CLICK HERE FOR BLOGGER TEMPLATES AND MYSPACE LAYOUTS »

Friday, March 1, 2019

भारत की चेतावनी पाकिस्तान समझ गया

भारत की चेतावनी पाकिस्तान समझ गया

भारत और पाकिस्तान जैसे को तैसा नई कार्रवाई पर उतर आए हैं। पुलवामा हमले ने भारतीय वायु सेना को बालाकोट पर हमला करने के लिए मजबूर किया। उसके बाद पाकिस्तानी वायु सेना ने उसके दिखावटी बदले   के लिए भारतीय सीमा में प्रवेश किया। जबकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय दोनों देशों से संयम की अपील करते रहे । भारत में पाकिस्तान को दोबारा जवाब देने की मांग उठने लगी। लेकिन यह समझना जरूरी है कि बालाकोट का हमला रणनीतिक रूप में किसी भी सैनिक कार्रवाई से अलग था। यह हमला भारत के किसी भी स्थिति से निपटने की ताकत को और मजबूत करता है परंतु  इसका परिणाम चाहे कुछ हो ना हो लेकिन आगे सामरिक जोखिम को जरूर बढ़ाता है। यह बात  सही है कि पाकिस्तान ने कुछ सैनिक कार्रवाई की है तब भी भारत को ज्यादा बात बढ़ाने से गुरेज करना चाहिए। क्योंकि पाकिस्तान ने गिरफ्तार कमांडर अभिनंदन वर्थमान को रिहा कर दिया है। इसके अलावा पाकिस्तान एक लुटा पिटा  मुल्क है और  उसके पास गंवाने के लिए बहुत कुछ नहीं है ।
        सामरिक नजरिए से बदले के लिए केवल बदला लिए जाने से बात नहीं बनती है ।इसलिए भविष्य के हमलों को रोकने के लिए जैसे को तैसा जरूरी है। बालाकोट हमला केवल पुलवामा हमले का बदला नहीं था बल्कि पाक के लिए एक चेतावनी भी था। भारतीय वायुसेना के दुस्साहस पूर्ण हमले पाकिस्तान को चेतावनी भरा  संदेश देते हैं कि आतंकियों को मदद करने से दंड मिलेगा। यद्यपि अभी देश में हमले की भावना बहुत बलवती है लेकिन यह देखना जरूरी है कि किसने बढ़कर मारा । इसलिए पाकिस्तान पाए प्रत्याक्रमण को नजरअंदाज कर देना चाहिए।  पाकिस्तानी हमला भारतीय चेतावनी का शमन नहीं कर सकता । दरअसल पाकिस्तान का हमला एक तरह से भारतीय निवारक कार्रवाई को और शक्तिशाली बना कर प्रस्तुत करता है।  भारत ने बता दिया कि वह पाकिस्तान को आतंकियों को मदद करने के लिए ना केवल दंडित  कर सकता है बल्कि उसकी कीमत भी चुका सकता है । भारत ने बता दिया के वह केवल पाकिस्तान पर हम ले ही नहीं कर सकता बल्कि इस दौरान छोटे-मोटे प्रहारों को झेल भी सकता है। यह एक प्रचंड संदेश है और संभवतः भविष्य में इस्लामाबाद पर इसका असर जरूर पड़ेगा। अतएव अब दुबारा भारतीय सैनिक कार्रवाई इस संदेश को भ्रमित कर देगी। भारतीय उद्देश्य अब यह होना चाहिए की संकट को खत्म किया जाए ना कि इसे बढ़ा दिया जाए। हमें वर्तमान संकट को कुछ  ऐसी नजर से देखना चाहिए कि दोनों पक्ष बातचीत में बैठे हैं और नए अंदाज में अपनी अपनी बात कह रहे हैं । पाकिस्तान को यह  पूरी तरह यकीन है कि उसे घुटने टेकने के लिए मजबूर कर देने की क्षमता भारत में है। फिर भी वह आतंकवाद को समर्थन दे रहा है क्योंकि इस्लामाबाद को यह उम्मीद नहीं थी कि भारत इस अंदाज में उत्तर देगा।
       भारत इस बात का आकलन जरूर करेगा की सैनिक कार्रवाई का जवाब पाकिस्तान की ओर से भी मिलेगा और फिर स्थिति बिगड़ने का जोखिम होगा ,जो कि आतंकवादी कार्रवाई  के बदले की बहुत ज्यादा कीमत होगी। दूसरे शब्दों में कह सकते हैं कि पाकिस्तान जरूर महसूस करेगा कि आतंकवाद एक समस्या है लेकिन इतनी गंभीर समस्या नहीं है कि इसके लिए दो परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्रों में संघर्ष हो जाए। अतीत में भारत ने कई बार बड़े आतंकी हमलों को लेकर सावधानी भरा कदम उठाया है। अब जो कुछ हुआ है वह पाकिस्तान को मजबूर कर देगा कि वह अपने खिलाफ जोखिम का फिर से आकलन करे। बालाकोट हमले से पाकिस्तान ऐसा करने पर मजबूर हो गया है ।  उसके मन में यह भय हो गया है कि आतंकी हमला को लेकर भारत गंभीर भी हो सकता है और मुंह तोड़ जवाब दे सकता है। यह पाकिस्तान के लिए एक नई सूचना है और भविष्य में वह इसे याद रखेगा।
       दूसरी तरफ पाकिस्तान का कथित जवाबी हमला भारत के लिए कोई नई बात नहीं है क्योंकि भारत यह अच्छी तरह जानता है कि नियंत्रण रेखा को लांघना पाकिस्तान की फितरत है। इसके खिलाफ भारतीय कारवाई कोई आश्चर्यजनक नहीं है। यह केवल भारत की नई निवारण नीति नमूना है । अब अगर भारत पाकिस्तान की कार्रवाई का बदला लेता तो वह मूल संदेश पर से लोगों का ध्यान भी विचलित कर देता ।  बदले की इस कार्रवाई के बाद एक मुकम्मल जंग का खतरा बढ़ जाएगा और उस खतरे के बीच भारी तू तू मैं मैं शुरू हो जाएगी। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान की नरमी यह बताती है कि पाकिस्तान ने भारत की चेतावनी समझ ली है । भारत ने अपना सामरिक लक्ष्य पूरा कर लिया है । भारत  दुनिया को यह भी संदेश दे सकता है की वर्तमान संकट प्रमुख नहीं है प्रमुख है पाकिस्तान का आतंकियों को समर्थन देने की आदतों से बाज नहीं आना। भारत  को पूरी दुनिया के समक्ष यह जाहिर करना चाहिए कि भारतीय कारवाई अपनी सुरक्षा और शांति के लिए थी ना कि बदले की खूनी प्यास के लिए।

