऊंचा जायेगा उसका उतना ही ज्यादा पतन होगा। जिन्ना के अहं का पतन पूर्वी पाकिस्तान के विघटन के रूप में हुआ। उनके भाषण का तीसरा अंश है, जो नहरू की शैली से मिलता है और लगता है कि वे नेहरू की नकल कर रहे हों। जिन्ना कहते हैं , ‘ हो सकता है मैं गलत होऊं या सही होऊं यह तो आने वाला समय ही बतायेगा। हम समय के दर्शक मात्र हैं।’ जिन्ना यहां अनिश्चय की स्थिति में दिखते हैं। आज कश्मीर की पूरी समस्या जिनना के उस अहंपूर्ण भाषण का एक्हटेंशन है जिसमें कहा था उनहोंने कि इसके सिवा कोई चारा नहीं था और इतिहास हमारे हक में फैसला देगा। जिस मारकाट को उन्होंने शांतिपूर्ण ढंग से अलगाव बताया वही मारकाट आज कश्मीर में चल रही है और पाकिस्तान की सरकार इसे आजादी का जज्बा बता रही है और उसके साथ सहानुभूति जता रही है।  जिन्ना के ही भाषण से  साफ पता चलता है कि पाकिस्तान ुद में कोई देश नहीं है बल्कि उनके अहं को देखते हुये और भारत पाकिस्तान को लड़ते रहने के लिये अंग्रेजों ने एक फर्जी इलाका तैयार किया ताकि एकीकृत भारत ताकतवर ना हो जाय और उसकी श्रेष्ठता को ठेंगा दिखाने लगे। टी एन टी का वह सिद्धंत अंग्रेजों ने जिनना के जरिये पाकिस्तान की साइकी​ में पेवस्त कर दिया। ‘हिस्ट्री इन द इम्पीरियलिज्म’ में डा. बी एन पाण्डेय ने लिखा है कि 1857 के गदर के बाद अंग्रेजों अपने एजेंटों के जरिये हिंदुओं और मुसलमानों में नफरत पैदा करवायी। 1940 में जिन्ना इसके मुफीद कैरियर मिल गये। आज सबसे जरूरी है कि इस इगो से जनमी मनोवैज्ञानिक समस्या का हल केवल इस बात से है कि कश्मीरी जनता के इगो को सही राह दिखायी जाय वरना हम इसी बात का शिकार होते रहेंगे कि ‘इसके सिवा कोई चारा नहीं था।’ दोनो तरफ से हथियार चलेंगे और जो भी मरेंगे वे हमारे अपने लोग होंगे। जिन्ना के टी एन टी से कश्मीर को और कहें तो अपने मुल्क को बचाने का एक मात्र तरीका है कि कश्मीरियों के जहन से इस बारूद को निकाला जाय।