Thursday, February 28, 2019

भारत को सावधान रहना होगा 

भारत को सावधान रहना होगा 

पाकिस्तान का सुर बदल गया है इमरान खान अब ताल ठोकने की  बजाय मिमिया रहे हैं और कह रहे हैं की जंग से कोई लाभ नहीं होगा।  उन्होंने कहा कि बातचीत से हमें मामले सुलझाने चाहिए। लेकिन ,इस पर भरोसा नहीं करना चाहिए। क्योंकि पाकिस्तान एक ऐसा मुल्क है जो कभी भी साथ नहीं देगा ।ऐसे मौके पर रहीम की एक पंक्ति याद आती है "कह रहीम कैसे निभे केर बेर को संग, एक डोलत रस आपनो एक के फाटत  अंग।" पुलवामा हमले के बाद देशभर में भयानक गुस्सा फैल गया था और इस गुस्से को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र से वादा किया था कि वे एक-एक आंसू का हिसाब लेंगे। उन्होंने इसके बाद फौज को फैसला करने की खुली छूट दे दी। वादे का नतीजा बेहतरीन निकला । फौज ने इस छूट का उपयोग कर लिया। 12 मिराज विमानों ने नियंत्रण रेखा पार कर पाकिस्तानी क्षेत्र में जैश ए मोहम्मद के ट्रेनिंग कैंप बालाकोट में आतंकी शिविरों पर हमला कर उन्हें नेस्तनाबूद कर दिया। इस क्रम में 300 से ज्यादा आतंकी मारे गए । इसके बाद सोशल मीडिया पर एक उल्लास भरी खबर चल रही थी, "हाउ इज जैश! फिनिश्ड सर!!" 
    बदला लेने के लिए भारतीय वायु सेना का उपयोग बहुत महत्वपूर्ण है। यह महत्वपूर्ण इसलिए भी है कि 2016 के सर्जिकल हमले के विपरीत भारतीय वायु सेना का इसमें उपयोग किया गया। वायु सेना के विमान बहुत भीतर तक जाकर आतंकी शिविरों को नेस्तनाबूद करने में कामयाब रहे । यह कामयाबी ऐसी है जिससे पाकिस्तान  इनकार नहीं कर सकता। बेशक वह हमले का असर कम करके बता सकता है। इससे भी बड़ी बात है इस हवाई हमले की कि भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तान  के सैनिक ठिकानों ,वहां के इंफ्रास्ट्रक्चर और आम नागरिकों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। यह समूची दुनिया के लिए एक बहुत महत्वपूर्ण संदेश है । इस से भारत के प्रशंसकों की संख्या बढ़ सकती है। यही नहीं इस हमले के लिए रात का वक्त चुनना भी एक सही फैसला था और वह खुफिया खबर भी प्रशंसनीय है जिसमें  बालाकोट की पक्की जानकारी दी गई थी। भारत के सभी विमान अपने टारगेट को नष्ट कर सही सलामत वापस आ गए । यह इसलिए भी बड़ी उपलब्धि है कि जब यह हमला हुआ तो पाकिस्तान में हाई अलर्ट था।
          अब अगर इस हमले का समरनीतिक आकलन किया जाए तो यह भी ध्यान में रखना जरूरी है कि टारगेट और उसके अनुपातिक पहलू क्या थे । सबका ध्यान बहावलपुर पर था। क्योंकि वहां  जैशे ए मोहम्मद का सबसे बड़ा कैंप है और भारतीय वायु सेना ने इसी का फायदा उठाया। उसने कहीं पर निगाहें कहीं पर निशाना वाली कहावत चरितार्थ कर दी। पाकिस्तान की  आई एस आई बहावलपुर की हिफाजत में लगी थी और इधर बालाकोट को ठोक दिया गया। अब एक आतंकी कैंपर हमले से अंतरराष्ट्रीय समुदाय में भारत के कूटनीतिक प्रयासों को काफी बल मिलेगा। यह हमला भारत के लिए काफी सकारात्मक रहा। भारत ने अगर सही लक्ष्य नहीं तय किया होता तो शायद लोग उसकी आलोचना करते और भारत को इधर उधर झांकना पड़ता। लेकिन भारत के इस कदम ने इसके कूटनीतिक अभियान को भी बल दिया है। पाकिस्तान ने भारतीय हमले को बेअसर बताया लेकिन इसका कोई महत्त्व नहीं है । कूटनीतिक क्षेत्रों में इस बात पर कोई भरोसा नहीं कर रहा है। वास्तविक परिणाम क्या हुआ यह तो आज नहीं कल जनता के सामने आएगा ही।
      पाकिस्तान ने  दिखाने के लिए मंगलवार को भारतीय हमले का जवाबी हमला किया। इस हमले में जो सबसे बड़ी कमी थी वह था इमरान खान की कैबिनेट का समर्थन। इससे साफ साबित होता है कि पाकिस्तान की राजनीति पर उसकी सेना का जवाब बढ़ रहा है। हो सकता है इमरान खान का तख्ता पलट जाए और वहां  फिर से फौजी शासन लग जाए। दुनिया भर में यह भारत की नैतिक जीत होगी । इस हमले को रोकने के क्रम में भारतीय वायु सेना का  एक विमान क्रैश हो गया और उसका घायल पायलट पाकिस्तान के  कब्जे में आ गया। भारत ने नई दिल्ली में  पाकिस्तानी दूत सैयद हैदर शाह को बुलाकर स्पष्ट शब्दों में कहा कि पाकिस्तान की हिरासत में भारतीय वायु सेना के घायल पायलट अभिनंदन वर्थमान सुरक्षा सुनिश्चित करें और  उसे बिना नुकसान पहुंचाए जल्दी से जल्दी वापस करें। अगर पाकिस्तान फौजी हमला करता है तो सबसे बड़ी दिक्कत यह है उसके सामने कि टारगेट क्या होगा और किस आधार पर वह सैनिक कार्रवाई करेगा? क्या आतंकियों पर हमले को सामने रखकर ऐसा किया जाएगा? अगर वह ऐसा करता है तो साफ जाहिर हो जाएगा कि पाकिस्तान आतंकियों के साथ है और यह उसके लिए बेहद हानिकारक होगा। अगर अपनी इज्जत बचाने के लिए पाकिस्तान कुछ कर बैठता है तो सारी दुनिया उसके खिलाफ हो जाएगी। अभी हाल में चीन ने भी बहुत दबी ढंकी   प्रतिक्रिया दी है । भारत के इस हमले से कश्मीर में पाकिस्तान की मंशा भी बेलगाम हो रही है और दुनिया देख रही है कि वहां जो कुछ भी हो रहा है उसमें पाकिस्तान की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता। अब अगर जरा भी कूटनीतिक समझ पाकिस्तान में होगी तो वह भारत पर  तरफ फौजी हमले के बारे में सोचेगा भी नहीं। लेकिन वह आत्मघातियों से भरा मुल्क है इस लिए सावधानी जरूरी है। बाकी आतंकी हमलों के लिए भारत को तैयार रहना होगा और वह तैयार है। इस बार अगर ऐसा दुस्साहस किया गया तो उसे बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी।

Wednesday, February 27, 2019

पाक के मन में भारत का डर जरूरी है

पाक के मन में भारत का डर जरूरी है

जब से पुलवामा हमला हुआ है और उसमें पाकिस्तान की शह की खबर मिली है  तबसे  लगातार विमर्श हो रहा है। कोई कहता है पाकिस्तान के दांत खट्टे कर देने चाहिए, कोई कहता है उसकी कमर तोड़ देनी चाहिए। जितने मुंह उतनी बातें। यहां तक कि जब इमरान खान ने कहा एक मौका दीजिए तो उसे इस तरह प्रचारित किया गया इमरान खान गिड़गिड़ा  रहे हैं भारत के सामने। 
मंगलवार को भारतीय वायुसेना के विमानों ने नियंत्रण रेखा पार कर जैश ए मोहम्मद के आतंकी शिविरों पर हमला किया तो भारत में खुशी की लहर दौड़ गयी। उधर इस्लामाबाद में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के समक्ष "शेम शेम" के नारे लग रहे हैं। वहां से तरह तरह की खबरें आ रहीं हैं। लेकिन यह तो साफ पता चल रहा है कि पाकिस्तान की टांगें कांप रहीं हैं।
कुछ लोग जो सामरिक विशेषज्ञ हैं उनका मानना है कि हमला तब किया जाए जब मामला ठंडा हो जाए ,मजा तभी आता है। भारत ने कुछ ऐसा ही किया है। यह अफगानियों  की रणनीति है । 18 वीं सदी में फ्रांसीसियों  ने भी इसका इस्तेमाल किया था । लेकिन अफगानियों के लिए इसे ज्यादा मुफीद माना जा सकता है। क्योंकि बदला लेना उनके जीवन का अंग है। वे बदले के लिए कई पीढ़ियों तक लड़ते रहते हैं।  1971 में पराजय का बदला लेने के लिए पाकिस्तान ने कई पीढ़ियों से युद्ध किया मगर उसे क्या मिला ? उसकी अर्थव्यवस्था ,उस की राजव्यवस्था और उसका पूरा समाज बर्बाद हो गया। क्योंकि वह बदले के साथ प्रतिकार करना नहीं सीख सका है। मंगलवार का हमला उसी बदले के साथ प्रतिकार का उदाहरण है।
       प्रतिकार एक प्रबुद्ध दिमाग उपज होती है।  प्रधान मंत्री लगातार वायदे कर रहे हैं, आंसुओं की एक एक बूंद का हिसाब लिया जाएगा। सब लोग सहमत हैं कि कुछ किया जाना चाहिए । लेकिन कब थोड़ा रुक कर इसी लिए उन्होंने यह जिम्मा सेना को सौंप दिया।
      कौटिल्य या कहें चाणक्य यह कथा याद आती है । एक बार एक कटीली झाड़ियों से फंस कर उनकी धोती फट गई उन्होंने कुछ नहीं किया। उलझी धोती को निकाल दिया और थोड़ी देर के बाद मट्ठा लेकर आए और झाड़ियों में डालने लगे । लोगों ने पूछा की जिन झाड़ियों ने ने आपकी धोती फाड़ी है उसे आप मट्ठा दे रहे हैं । चाणक्य ने कहा अगर मैं इसे काट देता तो दोबारा झाड़ी पनप जाती मट्ठे  के लोभ में सैकड़ों चीटियां आएंगी और झाड़ी को खा जाएंगी। वह फिर कभी नहीं पनपेंगीं।
       अपने इतिहास को देखें । 1962 में चीन ने भारत पर हमला किया था। उसका मकसद क्या था ? भारत की जमीन पर कब्जा करना नहीं बल्कि भारत के मन में खौफ पैदा करना था। इसके बाद चीन ने पाकिस्तान को अपना कारिंदा बना लिया। विगत 50 वर्षों से चीन भारत के खिलाफ एक छोटे से देश पाकिस्तान का इस्तेमाल कर रहा है। वह कम लागत पर डर पैदा कर रहा है।
      1971 की मिसाल है। पश्चिम से पाकिस्तान ने हमला बोला । उस समय भी इसी तरह जनमत था लेकिन वह शांति 9 महीने तक इंतजार कीं। उन्होंने सेना को तैयार किया अमरी का और चीन को रोकने के लिए रूस से संधि की। पाकिस्तान के खिलाफ दुनिया भर में माहौल बनाया। चारों तरफ से इतना शिकंजा कसा गया कि याहिया खान छटपटाना लगे और तब दिसंबर में युद्ध शुरू हुआ और पाकिस्तान को धूल चाटनी पड़ी। इसके बाद पाकिस्तान ने भारत को अस्थिर करने के लिए फौज के इस्तेमाल करने के बारे में कभी नहीं सोचा। उल्टे उसने आतंकवाद और आत्मघाती भाड़े के तत्वों को तैयार किया और छोटे-छोटे युद्ध शुरू करने लगा। भारत चाहे तो इन भाड़े के तत्वों को मार डाले पाकिस्तान को क्या फर्क पड़ता ।  आज हालात यह हैं कि हम अपनी सुरक्षा के लिए पूरी तरह सक्षम हैं। यहां वहां इसमें कुछ बदला भी लेते रहे हैं। लेकिन पाकिस्तान को रोक नहीं पा रहे हैं।  आगे क्या होगा? एक मात्र विकल्प यह  है कि हम पाकिस्तान को   उसे चुनौती दें कि वह हमारा मुकाबला करे और इस तरह खुद को भीखमंगा बना ले । मंगलवार को नियंत्रण रेखा के पार जाकर आतंकी शिविरों को नेस्तनाबूद कर  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यही नीति अपनाई। यही नहीं  पाकिस्तान इस चुनौती के जाल में फंस गया है।वह भारतीय नियंत्रण रेखा लांघने की कोशिश में अमरीका से भीख में मिला  अपना एक विमान गवां बैठा। उसकी बर्बादी अब शुरू हो चुकी है।
कुल मिलाकर दुश्मन में डर पैदा करना जरूरी है।

Tuesday, February 26, 2019

पुलवामा हमले का मुंहतोड़ जवाब

पुलवामा हमले का मुंहतोड़ जवाब

क्षमाशील हो रिपु समक्ष
तुम हुए विनीत जितना ही
दुष्ट कौरवों ( पाक) ने समझा
तुमको कायर उतना ही 
भारत ने नियंत्रण रेखा के उस पार बालाकोट में जैश ए मोहम्मद के आतंकी शिविर सहित दो अन्य ठिकानों  पर मंगलवार के  तड़के हवाई हमला कर उसे नेस्तनाबूद कर दिया। बालाकोट  मुजफ्फराबाद  से  24 किलोमीटर  उत्तर-पश्चिम है। यह  पाकिस्तान के  खैबर पख्तूनख्वा  प्रांत  में स्थित है। यह वही जगह है जहां भारतीय  सीमा पर  या फिर  अफगानिस्तान में अमरीकी सेना पर  हमले की योजना बनाई जाती  है । विदेश सचिव विजय गोखले ने इस हमले की जानकारी देते हुए बताया कि हमले में जैश ए मोहम्मद के आतंकी, उसके ट्रेनर ,उसके सीनियर कमांडेंट और कई जिहादियों को खत्म कर दिया गया। मिराज 2000 के 12 विमानों ने तड़के लगभग 3.30 बजे नियंत्रण रेखा के उस पार अचानक हमला बोल दिया और आतंकी शिविरों पर 1000 किलोग्राम बम गिराए। इस घटना की समीक्षा लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। उधर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भारतीय सेना के प्रमुख विपिन रावत तथा भारतीय सेना के प्रमुख बीएस धनोआ के साथ सुरक्षा स्थितियों की समीक्षा कर रहे हैं। विदेश सचिव ने कहा कि भारत आतंकवाद से मुकाबले के लिए सभी तरह के कदम उठाने को तैयार है। मंगलवार को जो हमला हुआ वह आतंकी शिविरों निशाना बनाकर किया गया। गोखले के अनुसार सरकार के पास इस बात की सूचना थी कि जैश ए मोहम्मद  के आतंकी भारत में दोबारा हमला करना चाहते हैं। विदेश राज्य मंत्री वीके सिंह ने सख्त लहजे में कहा की जब जब पाकिस्तान ऐसा करेगा उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
         देश के सभी राजनीतिक दलों ने इस कदम की सराहना की है। भाजपा नेता राम माधव ने कहा है कि पुलवामा हमले से दुखी सभी भारतीय इस हमले से बड़ा राहत महसूस कर रहे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि हम भारतीय वायु सेना को सलाम करते हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तो आईए एफ का नया नाम रखा "इंडियन अमेजिंग फोर्स।" केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भारतीय सेना की प्रशंसा करते हुए कहा है कि "यह मोदी का हिंदुस्तान है घर में घुसेगा भी और मारेगा भी। एक एक कतरा खून का हिसाब होगा यह तो शुरुआत है।" सरकारी सूत्रों ने बताया है इस हमले में बहुत लोग मारे गए हैं । मृतकों की संख्या 200 से 300 हो सकती है।
       केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर में कहा कि नियंत्रण रेखा के पार जाकर हमला करना जरूरी था भारतीय सुरक्षा के लिए। उन्होंने कहा कि पूरा देश हमारी फौज के पीछे खड़ा है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने इस स्थिति पर आपात बैठक बुलाई है। उधर पता चला है कि भारतीय हमले के पहले जैश ए मोहम्मद के नेताओं को शिविर से अलग कर दिया गया था। मौलाना मसूद अजहर के भाई अब्दुल रऊफ असगर को पंजाब भेज दिया गया था। हमले के बाद इंटर सर्विसेज के डायरेक्टर जनरल मेजर आसिफ गफूर ने कहा , भारतीय वायु सेना ने नियंत्रण रेखा को पार  किया है और जैसे ही उसने पार किया पाकिस्तानी वायुसेना ने उसे जवाबी हमले के लिए ललकारा और भारतीय भारतीय वायु सेना विमान लौटते समय हड़बड़ी में बालाकोट के समीप चिकोटी पर बम गिरा गए।
       विशेषज्ञों का मानना है की भारतीय वायुसेना ने आतंकी शिविरों पर हमला किया है। पाकिस्तान इस तरह नहीं कर सकता क्योंकि भारत के पास ऐसे कोई शिविर नहीं हैं। पाकिस्तान बेशक कह सकता है कि इन हमलों में कोई नहीं मरा और इस हमले को वह खारिज भी कर सकता है। लेकिन भारत सरकार इस हमले के सेटेलाइट चित्र जारी कर सकती है । या यह भी हो सकता है कि भविष्य में पाकिस्तान यह कहे इस हमले में बहुत नागरिक मारे गए।
      हमले के बाद कश्मीर में भारी तनाव व्याप्त हो गया है और सब लोग डरे हुए हैं कि आगे क्या होगा। बात चल रही है कि यह सब यहीं खत्म हो जाए तो अच्छा है। दुश्मनी और नहीं बढ़ेगी । क्योंकि अगर युद्ध होता है तो दोनों तरफ से निर्दोष लोग मारे जाएंगे । उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पर कहा कि कहीं दोनों परमाणु ताकतों के बीच युद्ध प्रारंभ न हो जाए। इस घटना के बाद कश्मीर घाटी में सैनिक बलों की एक सौ अतिरिक्त कंपनियां तैनात कर दी गई हैं।
      हमले के बाद रुपए का भाव गिर गया है। खबरों के अनुसार 3 दिन में पहली बार इस तनाव के बाद रुपए का भाव 0.4 गिरकर प्रति डॉलर 71.2475 हो गया है, जबकि निफ़्टी 0.7% गिर गया।
        इस हमले से पाकिस्तान सकते में है और वहां की सेना हैरत में है। क्या सचमुच भारत ऐसा कर सकता है। जैसा अमरीका ने पाकिस्तानी वायु सीमा में प्रवेश के लिए किया था । कुल मिलाकर पाकिस्तान में डर पैदा करने के लिए यह कदम उठाना बहुत जरूरी था और मोदी सरकार ने ऐसा करके यह बता दिया कि भारत हमले का जवाब दे सकता है।
सच पूछो ,तो शर में ही 
बसती है दीप्ति विनय की ,
संधि वचन संपूज्य उसी का
जिसमें शक्ति विजय की

Monday, February 25, 2019

नापाक विचारों को पराजित करना होगा

नापाक  विचारों को पराजित करना होगा

कश्मीर में तनाव बढ़ता जा रहा है। 23 फरवरी को सरकार ने अलगाववादियों की धरपकड़ के दौरान 150 लोगों को हिरासत में लिया। जिसमें अधिकांश जमाते इस्लामी जम्मू और कश्मीर के सदस्य थे। इसके अलावा कई और प्रशासनिक कदम उठाए गए हैं, जिसे लेकर कश्मीर में भारी आशंका व्याप्त हो गई है और लोग खाने पीने के सामान भंडार करने लगे हैं। शक है कि कहीं जंग ना हो जाए। हालांकि, पुलिस ने इसे रूटीन कार्रवाई बताया है। इधर पूरे देश में पुलवामा हमले को लेकर भारी गुस्सा व्याप्त है और देशवासी तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। अधिकांश लोग तो कह रहे पाकिस्तान के साथ युद्ध होना ही चाहिए। इसकी पृष्ठभूमि की घटनाएं और ज्यादा डर पैदा कर रही हैं। अगर भीड़ के गुस्से का समाज वैज्ञानिक विश्लेषण करें तो लगता है कि यह भारत के अभिमान पर आघात से उपजा गुस्सा ज्यादा है और पुलवामा में मारे गए जवानों की शहादत का शोक कम है। यही नहीं , इसमें सबसे चिंताजनक बात यह है कि हमारे राजनीतिक नेता जनता को यह संदेश देना चाहते हैं कि इस हमले के बाद से पाकिस्तान भारी पड़ रहा  है और उसकी 'मरम्मत' होनी चाहिए। पाकिस्तान के विरुद्ध गुस्सा जायज है। लेकिन फिलहाल जो लोगों में दिख रहा है अपनी 'हीनता ' से   उत्पन्न आवेग ज्यादा है और सही गुस्सा कम है।  एक ऐसी स्थिति बनती जा रही है जिसमें आम जनता किसी समाधान पर नहीं सोच रही है बल्कि किस पर आरोप लगाया जाए और उस आरोप के आधार पर उसे कैसे दंडित किया जाए यह सोच रही है । पुलवामा हमले का सबसे दुखद पक्ष यह नहीं है कि हमारे जवान मारे गए बल्कि उससे भी दुखद पक्ष है कि हम समझते हैं पाकिस्तान ने हमें चोट पहुंचाई है और वह हम पर भारी पड़ रहा है। पाकिस्तान भारी पड़ सकता है क्योंकि वह ऐसे काम करता रहता है। उस पर कोई अंतरराष्ट्रीय दबाव नहीं पड़ता, कोई कूटनीतिक जवाबदेही नहीं है और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे हमले उसे सबक सिखाने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। आत्म घात पर आमादा मुल्क का कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। अफगानिस्तान में अमरीका की नाकाम कोशिशें इस बात की सबूत हैं। इस समस्या का कोई आनन-फानन में हल नहीं हो सकता। पाकिस्तान इसलिए नहीं भारी पड़ जाता है कि हम में क्षमता नहीं है। हम उस पर हमला कर कुचल सकते है  और अपने लोगों की इच्छा पूरी कर सकते हैं। लेकिन कटु सत्य यह है कि हमने परंपरागत युद्ध जैसे हालात से निपटने के लिए खुफियागिरी ,गोपनीय कार्रवाई और तकनीकी क्षमता का विकास नहीं किया है। यह क्षमताएं रातोंरात नहीं विकसित होतीं। बहुत लंबा समय लग सकता है। यह कहना मुनासिब नहीं होगा कि भारतीय उदारवादी समुदाय के पास सुरक्षा समरनीति नहीं है।  इसके लिए बहुत भारी सोच और समझ की जरूरत पड़ती है । हमारी सरकार की सबसे बड़ी मजबूरी है कि वह जहां बहुत जरूरत होती है वहां हर बार रुपया नहीं लगाती । पाकिस्तान इसलिए भी यह कर पा रहा है कि कश्मीर में कट्टरवाद है और वहां अलगाववाद व्याप्त है। हम भले ही इस खुशफहमी में रहें कि कायर पाकिस्तानी सैनिक अधिकारी जो यह सब करवा रहे हैं हम से युद्ध में नहीं जीत सकते। लेकिन यह भी सच है की भुजाएं फड़काने वाले हमारे राजनीतिज्ञ कभी भी शांति नहीं कायम कर सकते हैं। दूसरे पर गुस्सा उतारना आसान है लेकिन यह स्वीकार करना बड़ा कठिन है कि विगत 5 वर्षों में कश्मीर की हालत बहुत खराब हुई है।
        मनमोहन सिंह का शासन काल एक भ्रम पूर्ण बहादुरी में खत्म हो गया। पाकिस्तान हम पर इसलिए भी यह सब कर पा रहा है कि  हमें मोटे तौर पर पाकिस्तान की तरह ही जवाब  देने पड़ रहे हैं। देश की राजनीति में बहुत दिनों से तनाव कायम था और वह अभी कायम है। राजनीतिक रुख या नागरिकता को धर्म के चश्मे से देखना तो पाकिस्तान की पुरानी आदत है लेकिन आज हमारे देश में भी कई राजनीतिज्ञ ऐसा ही कर रहे हैं । वे धार्मिक आधार पर समाज को विभाजित करने की कोशिश में लगे हैं। हम एक ऐसी संस्कृति को जन्म दे रहे हैं जो धर्म और जाति के ताने बाने से बुनी जा रही है । यहां तक कि फौज में भी जात - पांत की बात होने लगी है । पाकिस्तान ने जब  जन्म लिया तभी से वह अपनी पहचान से आहत है । वह इसलिए भी यह सब कर पा   रहा है कि हम अकेले हैं। यकीनन हमें उन देशों का इस्तेमाल करना चाहिए जो हमारी बात सुनते हैं और यह भी सही है कि पाकिस्तान के दोस्तों को हम अपने से ज्यादा करीब रखें दुश्मनों के मुकाबले । लेकिन कटु सत्य तो यह है कि हम जिओपॉलिटिक्स पर ध्यान नहीं देते। भारत और पाकिस्तान में विभेद  दुनिया की अपनी नीति है और दुनिया के देश इस बात को समझते हैं। हमें इन मनोवैज्ञानिक जटिलताओं को समझना होगा।  पाकिस्तान ऐसा देश है जिसकी जन संस्कृति भविष्य की   अवास्तविकताओं की डोर से बंधी है। यह देश दूसरे पर बेवजह थूकने के प्रयास में अपनी ही  नाक काट लेता है। भारत में भी कुछ ऐसा ही चल रहा है। पुलवामा हमले के बाद जब से बहस शुरू हुई है उसमें संतुलन और अनुपात कहीं नहीं दिख रहा है ।इस समय भारत में जो गुस्सा है व विनाशक है और खुद को ज्यादा हानि पहुंचा सकता है। दक्षिणपंथी गिरोह कश्मीर पर बहस कर रहे हैं और जो इसके विरोध में है वह राष्ट्र विरोधी है।  यह लोग अपने ही विचारों और हस्तक्षेप को पराजित होता हुआ नहीं बर्दाश्त कर सकते हैं। सच तो यह है कि पाकिस्तान को पराजित करने का विचार पाकिस्तानी शासन को पराजित करने जैसा  नहीं है। बल्कि होना तो यह चाहिए की जो पाकिस्तानी विचार है जो सोच है उसको पराजित किया जाए। चिंताजनक की बात है कि पुलवामा के बाद जो पाकिस्तानी सोच है वह भारत को भी प्रभावित करने लगा है । भारत को इन विचारों से अछूता रखना नरेंद्र मोदी की वास्तविकताओं को सबसे बड़ी चुनौती है । उन्हें इस चुनौती को फतह करनी ही पड़ेगी । यह बताने के लिए कि नेहरू  से उनके पूर्व तक  सभी शासक  कश्मीर में नाकाम रहे हैं। उम्मीद है नरेंद्र मोदी यह करेंगे।

Sunday, February 24, 2019

2019 में क्या होगा

2019 में क्या होगा

एक अजीब सवाल है सत्ता के गलियारों से लेकर कर फुटपाथ तक ,संसद से सड़क तक। सब जगह यह सवाल पूछा जा रहा है कि 2019 में क्या होगा? लोग अपने-अपने तरह से इसका उत्तर दे रहे हैं। 2019 के चुनावों की अगर इतिहास से  तुलना करें तो दो मॉडल सामने  दिख रहे हैं। पहला 1971 का मॉडल। जब इंदिरा जी ने विपक्षियों को धूल चटा दी थी। या, फिर 2004 का मॉडल जब अजेय अटल बिहारी बाजपेई फिसड्डी पार्टियों के गठबंधन से हार गए थे। यह दोनों चुनाव इसलिए भी 2019 से मिलते हैं कि दोनों स्थितियों में विपक्षियों ने एकजुट होकर दिग्गज सत्ताधीशों से जोर आजमाया था। उस समय के आंकड़े बताते हैं की ज्यादातर लोकसभा सीटों पर मुकाबले सीधे थे लेकिन दोनों के नतीजों में जमीन आसमान का फर्क आया। अब मोदी जी का क्या होगा ? इसका अनुमान लगाने के लिए पहले 2004 और  1971 के चुनावों के डायनामिक्स को समझते हैं। पहले देखते हैं 1971 की पृष्ठभूमि । 1971 के पहले 5 सालों में भारत ने दो प्रत्यक्ष युद्ध लड़े। पहला 1962 में चीन से और दूसरा 1965 में पाकिस्तान से। इसी अवधि में हमारे देश को दो अत्यंत लोकप्रिय प्रधानमंत्रियों को खोना भी पड़ा। पहले 1964 में जवाहरलाल नेहरू और दूसरे 1966 में लाल बहादुर शास्त्री। इस दौरान अमरीकी शासन भारत के प्रतिकूल था और भारत में सूखा पड़ा था। इतना भयानक सूखा कि कई स्थानों पर लोगों ने पेड़ के पत्ते खाकर गुजारा किया। ऐसे में इंदिरा जी ने सत्ता की बागडोर संभाली। उस समय कांग्रेस में सिंडिकेट बड़ा ही ताकतवर था और उसे यह गुमान था कि वह इंदिरा जी को काबू में रखेगा। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। 1969 में कांग्रेस विभाजित हो गई । कांग्रेस दो हिस्से में बंटी। एक कांग्रेस (ओ) और दूसरा कांग्रेस (आर)। कम्युनिस्टों के समर्थन से इंदिरा जी प्रधानमंत्री बनी रहीं। लेकिन जब कम्युनिस्टों  का दबाव असह्य हो गया तो इंदिरा जी ने चौथी लोकसभा को अवधि पूरी होने के पहले ही भंग कर दिया और भारत का पहले  मध्यावधि चुनाव का बिगुल बजा। मोर्चे बन गए। कांग्रेस (ओ), जनसंघ ,स्वतंत्र पार्टी और एसएसपी का गठबंधन हुआ।  जिसका नाम नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट (एनडीएफ )  रखा गया। इस गठबंधन ने " इंदिरा हटाओ लोकतंत्र बचाओ" का नारा दिया।  दूसरी तरफ इंदिरा जी ने बड़ी चालाकी से "गरीबी हटाओ" का नारा दिया। इंदिरा गांधी भारी मतों से चुनाव जीत गईं और 5 वीं लोकसभा में एन डी एफ के महज 49 सदस्य ही आ पाए। इंदिरा जी ने अथक मेहनत की। उन्होंने सैकड़ों सभाओं को संबोधित किया।  1971 के आईने में देखें तो 2019 की स्थितियों में  रहस्यमय समानता है।
      अब जरा 2004 में आते हैं । वाजपेई जी को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। पहले 1996 में 13 दिनों की सरकार बनी, फिर 1998 में 13 महीनों की सरकार बनी इसके बाद 1999 में 5 साल तक वे सत्ता पर कायम रहे । बाजपेई जी की चमक का अंदाजा इसी बात से लगता है कि वह बिल क्लिंटन की मेजबानी करने वाले प्रधानमंत्री थे। 1978 में कार्टर के बाद क्लिंटन भारत आने वाले पहले अमरीकी राष्ट्रपति थे । वाजपेई जी शांति बस लेकर लाहौर गए, पोखरण में परमाणु परीक्षण किया और कारगिल की जंग लड़े। 2004 के चुनाव में उनका जीतना लगभग निश्चित था। लेकिन ऐसा हुआ नहीं । जबकि उस दौरान जितने ओपिनियन पोल हुए सब में वाजपेई जी को जितना निश्चित बताया गया। वाजपेई जी की लोकप्रियता भाजपा से ज्यादा थी। इंडिया शाइनिंग का नारा विश्वास का आईना था। लेकिन हवा का रुख बदलने लगा और कांग्रेस ने कई पार्टियों के साथ गठबंधन की।  सारी खूबियों के बावजूद बाजपेई जी की सरकार नहीं बन सकी और सोनिया गांधी की कांग्रेस जीत गई। कई और समानताएं हैं । 2004 के चुनाव से। जैसे सहयोगियों का चुनाव तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में पुराने वादों की स्थिति इत्यादि । 
  अब सवाल उठता है मोदी जी जैसे ताकतवर नेता के लिए क्या 1971 जैसा नतीजा होगा या 2004 जैसा । यहां थोड़ा सा फर्क है। 1971 में इंदिरा गांधी के जीतने की उम्मीद बहुत कम थी जबकि 2004 में वाजपेई जी के हारने की उम्मीद बहुत कम थी। अब मोदी जी के लिए 2019 के लोकसभा चुनाव में  देश क्या फैसला करता है यह तो भविष्य बताएगा।

Friday, February 22, 2019

आखिर देश में कश्मीरियों पर हमले क्यों

आखिर देश में कश्मीरियों पर हमले क्यों

देश के कई हिस्सों में कश्मीरी छात्रों, कश्मीरी शॉल वालों और अन्य कश्मीरी लोगों पर हमलों की खबरें आ रहे हैं । यह खबरें दहशत पैदा करती हैं कि आखिर यह हो क्या रहा है? महाराष्ट्र से लेकर पश्चिम बंगाल तक कई जगहों से कश्मीरियों  पर  हमले की खबरें आ रहे हैं और इस हालात को लेकर विभिन्न नेताओं में गंभीर चिंता जताई है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि यह देश की एकता के लिए खतरनाक है यह एक विभाजन कारी राजनीति है। राष्ट्र प्रेम के नाम पर राष्ट्र के ही निवासियों को हमले का शिकार बनाना सच में कहां तक उचित है? अगर किसी नौजवान कश्मीरी से यह कहा जाता है कि इस देश के अन्य भाग में चल रहे कॉलेजों या बाजारों में उस लिए  जगह नहीं है तो यह उनमें भारी गुस्सा पैदा करेगी और संपूर्ण स्थिति जिहाद को ही हवा देगी।  पुलवामा हमले के बाद बदले हालात के अंतर्गत कश्मीरी नौजवानों पर देश के कई भागों में हमलों की  घटनायें एक तरह से लश्कर ,जैश ए मोहम्मद और आईएसआई के मंसूबों को पूरा करने का मौका दे रही हैं। पश्चिम बंगाल जैसे बहुलतावादी और प्रवासियों के लिए उदार समाज मे भी कश्मीरियों पर हमले आश्चर्यजनक हैं। पूरे देश में यह क्या हो रहा है पता नहीं चल रहा है । कश्मीरी नौजवान वापस लौटने के लिए मजबूर हो रहे हैं। कई कॉलेजों से खबर मिली है कि वहां के शासी निकायों ने भविष्य में कश्मीरी छात्रों का नामांकन नहीं करने का फैसला किया है। देहरादून में कश्मीरी मूल के एक कॉलेज शिक्षक को बर्खास्त कर दिया गया है। राष्ट्रवाद के नाम पर यह सब दक्षिणपंथी राजनीतिक  समर्थक अंजाम दे रहे हैं। यह स्पष्ट हो गया कि पुलवामा में जो हमला किया गया था वह पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन जैश ए मोहम्मद  की करतूत थी। अब किसी दूसरे के द्वारा किए गए अपराध सजा अपने देश के नौजवानों को  क्यों दी जाए? खासकर उन्हें जो अपने राज्य से बाहर शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं या फिर तिजारत में लगे हैं। यह बात समझ में आने वाली नहीं है। इन पर हमले आखिर कैसे आतंकवाद के खिलाफ युद्ध में  सहयोगी  होंगे या पाकिस्तान पर दबाव बनाएंगे? दक्षिणपंथी युवा संगठनों के नेता कभी भी तार्किक ढंग से किसी चीज पर सोचते हुए नहीं पाएं गए हैं। वे यह बात भी समझ ही नहीं सकते कि जो नौजवान अपना राज्य छोड़ कर दूसरे राज्यों में शिक्षा हासिल कर रहे हैं या व्यापार करके रोजी रोटी कमा रहे हैं वह इस्लामी आतंकवाद के खिलाफ भारत के प्रयास की सबसे अच्छी उम्मीदों में से एक है । अगर यह कश्मीरी देश के  विभिन्न भागों के कॉलेजों में या बाजारों में सम्मान पूर्वक रह सकते हैं काम कर सकते हैं तो यकीनन जिहादी मानसिकता से दूर होते जाएंगे और अपने राज्य में दूसरे नौजवानों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करेंगे।  यह भी सोचेंगे कि भारत एक ऐसा देश है जिसने उसके लिए बेहतर भविष्य का बंदोबस्त किया जो पाकिस्तान किसी कीमत पर नहीं कर सकता है। दक्षिणपंथी युवा संगठन शायद ऐसा नहीं सोचते। लेकिन कम से कम पार्टी के बड़े नेता जिनके अंतर्गत ये संगठन काम करते हैं वह तो सोच सकते हैं । अभी भाजपा के बड़े नेता अत्यंत मेधावी और सुलझे हुए विचारों के हैं । बेशक वे फिलहाल चुनाव को लेकर उलझे हुए हैं और संभवत इसीलिए संप्रदायिकता को हवा दे रहे हैं । अभी हाल में गुवाहाटी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने खुलकर कहा था वह असम को दूसरा कश्मीर नहीं बनने देंगे। इसका मतलब स्पष्ट है कि वे मुसलमानों को असम में रहने देने के पक्ष में नहीं हैं। भाजपा इसी सांप्रदायिकता चश्में से कश्मीरियों को भी देख रही है।
          देश के सभी राजनीतिज्ञ और राजनीतिक संगठन यह बात एक स्वर से बोल रहे हैं कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है । अतएव कश्मीर घाटी में इस्लामी आतंकवाद को हवा देने वाले तत्वों की पहचान कर उन्हें अलग करने के बजाय देश के अन्य भागों में इस कश्मीरियों  पर हमले कर अलगाववादी शक्तियों को ताकतवर बनाया जा रहा है। ये हमले देश को यह संदेश दे रहे हैं कश्मीरी गद्दार हैं और देश का मानस यह मान ले । पुलवामा हमले को लेकर देशभर में चल रही राजनीति पाकिस्तान को शर्मिंदा नहीं करेगी वरना आतंकवादियों को बढ़ावा देगी। कश्मीर आजादी के बाद से अब तक हिंसा शिकार होता रहा है। पुलवामा हमला उनसे थोड़ा अलग है। वह कि कश्मीरी नौजवान इस हमले में शामिल थे । यही नहीं कश्मीर में कुछ ऐसा लग रहा है जैसे हवा में जहर घुली हुई है। सेना या पुलिस की  गोलियों से शिकार लोगों की अंत्येष्टि से लेकर कलाश्निकोव उठाए 'आजादी आजादी' का नारा लगाने वाले नौजवान भारत विरोधी बन रहे हैं। यह सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। यह पूरी तरह हमारी समस्या है । अगर कश्मीर हमारा है फिर ऐसा क्यों हो रहा है? हमें इसका उत्तर खोजना ही होगा ।  यह उत्तर देश के बाकी हिस्सों में कश्मीर के प्रति विचारों में ही निहित है।